Home Blog Page 78

नवादा अग्निकांड का जायजा लेने पहुंचे SC/ST मंत्री ने विपक्ष पर क्यों हुए आगबबूला, कहा बिहार में महादलित व गरीबों पर हो रही अत्याचार का जिम्मेवार महागठबंधन, पढ़ें पूरी खबर 

0

बिहार सरकार के एससी-एसटी मंत्री ने उगला आग कहा विपक्षी ऐसी घटनाओं में आग लगाने का करते हैं काम, प्राथमिकी में महागठबंधन के लोग ही पाये जाते हैं दोषी
कृष्णा नगर अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने पहुंचे मंत्री जनक चमार ने कहा इस घटना के दोषियों पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने कहा पीएम नरेन्द्र मोदी व सीएम नीतीश कुमार की सरकार में अमन चैन से रह रहे लोगों के सौहार्द को बिगाड़ने का काम कर रहा महागठबंधन

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के कृष्णा नगर अग्निकांड पर राज्य से लेकर केंद्र सरकार गम्भीर हो गई है। इस घटना का जायजा लेने शनिवार को बिहार सरकार के एससी-एसटी मंत्री जनक चमार नवादा पहुंचे। पीड़ित महादलित बस्ती का दौरा करने के बाद मंत्री श्री चमार ने जिला अतिथि गृह में प्रेसवार्ता का आयोजन किया। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने महागठबंधन पर जमकर बरसते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को खूब खरी-खोटी सुनाया।

उन्होंने कहा कि यहां कुछ लोगों को विकास ही नहीं पसंद है। उन्होंने कहा कि सुशासन की सरकार में घटनाएं घटती है, लेकिन कार्रवाई भी की जाती है। परंतु महागठबंधन के नेताओं का हाल यह है कि जब उनको बिहार की जनता ने मौका दिया तो उन्होंने उन भोली-भाली जनता के साथ धोखाधड़ी कर अलकतरा व चारा जैसे कई घोटालों का पैसा खा गये।

उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जागरूक हो गई है, अब उनके झांसे में आने वाले नहीं हैं। मंत्री श्री चमार ने कहा कि महागठबंधन के नेताओं के द्वारा एक तरफ लोकतंत्र को तार-तार किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर संविधान को मजाक बनाने का काम नेता प्रतिपक्ष तजस्वी यादव के पिता पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राहुल गांधी करते हैं, और वही लोग गरीबों की बात करते हैं, जो गरीबों के साथ घोर मजाक है।

उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने वाले राज्य के नेता और देश के नेता मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में जो भाईचारा बना हुआ है उसे तोड़ने और सद्भाव को बिगाड़ने में महागठबंधन के नेता लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करने के लिए प्रदेश के नेता और देश के नेता मौजूद हैं, ऐसे में यहां के लोगों की सजगता के वजह से बिहार के नौवीं फेल व्यक्ति को कोई सफलता मिलने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति परिवार के साथ जब कोई घटना घटती है तो इसमें राजनीत नहीं करनी चाहिए, लेकिन राजनीत करने के लिए महागठबंधन के लोग समय को तलाशते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब सत्ता से ऐसे लोग बेदखल होते हैं तो अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को टारगेट बनाते हैं, जो साफ दिख रहा है और झलक रहा है।

उन्होंने कहा कि मैं तेजस्वी यादव को स्पष्ट कहना चाहता हूं कि गरीब-गुरबा पर अत्याचार होता है, चोरी-डकैती व अनुसूचित जाति-जनजाति पर अत्याचार तथा जमीन से बेदखल किये जाने जैसे मामले में जब प्राथमिकी दर्ज होती है तो उसमें आपके ही लोग दोषी पाये जाते हैं। उन्होंने कहा कि ये महागठबंधन के लोग ही सद्भावना को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जिनका पिता और माता मुख्यमंत्री हो उनका बेटा नौवां फेल है और मजदूर का बेटा जनक चमार एमए व एलएलबी का डिग्री हासिल कर आज मंत्री पद पर विराजमान हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के नेता नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और गरीब का बेटा नरेन्द्र मोदी पीएम बनकर देश का विकास करने में जुटे हैं। उन्होंने कृष्णा नगर की घटना में इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, अरविंद गुप्ता तथा नंदकिशोर चौरसिया सहित कई एनडीए नेता मौजूद थे।

