आधी रात चीख सुनकर दौड़े परिजन, सांप को मार डाला लेकिन नहीं बच सकी बच्चे की जान • सदर अस्पताल में डॉक्टरों की तमाम कोशिशें रहीं नाकाम, परिवार में मचा कोहराम
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत नेमदारगंज थाना क्षेत्र के दीरी गांव में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। घर के एक ही बिस्तर पर पिता समेत चार लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी मौत दबे पांव कमरे में दाखिल हुई और परिवार के सबसे मासूम सदस्य को अपना शिकार बना लिया। सर्पदंश से 10 वर्षीय किशोर कृष कुमार की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मृतक की पहचान दीरी गांव निवासी अरविंद चौधरी के 10 वर्षीय पुत्र कृष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार की रात कृष अपने पिता समेत परिवार के चार सदस्यों के साथ एक ही बेड पर सो रहा था। इसी दौरान एक विषैला सांप बिस्तर तक पहुंच गया और सो रहे कृष को डस लिया। अचानक दर्द से तड़पते हुए कृष चीख पड़ा, जिससे पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई।

बच्चे की चीख सुनते ही परिजन कमरे की ओर दौड़े। सर्पदंश की जानकारी मिलते ही घर में हड़कंप मच गया। इसी बीच कमरे से भाग रहे सांप को परिजनों ने घेरकर पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद मृत सांप को साथ लेकर परिजन आनन-फानन में कृष को इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे की जान बचाने के लिए भरसक प्रयास किया। एंटी-स्नेक वेनम समेत आवश्यक उपचार दिए गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद कृष को नहीं बचाया जा सका। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कृष की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सदर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मां की चीखें सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जाता है कि कृष अपने पिता की पहली संतान था और पढ़ाई में भी काफी होनहार था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
“एक पल में उजड़ गए सपने”
जिस बच्चे की किलकारियों से घर-आंगन गूंजता था, उसी मासूम की अर्थी उठने की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। ग्रामीणों के अनुसार, कृष बेहद मिलनसार और प्रतिभाशाली बच्चा था। उसकी मौत ने गांव के लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है।


Recent Comments