जमुई छात्रा से छेड़खानी के विरोध में ऐपवा का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

महिला सुरक्षा को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नाटक बंद कर बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे सरकार
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़खानी की घटना के विरोध में अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) की जिला इकाई ने बुधवार को नवादा में विरोध प्रदर्शन किया। राज्यव्यापी विरोध दिवस के तहत ऐपवा कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से मार्च निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भगत सिंह चौक पहुंचा। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला फूंककर विरोध जताया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमुई की घटना में शामिल आरोपियों को कड़ी सजा देने, महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कथित ‘एनकाउंटर राज’ को बंद करने की मांग उठाई। इस दौरान ‘महिलाओं को सुरक्षा देना होगा’, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नाटक बंद करो’ सहित कई नारे लगाए गए।

पुतला दहन के बाद आयोजित सभा को ऐपवा की जिला सचिव सावित्री देवी और जिला अध्यक्ष सुदामा देवी ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तथा अपराधियों में कानून का भय कम हुआ है। उन्होंने सरकार से महिलाओं और बेटियों के खिलाफ बढ़ती यौन हिंसा पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

ऐपवा नेताओं ने एनकाउंटर की कार्रवाई को कानून और संविधान के खिलाफ बताते हुए इसे रोकने की मांग की। साथ ही महिलाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।

प्रदर्शनकारियों ने यौन हिंसा की पीड़िताओं को सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता के लिए पांच लाख रुपये मुआवजा देने समेत कई मांगें सरकार के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में संजू देवी, वीणा देवी, पियारिया देवी, मानो देवी, रंजू देवी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।


