“सुबह दरवाजा नहीं खुला तो ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना, फिर खुला खौफनाक राज, 10 लाख से अधिक की लूट का अनुमान, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर की आगजनी”
Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा। नारदीगंज थाना क्षेत्र के नरडीहा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करीब 60 वर्षीय राजकुमारी देवी की घर के अंदर बंधी हुई लाश मिली। आरोप है कि देर रात घर में घुसे डकैतों ने लूटपाट का विरोध करने पर महिला को पहले बांध दिया और फिर बेरहमी से पीटकर उसकी हत्या कर दी।

महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद बदमाश घर में रखा सामान लेकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लूटे गए सामान की कीमत 10 लाख रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।

सुबह दरवाजा नहीं खुला तो खुला हत्या का राज
राजकुमारी देवी घर में अकेली रहती थीं। परिवार के अन्य सदस्य बाहर रहते हैं और उनका बेटा दुबई में निजी नौकरी करता है। शनिवार सुबह काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना पुलिस को दी गई। अंदर जाने पर महिला बंधी हुई मिली और उनकी मौत हो चुकी थी।

हत्या से भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे ग्रामीण
वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने नारदीगंज रोड को जाम कर दिया और आगजनी करते हुए प्रशासन व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों की मांग है कि बुजुर्ग महिला की हत्या और लूट की इस वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर में अकेली महिला को निशाना बनाने वाले डकैत कौन थे और क्या उन्हें पहले से पता था कि घर में महिला अकेली है? पुलिस की जांच इन सवालों के जवाब तलाशने में जुटी है।

Recent Comments