हॉस्टल से घर लौटा था मासूम, अगले ही दिन मिली लाश: नवादा में स्कूली छात्र की निर्मम हत्या से सनसनी

ईंट भट्ठा के पास फेंका मिला छात्र का शव, परिजनों के चीख-पुकार से गूंज उठा गांव, तीन सप्ताह में आधा दर्जन हत्याएं, अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस से दहशत में जिलेवासी, एफएसएल और डीआईयू टीम जांच में जुटी, पुलिस ने जल्द खुलासे का किया दावा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। हत्या, लूट और आपराधिक घटनाओं की बढ़ती वारदातों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालात ऐसे हैं कि लोग अपने बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर महसूस कर रहे हैं। इसी बीच हिसुआ थाना क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। हिसुआ थाना क्षेत्र के धमौल गांव में अपराधियों ने एक स्कूली छात्र की हत्या कर उसका शव ईंट भट्ठा के समीप फेंक दिया। मृतक की पहचान धमौल गांव निवासी सुबोध प्रसाद के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर हिसुआ थाना पुलिस, एफएसएल टीम तथा डीआईयू की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पिता सुबोध प्रसाद ने बताया कि हिमांशु गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कुतरूचक स्थित एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। वह रविवार को घर आया था, लेकिन किसी ने यह नहीं सोचा था कि कुछ ही दिनों बाद उसका शव गांव के बाहर ईंट भट्ठा के पास मिलेगा। बुधवार को उसकी हत्या कर शव फेंक दिए जाने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मां, पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम छात्र की मौत से ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश और भय का माहौल है।इधर, सदर एसडीपीओ-2 राहुल कुमार ने बताया कि छात्र की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। एफएसएल और अन्य जांच एजेंसियों की मदद से मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।

तीन सप्ताह में आधा दर्जन हत्याएं, कानून-व्यवस्था पर उठने लगे सवाल

नवादा जिले में बीते तीन सप्ताह के दौरान आधा दर्जन से अधिक हत्याओं की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही आपराधिक वारदातों ने लोगों के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। ताजा घटना ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page