अब आवारा कुत्तों पर लगेगा ‘कंट्रोल’ का ताला! आबादी कम करने के लिए मनुष्यों की तरह कुत्तों का होगा बंधयाकरण

नवादा में शुरू हुआ श्वान बंध्याकरण केन्द्र, डीएम ने किया औचक निरीक्षण

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा नगर परिषद शहरी क्षेत्र की गलियों में बढ़ते आवारा कुत्तों की संख्या और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। इसी कड़ी में डीएम रवि प्रकाश ने सोमवार को बुधौल क्षेत्र में नवनिर्मित श्वान बंध्याकरण केन्द्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट संकेत दिया कि अब आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह केन्द्र न सिर्फ कुत्तों की बढ़ती आबादी पर लगाम लगाएगा, बल्कि नागरिक सुरक्षा और पशु कल्याण की दिशा में भी मील का पत्थर साबित होगा।

खास वाहन से होगी ‘डॉग रेस्क्यू’, तीन दिन रहेगा ऑब्ज़र्वेशन

प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि शहर के विभिन्न इलाकों से आवारा कुत्तों को पकड़कर केन्द्र तक लाने के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की गई है, ताकि पूरा कार्य मानवीय और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके। पकड़े गए कुत्तों को सीधे ऑपरेशन में नहीं ले जाया जाएगा, बल्कि पहले उन्हें तीन दिनों तक ऑब्ज़र्वेशन में रखा जाएगा। इसके लिए केन्द्र में कुल 06 डॉग पॉन्ड्स बनाए गए हैं, जहां उनकी निगरानी की जाएगी।

ऑपरेशन थिएटर से लेकर एनेस्थीसिया कक्ष तक हाईटेक इंतजाम

श्वान बंध्याकरण केन्द्र में आवश्यक सभी आधारभूत संरचनाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां 01 हॉल (डॉग पॉन्ड्स के लिए), 01 कक्ष (एनेस्थीसिया के लिए) तथा 01 कक्ष (ऑपरेशन थिएटर के लिए) की व्यवस्था की गई है। बताया गया कि अवलोकन अवधि पूरी होने के बाद दक्ष एवं अधिकृत एजेंसी द्वारा कुत्तों का बंध्याकरण किया जाएगा। प्रक्रिया पूर्ण होते ही कुत्तों को उसी स्थान पर सुरक्षित रूप से वापस छोड़ दिया जाएगा, जहां से उन्हें पकड़ा गया था।

डीएम ने दिए सख्त निर्देश, स्वच्छता और पशु कल्याण पर खास जोर

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने केन्द्र की स्वच्छता, संचालन व्यवस्था और पशु कल्याण मानकों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि यह कार्य पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।

🎉इस मौके पर नवादा नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी, पूर्व चेयरमैन व मुख्य पार्षद प्रतिनिधि संजय कुमार सहित नगर परिषद के कई कर्मी मौजूद थे। बता दें कि कुल मिलाकर, नवादा में शुरू हुआ यह श्वान बंध्याकरण केन्द्र आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की ओर एक ठोस कदम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इसके असर से शहर की सड़कों पर न सिर्फ संतुलन दिखेगा, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page