“डॉक्टर परिवार से राजनीति तक… नवादा की चर्चित महिला चिकित्सक ने क्यों थामा जदयू का हाथ? जानिए क्या है इसके पीछे की बड़ी वजह!”

प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश मोहन की पत्नी डॉ. बिन्नी मोहन हुईं जदयू में शामिल, बोलीं— नीतीश कुमार के विकास मॉडल को घर-घर पहुंचाऊंगी

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। बिहार की राजनीति में आगामी चुनावी सरगर्मियों के बीच नवादा से एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश सामने आया है। जिले के चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में पहचान रखने वाली डॉ. बिन्नी मोहन ने मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी। उनके पार्टी में शामिल होने को जदयू के लिए बड़ी सामाजिक और बौद्धिक ताकत के रूप में देखा जा रहा है। जदयू जिला कार्यालय में आयोजित विशेष समारोह में जिला अध्यक्ष राज किशोर दांगी की मौजूदगी में डॉ. बिन्नी मोहन ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति ने इस सदस्यता ग्रहण समारोह को खास बना दिया।

डॉ. बिन्नी मोहन, जिले के चर्चित शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अखिलेश मोहन की पत्नी हैं। चिकित्सा और सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी मजबूत पहचान रही है। ऐसे में उनके जदयू में शामिल होने को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। अपने संबोधन में डॉ. बिन्नी मोहन ने कहा कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने जदयू की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासवादी सोच और जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए वह पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगी।

उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना है। साथ ही राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास करेंगी। कार्यक्रम के अंत में जिला अध्यक्ष राज किशोर दांगी ने कहा कि पार्टी में नए, शिक्षित और समाजसेवा से जुड़े लोगों के आने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि इसका सकारात्मक असर आगामी चुनावों में भी देखने को मिलेगा।

सदस्यता ग्रहण के दौरान राज्य कार्यकारिणी सदस्य हरि कृपाल सिन्हा, नेजाम खां उर्फ कल्लू, संजय चौधरी, किशोरी सिंह, जीवन लाल चंद्रवंशी, बिंदु कुमारी, मो राजा, वरुण वर्मा, मनोरंजन कुमार, विजय कुमार, विनोद कुमार, मिथलेश कुमार, संजय चौधरी, ओम प्रकाश तथा मीडिया प्रभारी तन्ने पठान सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षित और सामाजिक रूप से सक्रिय लोगों के जुड़ने से पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। नेताओं ने विश्वास जताया कि डॉ. बिन्नी मोहन के अनुभव और सामाजिक संपर्कों का लाभ संगठन को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page