कृष्णा नगर की घटना के बाद प्रशासन की खुली नींद, नवादा में भू-माफियाओं पर नकेल कसने की तैयारी में जिला प्रशासन, खुरी नदी में अवैध जमीन कब्जा की होगी जांच, पढ़ें पूरी खबर 

0

जिले में अवैध भूमि कब्जा करने व खुरी नदी में हो रही कचरों का अवैध डम्पिंग के कारण भू माफियाओं पर डीएम की निगाह, नगर परिषद को दी जायगी सख्त हिदायत

डीएम ने पत्रकार वार्ता के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर सभी सीओ, थानाध्यक्ष व एलआरडीसी को आदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक शनिवार को थाना में लगने वाली भूमि सम्बंधित जनता दरबार में सख्ती से करें निपटारा 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिला मुख्यालय स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर गांव स्थित महादलित टोला कृष्णा नगर में हुई अगजनी की घटना से जिला प्रशासन अब एक्शन मोड में आ गई है। शुक्रवार को समाहरणालय में उक्त घटना को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान डीएम आशुतोष वर्मा ने बताया कि अब जिले भू माफियाओं पर सख्ती से नजर रखी जायगी।

गैरमजरूआ जमीन को कब्जा कर अवैध रूप से खरीद-बिक्री करने का गोरखधंधा पर सख्ती से कार्रवाई की जायगी। नगर से गुजरने वाली खुरी नदी में हो रही अवैध कब्जा को लेकर डीएम श्री वर्मा ने कहा कि प्रशासन अब वैसे लोगों पर सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि नदी में नगर परिषद द्वारा की जा रही अवैध कचरे की डम्पिंग से भू माफियाओं को जमीन का अवैध कब्जा करने का मौका मिल रहा है।

इसके लिए नगर परिषद को सख्त हिदायत दिया जायगा कि नदी में अवैध कचरों का डम्पिंग नहीं करें, अन्यथा कार्रवाई होगी। इसके अलावा नदी सहित जितने भी गैरमजरूआ जमीन है उसका भी सर्वे कराया जायगा। उसके बाद जिन लोगों का अवैध कब्जा पाया जायगा, उनपर कार्रवाई की जायगी। बता दें कि कृष्णा नगर की घटना के बाद प्रशासन की नींद खुल गई है। मीडिया से वार्ता के बाद डीएम श्री वर्मा ने जिले के सभी सीओ, थानाध्यक्ष व एलआरडीसी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर आदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक शनिवार को थाना में लगने वाली भूमि सम्बंधित जनता दरबार में सख्ती से निपटारा निपटारा करें।

खुरी नदी में अवैध कब्जा से नदी का 33 एकड़ 43 डिस्मील रकवा में बचा है मात्र करीब 15 एकड़
नवादा शहर से होकर गुजरने वाली खुरी नदी का अस्तित्व पर दिनों दिन खतरे का बादल मंडराता जा रहा है, जिससे पर्यावरण काफी प्रभावित होने लगी है। बरसाती नदी होने के कारण इसपर अतिक्रमण करना लोगों के लिये आसान हो चुका है। इसमें भी नगर परिषद का फेंके जाने वाले कचड़ा उन अतिक्रमणकारियों के लिये सोने पर सुहागा का काम किया है, जिन्होंने इसपर अवैध कब्ज़ा जमाया है। वर्तमान में स्थिति यह हो गयी है कि नदी का 33 एकड़ 43 डिस्मील रकवा में करीब 15 एकड़ ही रकवा बचा है।

खुरी नदी का करीब 18 से 20 एकड़ भूमि पर अतिक्रमण कर लोगों ने नया खतियान सर्वे में अपने नाम से बंदरबांट कर लिया है। वर्ष 1987-88 में की गई सर्वे के दौरान नदी के जमीन का खूब लूटपाट किया गया था। फलतः खुरी नदी पूरी तरह से सिकुड़ चुका है। नदी का चौड़ाई करीब 65 फीट ही रह गया है। शहरी क्षेत्र में नदी को सबसे ज्यादा प्रभावित नगर परिषद से किया जा रहा है, जिसके कारण लोगों को नदी पर कब्जा करने का मौका मिलता गया। बताया जाता है कि शहरी इलाकों में नदी किनारे बसे लोगों के अतिक्रमण का प्रभाव ऐसा हुआ कि नदी ने अपना रूख बदलना शुरू कर दिया और फिर गोंदापुर के रैयती जमीन को अपने चपेट में ले लिया, लेकिन जब नदी में पानी सुखना शुरू हुआ तब जिनका रैयती जमीन था उन लोगों द्वारा नदी में मकान बनाना शुरू कर दिया।

