शहर में रसोई गैस लिकेज से हुई बड़ी हादसा, लाइटर जलाते ही रसोई में भड़की आग से झूलसी महिला

बच्चों के लिए दूध गर्म करने गई महिला आग की लपटों में घिरी, 60% झुलसी, गोंदापुर में गैस रिसाव से अचानक भड़की आग, लाइटर जलाते ही हुआ हादसा, गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। बच्चों के लिए दूध गर्म करने रसोई में गई महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल वह आग की लपटों में घिर जाएंगी। नगर थाना क्षेत्र के गोंदापुर मोहल्ले में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई।

इस हादसे में रानी कुमारी नामक महिला करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गईं। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, रानी कुमारी घर में बच्चों के लिए दूध गर्म करने रसोई में गई थीं। इसी दौरान जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया, अचानक आग भड़क उठी।

बताया जा रहा है कि रसोई में पहले से गैस का रिसाव हो रहा था, जिसके कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते आग की लपटों ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। उनकी साड़ी में भी आग लग गई, जिससे शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए।

अचानक हुए इस हादसे से घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।

इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

फिलहाल महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। गैस का रिसाव किन परिस्थितियों में हुआ और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



