पृथ्वी दिवस पर मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में प्रतिभा और पर्यावरण का अनोखा संगम

मेधावी छात्रों का सम्मान, साथ ही वृक्षारोपण कर दिया प्रकृति बचाने का संदेश- “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” के नारों से गूंजा विद्यालय परिसर

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा के प्रख्यात मॉडर्न शैक्षणिक समूह की शाखा मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, कुंती नगर में बुधवार को एक ऐसा आयोजन देखने को मिला, जहां एक ओर सीबीएसई दसवीं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, वहीं दूसरी ओर विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रार्थना सभा से हुई, जिसके बाद विद्यालय परिसर में सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया।

इस दौरान हजारों छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार की उपस्थिति ने माहौल को उत्साह से भर दिया। विद्यालय के निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने अन्य छात्रों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि वे इन मेधावी छात्रों से सीख लेकर अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करें।

सम्मान समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मेडल, प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रमुख रूप से आदित्य राज (90%), उत्कर्ष (90%), आकाशदीप (88%), सन्नी कुमार (86%), सत्यम दांगी (86%), मणिकांत (86%), रजनीश (86%), गोलू (86%), प्रांजल (85%), रोशन (84%) सहित दर्जनों विद्यार्थियों को मंच पर सम्मान मिला।

विद्यालय के उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय ने छात्रों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। वहीं वरिष्ठ शिक्षक डॉ. धर्मवीर सिन्हा ने शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में सफलता तक सीमित नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और सशक्त व्यक्तित्व निर्माण का माध्यम है।

पृथ्वी दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम के दौरान विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में निदेशक डॉ. अनुज सिंह ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में पेड़-पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल करे।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” जैसे नारों के साथ जागरूकता फैलाने का प्रयास किया और स्वच्छता व हरियाली बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल संचालन में विष्णु कांत तिवारी, समुद्र शंकर कर, दीपक प्रुष्टि, उमेश पांडेय, सत्या पांडेय, शांभवी, मनोज कुमार सहित विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह आयोजन न सिर्फ छात्रों की उपलब्धियों का जश्न बना, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का एक प्रेरणादायक संदेश भी दे गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page