गर्भवती महिला की मौत से मचा हड़कंप, निजी क्लिनिक पर लापरवाही का आरोप

गलत दवा देने के बाद बिगड़ी हालत, इलाज के दौरान गई जान; डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने थाने में दिया आवेदन, पुलिस ने शुरू की जांच
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिले के मेसकौर थाना क्षेत्र में एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है।

मृतका के परिजनों ने क्लिनिक संचालक पर गलत दवा देने और इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर मृतका के पिता ने मेसकौर थाने में लिखित आवेदन देकर दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

मृतका की पहचान मेसकौर थाना क्षेत्र के छोटकी तेतरिया गांव निवासी उपेंद्र कुमार की पत्नी सीमा कुमारी के रूप में हुई है। मृतका के पिता मनोज प्रसाद ने डॉ. सुभाष क्लिनिक के संचालक डॉ. सुभाष कुमार को अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, 21 नवंबर को अचानक पेट में दर्द होने के बाद सीमा कुमारी को गर्भावस्था से संबंधित इलाज के लिए मेसकौर स्थित डॉ. सुभाष क्लिनिक में भर्ती कराया गया था।

आरोप है कि क्लिनिक संचालक ने परिजनों को महिला के जल्द ठीक होने का भरोसा दिलाया, लेकिन दवा देने के बाद उसकी तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार गिरावट आने लगी।

परिजनों का आरोप है कि 22 नवंबर की रात महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उसे गया ले जाने की बात कही और खुद क्लिनिक छोड़कर चले गए।

इसी बीच कुछ देर बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

इधर, मृतका के पिता मनोज प्रसाद ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई
मामले में प्रभारी थानाध्यक्ष जवाहर प्रसाद वर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया गया है।

फिलहाल गर्भवती महिला की मौत के बाद निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान कथित लापरवाही का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