नप का कचड़ा नदी में होता है डम्प
नगर परिषद नदी में कचड़ा डालकर इसके अस्तित्व को नुकासन करने के साथ-साथ अतिक्रमणकारियों के लिये रास्ता बनाने का काम कर रही है। इस परिस्थिति में जिला प्रशासन को कठोर कदम उठाने की जरूरत पड़ गई हैै। नगर परिषद अपने अधिकार क्षेत्र में कचड़ा फेंकने के लिये नदी के अस्तित्व को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है, बावजूद ऐसा नहीं किया जा रहा है। हालांकि, वर्तमान में नप अपने कचड़ों को लेकर व्यवस्था में जुटी है, लेकिन अब तक जो कचड़ा डाला गया है वह अतिक्रमणकारियों के लिए जमीन लूट का माध्यम बन गया है।

किस इलाका में खुरी नदी का कितना है रकवा
– नवादा शहरी इलाका- 9 एकड़ 75 डिस्मील
– गोंदापुर इलाका- 17 एकड़ 68 डिस्मील
– मिर्जापुर इलाका- 5 एकड़ 60 डिस्मील
कुल 33 एकड़ 43 डिस्मील


सीबीएसई क्लस्टर चैंपियन 2024 के विजेता खिलाड़ियों का मॉडर्न में ऐसे हुआ भव्य स्वागत, मिला सम्मान, पढ़ें पूरी खबर 

0

लगातार तीसरी बार बालिका हैंडबॉल ईस्ट जोन का विजेता बना मॉडर्न के खिलाड़ी, एथलेटिक्स एवं ताइक्वांडो में भी मॉडर्न बना विजेता

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

सीबीएसई के द्वारा आयोजित क्लस्टर चैंपियनशिप 2024 के कई खेलों में नवादा मॉडर्न के खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है। सीबीएसई से संबंंद्धता प्राप्त बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल के विद्यालयों के बीच आयोजित हो रही देश के अलग-अलग राज्य में ईस्ट जोन सीबीएसई बालिका हैंडबॉल क्लस्टर चैंपियनशिप 2024 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर मॉडर्न का नाम रौशन किया।

परचम लहराने वाले हैंडबॉल, एथलेटिक्स एवं ताइक्वांडो के सभी खिलाड़ियों को विद्यालय परिसर मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर नवादा में सम्मानित किया गया। इस खेल प्रतियोगिता में मॉडर्न के खिलाड़ियों ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किया। लगातार तीसरी बार बालिका हैंडबॉल चैंपियन का खिताब लेकर मॉडर्न की बालिका वर्ग हैंडबॉल टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखा।

बालिका वर्ग की कप्तान जानवी, करिश्मा, सिमरन, वैष्णवी, अदिति, राधिका, रागिनी, रिया राज, अवनिवत्स, आरती, काजल, मुस्कान, अंजलि, श्रेया, सुहानी भारद्वाज एवं नेहा भारद्वाज को मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ से सम्मानित किया गया। साथ ही साथ टीम के कोच नीतीश कुमार एवं टीम मैनेजर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित अलखदेव प्रसाद को भी मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

ताइक्वांडो में आरुषि एवं आरुष अरिदमन को भी मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ देखकर सम्मानित किया गया। लंबी कूद में रजत पदक जीतने वाली नैंसी कुमारी को भी मेडल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया। सभी खिलाड़ियों को विद्यालय की ओर से प्रति खिलाड़ी 5100 का नगद पुरस्कार भी दिया गया। साथ ही साथ सभी खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के हैंडबॉल टूर्नामेंट के लिए भी हो गया है।

सभी खिलाड़ी देश स्तर पर जोनल विजेता टीम के साथ मैच खेलेगी। हैंडबॉल का नेशनल लेवल पर मैच 14 से 17 अक्टूबर के बीच उत्तर प्रदेश के चंदौली में होने जा रहा है। इस अवसर पर मॉडर्न शैक्षिणक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह ने सम्मानित करते हुए कहा कि यह सभी खिलाड़ियों के मेहनत का परिणाम है कि आज हमारा विद्यालय राज्य स्तर में विजेता बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर का खेल खेलने के लिए तैयार है।

विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय एवं सभी शिक्षकगण इस सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि हमारे बच्चों में हुनर की कमी नहीं है जरूरत है उनको परख कर निखारने की। मैं उन खिलाड़ियों के माता-पिता को भी बहुत-बहुत बधाई देता हूं जिन्होंने इतने होनहार बच्चे को इस विद्यालय के प्रति समर्पित किया है। विद्यालय के सभी शिक्षकों और नवादा वासियों ने सभी खिलाड़ियों को बहुत-बहुत बधाई देते हुए कहा कि सच में नवादा वासियों के लिए गौरव की बात है।

नवादा अग्निकांड पीड़ितों से मिलने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश ने क्या कह दी बड़ी बात, पढ़ें पूरी खबर 

0

वरीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज व जिलाध्यक्ष सतीश कुमार मंटन सिंह सहित कांग्रेसियों ने बांटा राहत सामग्री, सासाराम के कांग्रेस सांसद मनोज राम, अल्पसंख्यक सेल के प्रदेश अध्यक्ष टीका खान व हिसुआ विधायक नीतू कुमारी भी रहे राहत कार्य में शामिल, बिहार सरकार और उनके सिस्टम पर जमकर बरसे कांग्रेसी नेता 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर गांव स्थित कृष्णा नगर महादलित टोला में आगजनी की घटना के बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह एवं कांग्रेस पार्टी के सासाराम सांसद मनोज राम घटनाक्रम की जानकारी लेने और पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए नवादा के महादलित टोला कृष्णा नगर पहुंचे।

उनके साथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सतीश कुमार उर्फ मंटन सिंह, वरीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज सिंह, हिसुआ विधायक नीतू सिंह आदि पीड़ित परिवार से मिलकर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। सबसे पहले पीड़ित परिवार को 5-5 किलो चावल, 5-5 किलो आटा और एक-एक किलो आलू बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह के निर्देश पर कांग्रेस नेता अनुज सिंह और मनीष कुमार तथा अध्यक्ष मंटन सिंह ने कृष्णा नगर के पीड़ित परिवारों के बीच उपलब्ध करवाया, जिसे प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कांग्रेसियों ने अपने हाथों से बांटा।

बताया जाता है कि जब शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष वहां पहुंचे तो सभी से एक-एक करके मिलकर बातचीत किया। सभी का दर्द सुनकर उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गलत है और नींदनीय है। कांग्रेस नेताओं द्वारा परिवारों को साड़ी, धोती, गमछा एवं बिस्कुट आदि का भी वितरण कृष्णा नगर  टोला के पीड़ितों में किया गया।

मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि इस घटना की जितना भी निंदा किया जाए कम है। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि यहां जमीनी विवाद था, जिसको लेकर यह घटना घटी है। परंतु जो भी विवाद हो उसे कानूनी स्तर पर हल होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं प्रशासन की लापरवाही से घटती है।

उन्होंने साफ कहा कि बिहार सरकार को यहां रहने के लिए पीड़ित परिवारों का घर बनाना आवश्यक है। सरकार को इस पर आवश्यक कदम उठाना चाहिए और जल्द ही महादलित परिवार के लिए घर का निर्माण होना चाहिए। उन्होंने बिहार सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं होगा तो कांग्रेस पार्टी अपने स्तर से महादलित परिवारों के लिए गृह निर्माण करवाएगी।

उन्होंने वर्तमान सरकार पर सुशासन बाबू होने का आरोप लगाया और कहा सुशासन की सरकार में ऐसी घटनाएं घटना दुखद है। जिलाध्यक्ष मंटन सिंह ने भी घटना की निंदा की। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुज सिंह ने भी कहा कि पीड़ित परिवार को अवश्य मदद मिलना चाहिए। कांग्रेस के हिसुआ विधायक नीतू कुमारी ने भी लोगों से सहायता की अपील किया। इस अवसर पर प्रदेश एवं जिला के सैकड़ों कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

नवादा के कृष्णा नगर अग्निकांड का तीन दिनों बाद डीएम-एसपी ने घटना का क्या किया खुलासा, एक दारोगा हुआ लाईन हाजिर, पढ़ें पूरी खबर 

