विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वृद्धाश्रम पहुंचीं क्लब की महिलाएं, मनोरंजन से लेकर धार्मिक और स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों तक का रखा ख्याल—बुजुर्ग बोले, “अब यहां मन लगा रहेगा”
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर इनर व्हील क्लब नवादा की महिलाओं ने संवेदनशीलता और इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। क्लब की सदस्याएं वृद्धाश्रम पहुंचीं और बुजुर्गों को जरूरत के साथ-साथ मनोरंजन और समय बिताने के लिए कई उपयोगी सामग्री भेंट की। क्लब की ओर से वृद्धाश्रम में टीवी, दो कैरम बोर्ड, दो लूडो, बॉल का पैकेट और एक फुटबॉल सहित खाद्य सामग्री में बिस्किट, हॉर्लिक्स, मिक्सचर और बेदाना दिया गया।

इस पहल का उद्देश्य सिर्फ सामान देना नहीं, बल्कि बुजुर्गों के जीवन में मनोरंजन, सक्रियता और अपनापन जोड़ना रहा। इनर व्हील क्लब की प्रेसिडेंट रेखा रानी ने कहा कि इस उम्र में बुजुर्गों का मन धार्मिक गतिविधियों की ओर अधिक जुड़ता है। टीवी के माध्यम से वे धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ समाचार देखकर आसपास और देश-दुनिया की गतिविधियों से भी जुड़े रह सकेंगे।

वहीं, खेल सामग्री देने का उद्देश्य उन्हें मनोरंजन के साथ सक्रिय बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि शरीर से अधिक जरूरी बुजुर्गों का मन मजबूत रहना है। कई बार अकेलापन और खालीपन उन्हें भीतर से कमजोर कर देता है। ऐसे में क्लब की कोशिश है कि उनका समय सकारात्मक गतिविधियों में बीते और उनके जीवन में खुशियों की छोटी-छोटी वजहें बनी रहें।

सामान पाकर वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि अब इन चीजों के माध्यम से उनका मन लगा रहेगा। क्लब की महिलाओं की यह पहल उनके लिए सिर्फ सामान मिलने की खुशी नहीं, बल्कि यह एहसास भी थी कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो उन्हें अपना समझते हैं।

इस मौके पर प्रेसिडेंट रेखा रानी, सेक्रेटरी पुष्पा कुमारी, वाइस प्रेसिडेंट अंजना सिन्हा, आईएसओ मुस्कान कुमारी, आशा देवी, सावित्री बरनवाल, संध्या यशवाल, अदिति गोयल, रजनी कुमारी, अंजू चौधरी तथा बबिता जी सहित क्लब की कई महिलाएं मौजूद रहीं।


Recent Comments