वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के सम्मान से सजा वृद्धजन दिवस, बांटी खुशियां

इनर व्हील क्लब ने बुजुर्गों के साथ मनाया समारोह, रेखा रानी की बेटी वर्षा का जन्मदिन भी बना खास
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर बुद्ध विहार, बुद्धौल स्थित नालंदा मदर टेरेसा अनाथ सेवा द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक गृह में बुजुर्गों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से संचालित वृद्धाश्रम में इनर व्हील क्लब नवादा की अध्यक्ष रेखा रानी के नेतृत्व में टीम ने बुजुर्गों के साथ खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह भी शामिल हुए और बुजुर्गों को संबोधित करते हुए संचालिका बबिता कुमारी के सेवा कार्य की सराहना की।

अध्यक्ष रेखा रानी ने कहा कि बुजुर्गों को सिर्फ एक दिन का सम्मान नहीं, बल्कि हर दिन मान-सम्मान, अपनापन और देखभाल मिलनी चाहिए। इस दौरान उनकी बेटी वर्षा रानी का जन्मदिन भी बुजुर्गों के साथ केक काटकर मनाया गया। भक्ति भजनों से माहौल भावुक और खुशनुमा हो गया।

डॉ. गुलशन के नेतृत्व में मेडिकल कैंप लगाया गया। बुजुर्गों को अंगवस्त्र एवं पौष्टिक आहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में क्लब की सचिव पुष्पा कुमारी, कोषाध्यक्ष काशीश सिन्हा, आईएसओ मुस्कान कुमारी सहित अन्य सदस्य व कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में बबिता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।



