सावन की हरियाली में खिला दोस्ती का रंग, इनर व्हील क्लब नवादा ने मनाया सावन महोत्सव

हरी चूड़ियों और सोलह श्रृंगार में सजीं महिलाएं, सावन गीतों पर जमकर थिरकीं; फ्रेंडशिप बैंड बांधकर दोस्ती के रिश्ते को दिया खास अंदाज

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। सावन की फुहार, हरियाली की खूबसूरती और दोस्ती की मिठास… इन तीनों का खूबसूरत संगम उस समय देखने को मिला, जब इनर व्हील क्लब नवादा की महिलाओं ने क्लब की सदस्य सावित्री बरनवाल के जैन धर्मशाला के समीप स्थित आवास पर सावन महोत्सव एवं फ्रेंडशिप डे का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं ने हरे परिधानों, हरी चूड़ियों और सोलह श्रृंगार से सावन की रंगत को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने स्वरुचि भोजन, नाश्ता, ठंडा एवं चाय का आनंद लिया। क्लब की प्रेसिडेंट रेखा रानी ने सभी सदस्यों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए सावन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन का महीना प्रकृति के सौंदर्य, हरियाली और उमंग का प्रतीक है। इस पावन महीने में भगवान शिव की कृपा और माता पार्वती का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, यही कामना है।

राखी के लोकगीत से लेकर सावन गीतों तक, खूब जमा रंग

कार्यक्रम में रक्षाबंधन की भावनाओं को भी खास अंदाज में प्रस्तुत किया गया। सदस्यों ने भाई-बहन के अटूट प्रेम पर आधारित सुंदर लोकगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद सावन और दोस्ती के गीतों पर महिलाओं ने जमकर उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया।

फ्रेंडशिप बैंड ने बनाया रिश्ते को और खास

फ्रेंडशिप डे के अवसर पर सभी सदस्यों ने एक-दूसरे की कलाई पर फ्रेंडशिप बैंड बांधा और उपहार देकर दोस्ती के रिश्ते को और मजबूत किया। इस दौरान सदस्यों ने कहा कि सच्ची दोस्ती में न स्वार्थ होता है और न ही छल-कपट। इनर व्हील क्लब की सदस्याएं एक-दूसरे का हाथ थामकर सामाजिक प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने और समाजसेवा के कार्यों में योगदान देने का संकल्प भी साझा करती हैं।

क्लब की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा

कार्यक्रम में क्लब की वाइस प्रेसिडेंट कुमारी अंजना सिन्हा ने इनर व्हील क्लब के कार्यों, उद्देश्यों और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्लब के माध्यम से समाजहित में किस तरह कार्य किए जाते हैं और नवादा में क्लब की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए भविष्य में किन क्षेत्रों में काम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में प्रेसिडेंट रेखा रानी, सेक्रेटरी पुष्पा कुमारी, ट्रेजरर कशिश सिन्हा, वाइस प्रेसिडेंट कुमारी अंजना सिन्हा, एडिटर जय लक्ष्मी सिन्हा, आईएसओ मुस्कान कुमारी, सावित्री बरनवाल, रेणुका मगहिया, बिन्नी प्रसाद, रीता दीक्षित, रीता चंद्रा, आदिति गोयल, संध्या यसवाल, संध्या सिंह, डॉ. पिंकी बरनवाल, डॉ. गिसू श्वेता, आशा देवी, उषा बरनवाल, डॉ. उर्मिला भगत, रजनी कुमार एवं अंजू चौधरी सहित अन्य महिलाएं मौजूद रहीं। सावन की हरियाली, गीतों की मस्ती और दोस्ती की गर्माहट से सजा यह आयोजन इनर व्हील क्लब नवादा की सामाजिक एकजुटता और आपसी सौहार्द की खूबसूरत मिसाल बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page