नवादा में दिल दहला देने वाली घटना: दो मासूम बच्चियों की मौत के बाद फंदे से लटका मिला मां का शव, जांच में जुटी पुलिस

शहर के पार नवादा स्थित दर्जी मुहल्ले में एक ही परिवार की तीन मौतों से मचा कोहराम, पति विदेश में करता है काम, घटना के पीछे की वजह अब भी रहस्य

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा शहर के पार नवादा स्थित दर्जी मुहल्ले में सोमवार को एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ही परिवार की दो मासूम बच्चियों और उनकी मां की मौत की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी मो. ताहिर के घर की बहू निदा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। साथ ही उसकी करीब डेढ़ वर्ष और तीन वर्ष की दो मासूम बेटियों की भी जान चली गई। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक बच्चियों के पिता खाड़ी देश में इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। घटना के वक्त घर में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और परिवार में कोहराम मच गया।

आखिर क्या हुआ था घर के अंदर?

इस घटना ने सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिनके बीच एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं? घटना के पीछे घरेलू विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य वजह थी—इसका जवाब फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच समेत अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के बाद ही मौतों की वास्तविक परिस्थितियों और घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस हर संभावित पहलू की पड़ताल में जुटी है। वहीं, एक साथ तीन मौतों की खबर से दर्जी मुहल्ले में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर अभी अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम व फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page