नवादा की सड़कों पर मौत का तांडव : मासूम सहित दो की हुई दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दो साल के मासूम को कुचला, शव रखकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, वहीं दूसरी घटना कौआकोल में ट्रैक्टर-बाइक भिड़ंत, 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत

Report by Nawada News Xpress / नवादा / सूरज कुमार

नवादा जिले में बुधवार का दिन मातम और आक्रोश लेकर आया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो सड़क दुर्घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। एक ओर दो वर्षीय मासूम की बेरहमी से मौत हुई, तो दूसरी ओर 16 वर्षीय किशोर ने सड़क पर दम तोड़ दिया। दोनों घटनाओं के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

वारिसलीगंज में दिल दहला देने वाला हादसा

वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के बाघी बरडीहा पंचायत अंतर्गत बहेरा गांव के पास बुधवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब ईंट लदा तेज रफ्तार ट्रैक्टर सड़क पार कर रहे दो वर्षीय प्रिंस राज को कुचलता हुआ निकल गया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बहेरा गांव निवासी चंदन चौधरी का पुत्र था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर कादिरगंज से रोह की ओर तेज गति से जा रहा था। चालक ने न तो रफ्तार कम की और न ही सतर्कता बरती—जिसकी कीमत एक मासूम को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।

फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क बनी रणक्षेत्र

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। शव को कादिरगंज–रोह मुख्य पथ पर रखकर घंटों जोरदार सड़क जाम किया गया। जाम के कारण नवादा, कादिरगंज, वारिसलीगंज, रोह, रुपौ और कौआकोल की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह ठप हो गया। स्कूली शिक्षक, यात्री और एंबुलेंस तक फंसी रही। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। 

प्रशासन पहुंचा, तब जाकर हटा शव

सूचना पर पहुंची वारिसलीगंज पुलिस शव को पोस्टमार्टम में भेजना चाहती थी, लेकिन ग्रामीण बीडीओ को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मुखिया प्रतिनिधि सोनू राज महतो के हस्तक्षेप और समझाये जाने के बाद स्थिति कुछ शांत हुई। बीडीओ प्रतिनिधि के पहुंचने पर पीड़ित परिवार को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक सौंपा गया और अन्य सरकारी सहायता का भरोसा दिया गया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं मासूम के माता-पिता की चीत्कार ने पूरे गांव को रुला दिया।

कौआकोल में दूसरा कहर: किशोर की टूटी सांसें

इसी दिन जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के केवाली मोड़ के पास एक और दर्दनाक हादसा सामने आया। जिसमें कौआकोल–रोह मुख्य पथ पर ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 16 वर्षीय इरशाद अंसारी की मौत हो गई। मृतक भलुआही गांव (मंझिला पंचायत) निवासी मो साजिद अंसारी का पुत्र था। वहीं हादसे में बाइक पर सवार दो अन्य युवक मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।

गांवों में पसरा मातम, उठ रहे तीखे सवाल

दो अलग-अलग स्थानों पर एक ही दिन हुई मौतों ने सड़क सुरक्षा, ट्रैक्टरों की बेलगाम रफ्तार और पुलिस निगरानी पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे किसी मासूम या किशोर को अपनी जान न गंवानी पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page