बाल कलाकारों की देशभक्ति और भक्ति से सराबोर प्रस्तुतियों ने बांधा समा, निदेशक डॉ अनुज ने जनकपुर मंदिर शिलान्यास को बताया ऐतिहासिक क्षण
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार

नवादा के हिसुआ मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में सावन मास, रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के बाल कलाकारों ने शिक्षकों के निर्देशन में देशभक्ति और भक्ति गीतों पर ऐसी

मनमोहक प्रस्तुतियां दी कि पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ अनुज सिंह, उपनिदेशक संजय कुमार, प्राचार्य व उप प्राचार्य एवं वरीय हिन्दी शिक्षक द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।

ऐसे आयोजनों से बच्चों में होता है सर्वांगीण विकास: डॉ अनुज
इस मौके पर डॉ अनुज सिंह ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय समय-समय पर ऐसे आयोजन करता है। उन्होंने 8 अगस्त 2025 को बिहार के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि

अयोध्या की तर्ज पर जनकनंदिनी माता सीता की जन्मभूमि पर एक भव्य मंदिर का शिलान्यास गृह मंत्री अमित शाह करने जा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने कलाकारों को आशीर्वाद देते हुए जीवन में सफलता की शुभकामनाएं दी।

बच्चों ने देशभक्ति और भक्ति गीतों से बांधा समा
कार्यक्रम की शुरुआत निशा, सुमन और उनके समूह के स्वागत गीत से हुई। नर्सरी वर्ग के बच्चों ने “जय हो…” गीत पर ऐसा नृत्य प्रस्तुत किया कि दर्शक झूम उठे। यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने “मेड इन इंडिया…”

गीत पर नृत्य कर विकसित भारत की झलक दिखाई। वहीं, वर्ग अष्टम की छात्राओं द्वारा “नाचे कांवरिया शिव के नगरिया” की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया और सभागार में देवघर की झलक दिखाई दी।

प्राचार्य व उप-प्राचार्य ने बच्चों की प्रस्तुतियों को खूब सराहा
प्राचार्य योग लाल चौधरी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में संस्कृति और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। उप-प्राचार्य सायन मुखर्जी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। कार्यक्रम की सफलता में वरीय शिक्षक एसके रंजन, प्रवीण कुमार पंकज, प्रवीण कुमार सिंह, सुधीर कुमार, गोपाल कृष्ण सहित कई शिक्षकों का योगदान रहा।

कलाकारों को मंच पर निखारने में महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी, जोनाफा राय, अरुंधती घोष, सुमित्रा सुब्बा, मनीषा, संध्या, प्रीति और स्नेहा का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। मंच पर देशभक्ति और भक्ति का संगम देखते ही बन रहा था, जो दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।


Recent Comments