नवादा पुलिस की कार्रवाई- 990 वाहनों की जांच, 219 पर कार्रवाई, शराब के साथ 3 गिरफ्तार

एसपी अभिनव धीमान के नेतृत्व में रातभर नहीं, एक घंटे के विशेष अभियान में सख्ती—2.36 लाख रुपये जुर्माना, 3 वाहन जब्त
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। जिले में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं मद्यनिषेध अभियान को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नवादा पुलिस ने 27 सितंबर की रात विशेष समकालीन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में रात 9 बजे से 10 बजे तक चले इस अभियान के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सघन वाहन जांच, छापेमारी और संदिग्धों की जांच की गई।

अभियान के दौरान सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान कुल 990 वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 219 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं, वाहन जांच के दौरान पुलिस को मद्यनिषेध के मोर्चे पर भी सफलता मिली। कार्रवाई के क्रम में 750 मिलीलीटर विदेशी शराब तथा 250 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की गई। शराब से संबंधित कार्रवाई में तीन वाहन जब्त किए गए, जबकि तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध व्यक्ति एवं वस्तुओं की भी सघन जांच की। साथ ही अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और तस्करी पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में छापेमारी की गई।

पुलिस के इस विशेष अभियान का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और मद्यनिषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा। रात के समय एक साथ विभिन्न स्थानों पर चले इस अभियान से असामाजिक तत्वों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया।
नवादा पुलिस की ओर से अपराध नियंत्रण और मद्यनिषेध को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।


