स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के आगमन को लेकर जदयू ने कसी कमर

13 अक्टूबर के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर मंथन, प्रखंड व पंचायत स्तर पर प्रचार-प्रसार तेज करने का निर्देश
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। आगामी 13 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नवादा आगमन को लेकर रविवार को जिला जदयू कार्यालय के सभागार में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष राज किशोर प्रसाद दांगी ने की, जबकि मंच संचालन वरीय उपाध्यक्ष सह कार्यालय प्रभारी किशोरी सिंह ने किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बाद निशांत कुमार सर्वमान्य नेता के रूप में उभर रहे हैं। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत से जुटेगा।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारी को लेकर सभी प्रखंड अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में पंचायत अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में संबंधित प्रभारी भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सभी प्रखंड अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर से प्रखंडों एवं पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम से जोड़ें।

बैठक में पार्टी संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक सक्रिय करने तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। नेताओं ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री का नवादा आगमन पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है और इसे सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

बैठक में अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातून, हरि कृपाल, शोभा देवी, दीपक कुमार मुन्ना, राजीव रंजन, जीवनलाल चंद्रवंशी, ललन कुशवाहा, मोहन सिंह, मीडिया प्रभारी तन्ने पठान, फखरुद्दीन अली चामो, निजाम खान कल्लू, राजेंद्र प्रसाद ज्योति, अनुरुद्ध प्रसाद, रामाश्रय प्रसाद सिंह, रामाश्रय प्रसाद, अनवर भट्ट, फैज आरफीन, दिनेश यादव, वरुण कुमार वर्मा, मनोज कुमार, सुबोध यादव, लड्डू, गुलशन कुमार, अर्जुन चंद, देश प्रेमी धर्मेंद्र कुमार, गया प्रसाद, संजय चौधरी, अनिल साव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


