नवादा में शुरू हुआ नया ऑपरेशन: रक्षाबंधन पर नवादा में अभया ब्रिगेड की दस्तक, जिस सड़क पर मंडराते थे मनचले, वहीं अब पहुंचेगी ‘पुलिस दीदी’!

रक्षाबंधन पर बेटियों की सुरक्षा का मिला बड़ी सौगात: एसपी ने अभया ब्रिगेड को किया रवाना, बेटियों की सुरक्षा के लिए स्कूटी से होगी लगातार गश्ती, स्कूल-कॉलेज से लेकर कोचिंग और बाजार तक हर कदम पर होगी पैनी नजर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। रक्षाबंधन के मौके पर नवादा की बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने एक नई और मजबूत पहल की है। अब स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और महिलाओं की आवाजाही वाले इलाकों में अचानक स्कूटी पर ‘पुलिस दीदी’ नजर आएंगी। महिला पुलिसकर्मियों की यह विशेष टीम मनचलों की हरकतों पर नजर रखने के साथ जरूरतमंद छात्राओं और महिलाओं को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।

एसपी अभिनव धीमान के निर्देशन में अभया ब्रिगेड के तहत विशेष गश्ती सह जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। एसपी ने अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही महिला सुरक्षा को लेकर नवादा पुलिस ने जमीनी स्तर पर निगरानी और त्वरित कार्रवाई का नया तंत्र सक्रिय कर दिया है।

स्कूल-कॉलेज के बाहर अब दिखेगी ‘पुलिस दीदी’ की निगरानी
अभया ब्रिगेड की महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, हॉस्टल, बाजार और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों के आसपास लगातार गश्त करेंगी। जरूरत के अनुसार पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे लिबास में भी तैनात रहेंगी, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नजर रखी जा सके।

छेड़खानी से मानव तस्करी तक, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
अभया ब्रिगेड का उद्देश्य छेड़खानी, अभद्र टिप्पणियों, महिलाओं एवं बालिकाओं के अपहरण, दुष्कर्म और मानव तस्करी जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है। मनचलों या असामाजिक तत्वों द्वारा छात्राओं को परेशान किए जाने की शिकायत मिलने पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी छात्राओं से सीधे संवाद कर उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगी और किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 की मदद लेने के लिए प्रेरित करेंगी।

एसपी बोले—सुरक्षा सिर्फ व्यवस्था नहीं, बेटियों का भरोसा है
एसपी अभिनव धीमान ने कहा कि अभया ब्रिगेड के लिए स्कूटी वाहनों की तैनाती से महिला पुलिसकर्मियों की पहुंच और आवाजाही बेहतर होगी। इससे शहर के कॉलेजों के आसपास की सड़कों और गलियों सहित महिलाओं की आवाजाही वाले स्थानों पर छोटी-बड़ी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित माहौल देना पुलिस की प्राथमिकता है। अभया ब्रिगेड न सिर्फ अपराध पर नजर रखेगी, बल्कि बेटियों के भीतर सुरक्षा और आत्मविश्वास का भरोसा भी मजबूत करेगी।

