पूजा में इसबार जरा भी चूक नहीं! पंडाल से विसर्जन तक प्रशासन की पैनी नजर

सदर एसडीओ अमित अनुराग की अध्यक्षता में पूजा समितियों के साथ हुई बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध के साथ पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और वॉलंटियर्स अनिवार्य
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को अनुमंडल कार्यालय, नवादा सदर परिसर में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग की अध्यक्षता में अनुमंडल स्तरीय बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पूजा पंडालों से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।

बैठक में पूजा पंडाल, प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन, भीड़ नियंत्रण, यातायात, बिजली, साफ-सफाई, पेयजल और अग्नि सुरक्षा सहित तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी तैयारियों, समस्याओं एवं सुझावों से प्रशासन को अवगत कराया।

पंडाल में जरा भी लापरवाही पड़ी भारी तो बढ़ सकती है परेशानी
एसडीओ अमित अनुराग ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में विद्युत वायरिंग के दौरान सभी तारों को कवर करके रखना होगा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका नहीं रहे। प्रत्येक पंडाल में आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं सामग्री रखना अनिवार्य किया गया है।

सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करते हुए पंडाल के प्रवेश और निकास, दोनों स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीजे पर पूरी तरह रोक, आईडी कार्ड के बिना नहीं चलेगी वॉलंटियरी
बैठक में स्पष्ट किया गया कि डीजे पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गाने बजाने की भी अनुमति नहीं होगी। पूजा पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आवश्यक सूचनाओं का प्रसारण किया जा सके।

सभी पूजा समितियों को अपने वॉलंटियर्स को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र (आईडी कार्ड) उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पकरीबरावां, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी नगर सहित विभिन्न प्रखंडों से आए दुर्गा पूजा समितियों के अध्यक्ष, सदस्य एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

