नवादा विधि कॉलेज में अब होगी एलएलएम की पढ़ाई, बीसीआई ने दी मंजूरी

प्राचार्य डॉ डीएन मिश्रा ने बताया कानून स्नातकों को जिले में ही मिलेगी उच्च विधि शिक्षा की सुविधा, तय मानकों के अनुरूप होगी पढ़ाई
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। नवादा के विधि महाविद्यालय में उच्च विधि शिक्षा का रास्ता अब साफ हो गया है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने मगध विश्वविद्यालय, बोधगया से संबद्ध नवादा विधि महाविद्यालय में एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) पाठ्यक्रम के संचालन को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।

इसकी जानकारी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ डीएन मिश्रा ने दी। प्राचार्य डॉ डीएन मिश्रा ने बताया कि बीसीआई की ओर से निर्धारित नियमों, मानकों और शर्तों के आधार पर महाविद्यालय में एलएलएम कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इससे नवादा जिले और आसपास के क्षेत्रों के कानून स्नातकों को उच्च विधि शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने बताया कि एलएलएम में प्रवेश के लिए मान्यता प्राप्त कानून की स्नातक डिग्री यानी एलएलबी धारक अभ्यर्थी ही पात्र होंगे। पाठ्यक्रम की अवधि, प्रवेश की पात्रता, सीटों की संख्या समेत अन्य शैक्षणिक मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। डॉ मिश्रा ने बताया कि बीसीआई ने पाठ्यक्रम संचालन को लेकर कई महत्वपूर्ण शर्तें निर्धारित की हैं।

एलएलएम की पढ़ाई केवल वैध एवं नियमित माध्यम से ही संचालित होगी। अनधिकृत ऑनलाइन, दूरस्थ, पत्राचार, हाइब्रिड अथवा केवल सप्ताहांत मोड में पाठ्यक्रम चलाने की अनुमति नहीं होगी। प्राचार्य ने कहा कि संस्थान में एलएलएम पाठ्यक्रम के संचालन के लिए आवश्यक स्थायी शिक्षक, समृद्ध पुस्तकालय, शोध सुविधाएं और ई-संसाधन उपलब्ध कराना होगा।

पाठ्यक्रम का संचालन बीसीआई और विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुरूप ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एलएलएम की पढ़ाई शुरू होना नवादा के विधि महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे कानून के क्षेत्र में आगे की पढ़ाई और विषेशज्ञता हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अपने जिले में ही बेहतर अवसर मिल सकेगा।


