HomeBreaking Newsमॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में तर्क और...

मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में तर्क और प्रतिभा का महाकुंभ, वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हुनर का बिखेरा जलवा

ग्रेगर जॉन मेंडल जयंती सप्ताह पर आयोजित प्रतियोगिता में जलवायु परिवर्तन, डिजिटल लर्निंग और सोशल नेटवर्किंग जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने रखे दमदार तर्क, डॉ. अनुज सिंह ने बढ़ाया उत्साह

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार 

नवादा। आधुनिक आनुवंशिकी के जनक एवं महान वैज्ञानिक ग्रेगर जॉन मेंडल की जयंती सप्ताह के अवसर पर मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ के बहुउद्देशीय सभागार में मंगलवार को भव्य वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर अपने प्रभावशाली तर्कों से सभी को प्रभावित किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावी अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास तथा समकालीन मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मॉडर्न शैक्षणिक समूह के निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने महान वैज्ञानिक ग्रेगर जॉन मेंडल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आलोचनात्मक सोच, तार्किक विश्लेषण, प्रभावी संचार कौशल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का भी विकास होना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन तीन सत्रों में किया गया। प्रथम सत्र में कक्षा पाँचवीं एवं छठी के विद्यार्थियों ने “जलवायु परिवर्तन”, द्वितीय सत्र में सातवीं एवं आठवीं के विद्यार्थियों ने “डिजिटल लर्निंग”, जबकि तृतीय सत्र में नौवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों ने “सोशल नेटवर्किंग का युवाओं पर दुष्प्रभाव” विषय पर पक्ष एवं विपक्ष में तथ्यपूर्ण और प्रभावशाली तर्क प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, विषय की गहराई और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित शिक्षकों एवं अभिभावकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

कार्यक्रम के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल बताया। इस सफल आयोजन में विद्यालय के विज्ञान शिक्षक गोपाल कृष्ण, पंकज पांडेय, कमलेश, गौरव कुमार एवं सूरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों के सहयोग और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों के नियमित आयोजन का संकल्प दोहराया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

You cannot copy content of this page