पांच डिसमिल जमीन के विवाद में खूनी खेल, एक की मौत, 15 नामजद, 3 गिरफ्तार

एक की मौत, 15 नामजद, 3 गिरफ्तार

दरियापुर में बाउंड्री को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले; मौत के बाद शव रखकर वारिसलीगंज-खराट मुख्य पथ जाम, एसपी अभिनव धीमान पहुंचे घटनास्थल

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में करीब पांच डिसमिल जमीन को लेकर चला आ रहा विवाद सोमवार की सुबह हिंसक झड़प में बदल गया। बाउंड्री देने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में करीब 30 वर्षीय मीनू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को दरियापुर गांव के समीप वारिसलीगंज-खराट मुख्य पथ पर रखकर सड़क जाम कर दिया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की।

ads

मृतक के पिता कृष्णा महतो के अनुसार, घर के समीप करीब पांच डिसमिल जमीन को लेकर पड़ोसी पक्ष से पहले से विवाद चल रहा था। सोमवार की सुबह जमीन पर बाउंड्री देने का काम शुरू किया गया था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई, जिसमें मीनू महतो गंभीर रूप से घायल हो गए।

advertisment

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान मीनू महतो की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया।

ads

घटनास्थल पर पहुंचे एसपी अभिनव धीमान

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नवादा अभिनव धीमान भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। एसपी ने घटना में संलिप्त आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और वादी से पूछताछ में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीन विवाद होने की बात सामने आई है। इसी विवाद के कारण सोमवार की सुबह मारपीट की घटना हुई।

advertisement

15 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी, तीन गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि वादी के आवेदन के आधार पर वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 688/26 दर्ज किया गया है। मामले में कुल 15 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।

Ad

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। बता दें कि मौत के बाद दरियापुर गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल है। पुलिस गांव में निगरानी बनाए हुए है ताकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रहे।

ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page