हिसुआ के प्रणय हत्याकांड पर सियासी पारा चढ़ा, पूर्व सांसद समेत JDU-RLM के दिग्गज पहुंचे पीड़ित परिवार के दरवाजे

बाइक सटने से शुरू हुआ मामूली विवाद बना खूनी वारदात, 24 वर्षीय प्रणय की मौत के बाद नेताओं ने उठाए गंभीर सवाल—‘CCA का अभियुक्त खुलेआम कैसे घूम रहा था?’
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के हिसुआ नगर परिषद क्षेत्र के पांचूगढ़ मोहल्ले में हुए चर्चित प्रणय कुमार उर्फ पीयूष हत्याकांड के बाद अब मामले में सियासी हलचल भी तेज हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार से मिलने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने के लिए गुरुवार को जदयू और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल हिसुआ पहुंचा। नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

जहानाबाद के पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी, दरभंगा के जदयू विधायक राजेश मंडल उर्फ ईश्वर मंडल, जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुशवाहा, बिहार राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद, जदयू प्रदेश सचिव राजीव रंजन पटेल तथा राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष चंद्रवंशी समेत कई वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।

बाइक की टक्कर से शुरू हुई कहासुनी, कुछ ही देर में बरसने लगीं गोलियां
बताया गया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे टीएस कॉलेज के पास प्रणय कुमार भारती की बाइक एक बुलेट और स्कॉर्पियो से सट गई थी। इसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला शांत हो गया था। आरोप है कि कुछ देर बाद बगोदर गांव की ओर से 20 से 30 हथियारबंद युवक ब्रेजा और स्कॉर्पियो समेत एक बुलेट पर सवार होकर पांचूगढ़ मोहल्ले में पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में शिक्षक मनीष भारती के 24 वर्षीय पुत्र और बीए पार्ट-1 के छात्र प्रणय कुमार भारती की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के चंदन कुमार और अखिलेश कुमार के घायल होने की भी बात सामने आई है।
घटना के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और शव रखकर हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग को करीब 5 से 7 घंटे तक जाम कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से ब्रेजा, स्कॉर्पियो और बुलेट को जब्त किया, हालांकि आक्रोशित लोगों ने वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और नवादा एसपी अभिनव धीमान स्वयं हिसुआ पहुंचे थे। पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।

‘अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे’, नेताओं ने मुख्यमंत्री तक रिपोर्ट पहुंचाने की कही बात
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान नेताओं ने घटना पर गहरी संवेदना जताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। पूर्व सांसद चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा कि सरकार कानूनी प्रक्रिया के तहत अपराधियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कमिटी के डेलिगेट के रूप में वे परिजनों से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं। पूरी रिपोर्ट पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष रखी जाएगी।

‘जब मुख्य आरोपी CCA का अभियुक्त था तो खुलेआम कैसे घूम रहा था?’
नेताओं ने सबसे बड़ा सवाल मुख्य आरोपी को लेकर उठाया। उनका कहना था कि यदि आरोपी पहले से CCA का अभियुक्त था, तो वह खुलेआम घूमकर इस तरह की गंभीर वारदात को अंजाम देने की स्थिति में कैसे पहुंचा?
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जिला प्रशासन ने एसआईटी गठित कर दी है और फरार आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कुर्की-जब्ती समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नेताओं ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय का भरोसा भी दिलाया।
मौके पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा जिलाध्यक्ष विनय कुशवाहा, जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष जीवन लाल चंद्रवंशी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, मोहन चंद्रवंशी, प्रदेश महासचिव मोसाफिर कुशवाहा, जदयू नेत्री शोभा देवी, मनोज कुशवाहा, अरविंद चंद्रवंशी, रवि चंद्रवंशी समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।

