तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान युवक ने तोड़ा दम; हादसे के बाद सड़क पर उतरे ग्रामीण, घंटों ठप रहा आवागमन
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। गुरुवार की सुबह एक युवक के लिए अपने दोस्त को ससुराल पहुंचाकर घर लौटना आखिरी सफर साबित हुआ। रोह थाना क्षेत्र के रोह महादलित टोला निवासी 20 वर्षीय बादल मांझी की बाइक को रूपौ थाना क्षेत्र के बुधौली मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बादल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि बादल मांझी अपने दोस्त को बाइक से उसकी ससुराल पहुंचाने गया था। दोस्त को ससुराल पहुंचाने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान बुधौली मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बादल को इलाज के लिए रोह पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने नवादा-रोह पथ को जाम कर दिया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

ग्रामीणों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की जल्द पहचान कर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की भी मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और पूरे मामले की जांच में जुटी है।


Recent Comments