रिश्ते हुए शर्मसार : नाबालिग से दुष्कर्म व ब्लैकमेल के आरोप में चचेरा भाई गिरफ्तार
वीडियो बनाकर दी वायरल करने की धमकी, पोक्सो एक्ट में दर्ज हुआ मामला
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पीड़िता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने मंगलवार को थाने में आवेदन देकर अपने चचेरे भाई पर दुष्कर्म करने तथा आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी वीडियो के आधार पर लगातार उसे धमकाकर शोषण करता रहा।

थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार सैनी ने बताया कि कांड संख्या 112/26 के तहत पोक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान को दी गई।

एसपी के निर्देश पर SIT का गठन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पकरीबरावां एसडीपीओ रंजन कुमार भास्कर के नेतृत्व में विशेष टीम (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम में इंस्पेक्टर पंकज कुमार सैनी, एसआई शशिकला कुमारी सिन्हा, एएसआई पप्पू कुमार तथा सिपाही विभाष कुमार शामिल थे।

छापेमारी कर आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशन कुमार (पुत्र शंकर प्रसाद) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय जांच के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की आगे की जांच जारी है।



