ककोलत महोत्सव 2026 की तारीख तय! 27 फरवरी से नवादा में सजेगा संस्कृति का भव्य मंच
21 फरवरी को ऑडिशन, स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मुख्य मंच पर चमकने का सुनहरा मौका
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा में एक बार फिर लोक कला और संस्कृति का महाकुंभ सजने जा रहा है। जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश के निर्देश पर 27, 28 फरवरी एवं 1 मार्च 2026 को तीन दिवसीय ककोलत महोत्सव सह अन्य सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हरिश्चंद्र स्टेडियम, नवादा में आयोजित होने वाले रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जहाँ लोक कला की शानदार प्रस्तुतियों से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो उठेगा।

जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रतिभा कुमारी ने जानकारी दी कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। इसके लिए 21 फरवरी 2026 को आम्रपाली कला केंद्र, प्रसाद बिगहा, नवादा में ऑडिशन आयोजित किया गया है।

गायन, नृत्य, लोक कला और अन्य सांस्कृतिक विधाओं से जुड़े कलाकारों से अपील की गई है कि वे ऑडिशन में भाग लेकर अपनी प्रस्तुति दें। चयनित प्रतिभागियों को महोत्सव के मुख्य मंच पर प्रदर्शन का गौरवपूर्ण अवसर मिलेगा। नवादा में संस्कृति, संगीत और लोक परंपराओं का यह संगम शहर को तीन दिनों तक पूरी तरह उत्सव के रंग में रंग देगा।




