पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय विवाहिता का शव, मौत की गुत्थी उलझी!

शादी के महज एक साल बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मिली महिला की लाश, हत्या या आत्महत्या की आशंका के बीच जांच में जुटी पुलिस
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के रूपौ थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रूपौ टाल अहरा के समीप शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मृतका की पहचान कसमारा गांव निवासी मोनू मांझी की 20 वर्षीय पत्नी दौलती कुमारी के रूप में हुई है। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जाता है कि दौलती कुमारी की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मोनू मांझी से हुई थी। शादी के एक साल के भीतर ही उसका शव पेड़ से लटका मिलने की घटना ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।

घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, विवाहिता की मौत के पीछे की असली वजह अब तक सामने नहीं आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज!
घटना की सूचना मिलते ही रूपौ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, नवादा भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

विवाहिता की मौत हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


