नवादा में सनसनी: पति-पत्नी की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, एसपी अभिनव धीमान ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

बंद घर से बरामद हुए दोनों के शव, फोरेंसिक टीम ने जुटाए अहम साक्ष्य; पुलिस ने कहा– हर पहलू की गहनता से हो रही जांच, जल्द होगा खुलासा

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के परमा गांव में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बंद घर से दोनों के शव बरामद होने के बाद गांव में मातम और सनसनी का माहौल है। मृतकों की पहचान परमा गांव निवासी सुबोध सिंह और उनकी पत्नी सुंदरी देवी के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया मामला विषपान से आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात के बाद बुधवार दोपहर तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। शाम करीब चार बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची नारदीगंज थाना पुलिस पड़ोसी के घर की छत के रास्ते अंदर पहुंची, जहां बरामदे में पति-पत्नी के शव पड़े मिले। इसके बाद फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने जांच अधिकारियों को हर पहलू की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक जांच करने का निर्देश दिया, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का शीघ्र पता लगाया जा सके। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि 29 जून को सुबोध सिंह ने अपने पिता बच्चू सिंह के साथ मारपीट की थी, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। वहीं 30 जून को उसने अपने 10 वर्षीय पुत्र दिलखुश के साथ भी मारपीट की, जिसके बाद डरा-सहमा बच्चा घर छोड़कर भाग गया। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल राजगीर थाना की पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित है। वहीं परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली में हैं। ग्रामीणों के अनुसार सुंदरी देवी मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं।

घटना के संबंध में नवादा पुलिस ने अपने आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर भी जानकारी साझा करते हुए बताया कि मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। फोरेंसिक टीम की सहायता से सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे परमा गांव में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page