नवादा में साइबर अपराधियों पर सर्जिकल स्ट्राइक, वारिसलीगंज को ‘जामताड़ा’ नहीं बनने देगी नवादा पुलिस
बल्लोपुर में छापेमारी, 3 साइबर ठग गिरफ्तार; एक नाबालिग भी शामिल
Report by Nawada News Xpress

नवादा जिले में तेजी से पैर पसार रहे साइबर अपराध पर नकेल कसने के लिए वारिसलीगंज पुलिस ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वारिसलीगंज के बल्लोपुर गांव में छापेमारी कर 3 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जो इस पूरे मामले को और गंभीर बनाता है।

एसआईटी की कार्रवाई, मोबाइल और कस्टमर डेटा बरामद
पकरीबरावां एसडीपीओ रंजन कुमार भास्कर के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने गुप्त सूचना के आधार पर वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बल्लोपुर गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने मुड़कटवा मोड़ के दक्षिण स्थित सरकारी पइन के पास बेल के पेड़ के समीप कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। मौके से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले 3 एंड्रॉयड मोबाइल और 3 पेज का कस्टमर डेटा बरामद किया गया।

लोन दिलाने के नाम पर हो रहा था ठगी
एसडीपीओ ने प्रेसवार्ता में बताया कि गिरफ्तार साइबर अपराधी न सिर्फ बिहार बल्कि अन्य राज्यों के लोगों को भी अपना शिकार बना रहे थे। ये आरोपी बैंकों से लोन दिलाने का झांसा देकर प्रोसेसिंग चार्ज के नाम पर 1 हजार से 10 हजार रुपये तक वसूल रहे थे। इस मामले में वारिसलीगंज थाना कांड संख्या- 277/26 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

कम उम्र में अपराध की ओर बढ़ते कदम, नाबालिग की संलिप्तता चिंता का विषय
इस कार्रवाई में एक नाबालिग की गिरफ्तारी ने पुलिस और समाज दोनों की चिंता बढ़ा दी है। कम समय में अमीर बनने की चाहत युवाओं और बच्चों को साइबर अपराध की दलदल में धकेल रही है।

गिरफ्तार इन आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में बल्लोपुर निवासी विजय प्रसाद का पुत्र विकास कुमार (18 वर्ष) और दौलतपुर निवासी कृष्णा महतो का पुत्र सत्येंद्र कुमार (30 वर्ष) शामिल हैं, जबकि तीसरा आरोपी नाबालिग है।
जड़ से खत्म करेंगे साइबर अपराध
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार सैनी ने स्पष्ट कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और वारिसलीगंज को किसी भी हाल में ‘जामताड़ा’ नहीं बनने दिया जाएगा।

