छह दिनों से लापता किस युवक का शव नाले में मिलने से मचा कोहराम, पढ़ें पूरी खबर

पुलिस ने शव किया बरामद, मृतक के शरीर पर मिला चोट के निशान, परिजनों ने एसिड से जलाने का लगाया आरोप

Report by Nawada News Xpress

नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिला अंतर्गत रोह थाना क्षेत्र के पईन से एक लापता युवक का क्षत विक्षत शव बरामद किया गया है। हत्या कर शव को फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आते ही कोहराम मच गया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो शेखपुरा जिले के गगरी गांव का रहने वाला था।

वह पिछले 13 वर्षों से प्रखंड क्षेत्र के महरावां गांव में अपने मौसा परमेश्वर महतो के साथ रह रहा था। बताया जाता है कि मृतक कोलकाता में रहकर गोलगप्पा बेचने का काम करता था। एक सप्ताह पूर्व घर आने के दूसरे दिन सुबह से रहस्यमय तरीके से गायब था। गायब होने की सूचना थाने में दर्ज करायी गयी थी।

सोमवार की सुबह रतोई गांव के बधार स्थित पईन में लोगों की नजर क्षत विक्षत शव पर पड़ी। शव का पहचान होते ही ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना के आलोक में पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर सड़क को जाम से मुक्त करा वाहनों का परिचालन चालू कराया।

शव देखने के बाद ऐसा प्रतित होता है कि युवक को मारपीट कर हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से एसीड से चेहरे को जलाकर शव पईन में फेंक दिया। मृतक के परिजनों ने थानाध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना के बाद अगर पुलिस सक्रिय होती तो हत्या नहीं होता। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है। थानाध्यक्ष अविनाश कुमार ने एफएसएल की टीम की मदद से जांच आरंभ कर दी है।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि युवक को लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कर उसकी बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का समय तथा अन्य मामलों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अपराधियों का पता लगाने में जुट गई है। वहीं युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पत्नी व बच्चे सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page