“जहां कैदियों की होती है जिंदगी बंद, वहीं माताओं ने बो दिए 151 ‘उम्मीद के पेड़’… वजह जानकर दिल छू जाएगा!”
इनर व्हील क्लब की सदस्यों ने पौधों की पूजा-अर्चना कर शुरू की अनोखी मुहिम, अब जेल परिसर में कैदियों के लिए उगेंगे फल और हरियाली
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा में कुछ माताओं ने ऐसा संकल्प लिया, जिसकी हरियाली आने वाले वर्षों तक दिखाई देगी। इनर व्हील क्लब नवादा की सदस्यों ने नवादा जेल परिसर में 151 फलदार पौधों का पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की। खास बात यह रही कि पौधारोपण से पहले पौधों की पूजा-अर्चना और आरती कर उनके बेहतर भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत जेलर नीतीश कुमार द्वारा फीता काटकर की गई। इसके बाद क्लब की प्रेसिडेंट रेखा रानी के नेतृत्व में सदस्यों ने परिसर में फलदार पौधे लगाए। पौधों को सिर्फ लगाने तक सीमित नहीं रखने, बल्कि उन्हें बच्चों की तरह पालने और सिंचने का संकल्प भी लिया गया।

इस मौके पर प्रेसिडेंट रेखा रानी ने कहा कि पौधे धरती की जान हैं और पशु-पक्षी धरती की शान। पेड़-पौधे लगाने से पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, लोगों को शुद्ध हवा और ऑक्सीजन मिलेगी तथा प्रकृति का संतुलन बेहतर होगा। उन्होंने लोगों से ‘पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ और धरती को हरा-भरा बनाओ’ का संदेश दिया।

जेल में पौधारोपण के पीछे है खास मकसद
इनर व्हील क्लब की इस पहल का उद्देश्य सिर्फ जेल परिसर को हरा-भरा बनाना नहीं है। लगाए गए फलदार पौधों से आने वाले समय में जेल में रहने वाले कैदियों को भी फलों का लाभ मिल सकेगा। यानी आज लगाए गए पौधे भविष्य में यहां रहने वाले लोगों के लिए फल और छांव का सहारा बनेंगे।

क्लब की सदस्यों का मानना है कि पौधा लगाना केवल पर्यावरण बचाने का काम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रकृति की विरासत तैयार करना भी है। कार्यक्रम में प्रेसिडेंट रेखा रानी, सेक्रेटरी पुष्पा कुमारी, एडिटर जय लक्ष्मी सिन्हा, वाइस प्रेसिडेंट अंजना सिन्हा और आशा देवी सहित क्लब की सदस्य मौजूद रहीं।

