हिसुआ गोलीकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन! मुख्य आरोपी नीरज उर्फ कारू के घर छापा, दो गिरफ्तार

प्रणय भारती हत्याकांड में SIT की ताबड़तोड़ कार्रवाई, जख्मी हालत में पकड़े गए दो प्राथमिक अभियुक्त; अब अवैध संपत्ति पर भी पुलिस की नजर
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार
नवादा। हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचूगढ़ गांव में 1 सितंबर को हुई गोलीबारी में युवक प्रणय भारती की मौत के बाद नवादा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) गठित कर आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ अभियान शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को SIT ने मुख्य आरोपी नीरज कुमार उर्फ कारू के बगोदर स्थित आवास पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज बरामद किए।

मुख्य आरोपी के घर पहुंची SIT, दस्तावेज बरामद
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक के परिजनों के आवेदन पर हिसुआ थाना में 2 सितम्बर को कांड संख्या 508/26 दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी मगध क्षेत्र गया के आदेश पर एसपी नवादा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया। जिसके बाद 3 सितंबर बुधवार को SIT में शामिल SDPO सदर-1, SDPO सदर-2, SHO हिसुआ, डीआईयू टीम और सशस्त्र बल ने मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार उर्फ कारू के बगोदर स्थित आवास पर छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं।

जख्मी हालत में दो प्राथमिक अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दो प्राथमिक अभियुक्तों को जख्मी हालत में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बगोदर गांव निवासी विजय सिंह के पुत्र चंदन कुमार उर्फ पचाही तथा भदसेनी गांव निवासी नवल किशोर सिंह के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों का क्रिडेंस हॉस्पिटल, नवादा में पुलिस अभिरक्षा में इलाज चल रहा है।

अब आरोपियों की संपत्ति की भी होगी जांच
छापेमारी में बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस अब आरोपियों द्वारा कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद BNSS की धारा 107 के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही न्यायालय से वारंट, इश्तिहार एवं कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। ऐसे में आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और तेज होने के संकेत हैं।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
गोलीकांड के बाद सोशल मीडिया पर कथित रूप से जातीय उन्माद फैलाने वाली और भ्रामक पोस्ट को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने कहा है कि ऐसे पोस्ट करने वालों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

एसपी की आम लोगों से अपील
नवादा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर भरोसा न करें, न ही उसे आगे साझा करें। किसी भी संदिग्ध पोस्ट की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बता दें कि पांचूगढ़ गोलीकांड में SIT की कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच में जुटी है।

