शादी के 6 दिन पहले मातमः कार्ड बांटने निकला दूल्हा सड़क हादसे में हुआ मौत का शिकार

28 अप्रैल को उठनी थी बारात लेकिन उससे पहले उठ गई अर्थी, घर में गूंजने वाली शहनाई बदली चीख-पुकार में, घायल दोस्त लड़ रहा जिंदगी-मौत से जंग, परिवारों में पसरा मातम, नवादा की सड़कें बनीं काल

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा में शादी की खुशियों के बीच ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अपनी ही शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने निकला दूल्हा सड़क हादसे का शिकार हो गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना रूपौ थाना क्षेत्र के कनौलिया गांव के पास की है, जहां पकरीबरावां थाना क्षेत्र के तरहारा गांव निवासी बालक यादव के 30 वर्षीय पुत्र दिलीप कुमार अपने दोस्त रंजन कुमार के साथ बाइक से निमंत्रण देने निकले थे।

28 अप्रैल 2026 को दिलीप की बारात निकलनी थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही उनकी बाइक ग्रामीण सड़क से निकलकर नवादा-रोह-कौआकोल पथ (एनएच-82) पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने बाइक सवार दोनों युवकों को उन्हें रौंदकर फरार हो गया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत रोह पीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने दिलीप कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रंजन कुमार को विम्स पावापुरी रेफर किया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रूपौ थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद भाग रहे बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है और चालक सह मालिक कृष्णा कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी का घर मातम में बदल गया। जहां शहनाई बजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि इसी दिन जिले के रजौली में भी सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जिससे नवादा के लिए यह दिन किसी काले दिन से कम नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page