एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कैसे छापेमारी में देशी पिस्तौल व दो मैगजीन के साथ हत्या कांड में लंबे समय से फरार आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। हत्या के एक मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी को वारिसलीगंज पुलिस ने छापेमारी कर हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पकरीबरावां एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नवादा के निर्देश पर वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।

एसडीपीओ ने बताया कि 13-14 अगस्त की मध्य रात्रि पुलिस टीम ने ग्राम मसूदा के पास छापेमारी की। इस दौरान हत्या कांड में फरार चल रहे वीरेंद्र यादव, पिता जगदीश यादव, ग्राम मसूदा, थाना वारिसलीगंज को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारिसलीगंज थाना कांड संख्या 444/26, दिनांक 28 जून 2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के मामले में वांछित था। उक्त मामले में मो. फिरोज आलम, पिता रियासत हुसैन, ग्राम सफीगंज की हत्या का आरोप दर्ज है।

तलाशी में हथियार और मैगजीन बरामद
एसडीपीओ सुजय विद्यार्थी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद की गई। हथियार बरामदगी को लेकर वारिसलीगंज थाना में कांड संख्या 581/26, दिनांक 14 अगस्त 2026, धारा 25(1-ब) आर्म्स एक्ट के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी के साथ पुलिस पदाधिकारी शशिकला सिन्हा, सुशील कुमार, रामकेश्वर उरांव एवं मनोज कुमार राय सहित पुलिस बल के जवान शामिल रहे। एसडीपीओ ने कहा कि फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। हत्या कांड के आरोपी की गिरफ्तारी और उसके पास से हथियार की बरामदगी को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।


Recent Comments