लूट की घटना को अंजाम देकर भागते लुटेरे ऐसे आया पुलिस के शिकंजे में, तीन गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर

मोबाइल, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट डिवाइस समेत भारी मात्रा में सामान बरामद, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे तीन लुटेरों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट डिवाइस, एटीएम कार्ड, नकद राशि सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। गुरुवार को पकरीबरावां थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने बताया कि बुधवार की शाम देवीबीघा गांव के मनोज कुमार से दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने मारपीट कर मोबाइल छीन लिया और वारिसलीगंज की दिशा में भाग निकले।

सूचना मिलते ही एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। छापेमारी टीम ने पीछा करते हुए वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास स्थानीय लोगों की मदद से काशीचक थाना क्षेत्र के भौआर गांव निवासी दीपक कुमार को धरदबोचा। उसके पास से लूटी गई मोबाइल, लैपटॉप, फिंगर प्रिंट डिवाइस, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, नकद राशि आदि बरामद किए गए।

पूछताछ में उसने शेखपुरा जिले के कसार थाना क्षेत्र स्थित सुमका में भी लूट की घटना में शामिल होने की बात कबूल की, जहां एक युवक से लैपटॉप और सामान तथा एक इंजन रिक्शा चालक से नकद छीन लिए गए थे। दीपक की निशानदेही पर छापेमारी टीम ने उसके दो अन्य साथियों—कसार थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी संदीप उर्फ गब्बर और बाय बिगहा गांव निवासी नौलेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपितों ने पकरीबरावां और कसार थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इन मामलों में पीड़ित मनोज कुमार ने पकरीबरावां थाना में, जबकि सुमका निवासी जितेंद्र कुमार और इंजन रिक्शा चालक ने कसार थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। छापेमारी टीम में एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर, पकरीबरावां थानाध्यक्ष रंजन चौधरी, वारिसलीगंज थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी, कसार थानाध्यक्ष संतोष कुमार, एसआई सौरभ कुमार, एएसआई पप्पू कुमार और पीटीसी ओम प्रकाश शामिल थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page