हैरान करने वाली चोरी: बारात में जलमासा से जेवरात व कीमती सामान से भरा ट्रॉली बैग कैसे हुआ गायब, पढ़ें पूरी खबर

जयमाला के दौरान सन्नाटा पाकर अज्ञात चोरों ने 7-8 लाख के आभूषण पर किया हाथ साफ

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नरहट प्रखंड क्षेत्र के सहगाजीपुर गांव में आई एक बारात में सोमवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब जलमासा में रखा जेवरात और कीमती कपड़ों से भरा ट्रॉली बैग अज्ञात चोरों द्वारा गायब कर दिया गया। चोरी की यह वारदात उस वक्त हुई, जब बारात में शामिल सभी लोग जयमाला समारोह में गए हुए थे और जलमासा पर केवल एक वृद्ध व्यक्ति मौजूद था। 

जानकारी अनुसार सहगाजीपुर निवासी श्याम किशोर सिंह की पुत्री की शादी सोमवार को होनी थी। बारात हिसुआ थाना क्षेत्र के धुरिहार गांव से आई थी। धुरिहार निवासी मुन्ना सिंह के पुत्र कन्हैया कुमार की शादी में शामिल परिवारजन एवं अन्य लोग जयमाला में भाग लेने चले गए थे। इसी बीच जलमासा पर मौजूद वृद्ध व्यक्ति को देर रात नींद आ गई, जिसका फायदा उठाते हुए चोरों ने मौके का पूरा लाभ उठा लिया।

7-8 लाख रूपये की आभूषण हुई चोरी

चोरों ने लगभग 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा महंगे कपड़े रखे ट्रॉली बैग को चंपत कर फरार हो गए। जब लोग जयमाला के बाद लौटे, तो ट्रॉली बैग गायब पाकर अफरा-तफरी मच गई। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद डायल–112 को सूचना दी गई। सूत्रों के अनुसार चोरों ने ट्रॉली बैग से सारे कीमती सामान निकालने के बाद उसे नरहट थाना क्षेत्र के रामपुर रोड स्थित नहर के पास फेंक दिया। मंगलवार की सुबह जानकारी मिलने पर पुलिस ने ट्रॉली बैग को बरामद कर जब्त कर लिया है।

अज्ञात चोरों के खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी

लड़के के पिता मुन्ना सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी थानाध्यक्ष धन्नू कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और चोरी की घटना की तहकीकात शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य तकनीकी पहलुओं की मदद से चोरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page