0

डीएम ने कहा नवादा में अमन-चैन बहाल रहे इसके लिए जिला प्रशासन है कटिबद्ध, एसपी ने कहा आसूचना संकलन में लापरवाही बरतने वाले एक एसआई को किया गया लाईन हाजिर

समाहरणालय सभागार में प्रेसवार्ता आयोजित कर डीएम-एसपी सहित सभी आलाधिकारियों ने घटना को लेकर की जा रही कार्रवाई व राहत कार्य की दी जानकारी, पीड़ित 34 परिवारों के बीच जिला प्रशासन ने वितरण किया 37 लाख 14 हजार 500 रूपये

अफवाहों से बचने का डीएम व एसपी ने किया अपील, कहा शांति-व्यवस्था कायम रखने में मीडिया की भूमिका अहम

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत देदौर के कृष्णा नगर महादलित टोला में असमाजिक तत्वों द्वारा दर्जनों घरों को आग के हवाले करने के तीन दिनों बाद डीएम व एसपी ने पूरे मामले का खुलासा मीडिया के समक्ष कर दिया है। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में डीएम आशुतोष कुमार वर्मा तथा एसपी अभिनव धीमन ने संयुक्त रूप से प्रेसवार्ता कर बताया कि इस पूरी घटना के पीछे भूमि विवाद है।

उन्होंने कहा कि उक्त जमीन पर टाइटिल सूट संख्या- 22/95 नवादा व्यवहार न्यायालय में लम्बित है। उन्होंने बताया कि यह मामला काफी पूराना है, जिसमें अब तक जो जानकारी प्राप्त की गई है उसमें पेडेषनल सर्वे में वह जमीन गैरमजरूआ था, लेकिन रिविजनल सर्वे में यह रैयती हो गया। जो व्यक्ति दावेदार है उसके विरूद्ध न्यायालय में मामला विचाराधीन है।

उन्होंने बताया कि 29 मई 2024 को न्यायालय द्वारा एक आदेष पारित किया गया है, जिसमें लैंड डिस्पुटेड बताया गया है। जिसका रिपोर्ट शुक्रवार की शाम तक उपलब्ध करा लिया जायगा। उन्होंने बताया कि इस घटना में कुल 34 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसमें 21 घर पूर्णतः क्षतिग्रस्त हुआ है तथा 13 घरों को आंशिक क्षति पहुंचा है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देश पर राहत कार्य जारी है।

उक्त घरों के प्रभावित 34 परिवारों को अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति प्रावधानों के तहत राहत राशि का प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रूपये के अलावा फल के लिए 150-150 रूपये, वस्त्र के लिए 25-25 सौ रूपये, बर्तन एवं घरेलू सामान के लिए 25-25 सौ रूपये तथा गृह क्षति राहत कोष से 41-41 सौ रूपये सहित कुल- 37 लाख 14 हजार 500 रूपये दिया गया है। मौके पर डीडीसी प्रियंका रानी, अपर समाहर्ता चन्द्रशेखर आजाद, सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, एसडीपीओ सदर-वन अनोज कुमार, एसडीपीओ सदर-टू सुनील कुमार, गोपनीय प्रभारी राजीव सिन्हा तथा प्रभारी डीपीआरओ अमरनाथ सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

एसपी ने कहा 28 नामजद में 15 को भेजा गया जेल, एक एसआई को किया गया लाईन हाजिर
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी अभिनव धीमन ने बताया कि इस घटना को लेकर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर 28 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जिसमें 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है तथा शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की जायगी। एसपी ने बताया कि इस घटना में आसूचना संकलन करने में लापरवाही बरतने वाले मुफस्सिल थाना के एसआई निलेश कुमार को लाईन हाजिर किया गया है।

उन्होंने कहा कि आसूचना संकलन करने वालों की जांच की जा रही है। जिस पदाधिकारी या पुलिस कर्मी की लापरवाही पायी जायगी तो उनपर भी कार्रवाई होना तय है। उन्होंने कहा कि फिलवक्त तीन डीएसपी, एक दंडाधिकारी सहित 60 पुलिस जवानों को 8-8 घंटे की शिफ्ट में ड्यूटी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर जमुई और डेहरी-ऑन-सोन से बीएमपी जवानों को मंगाया गया है, इसके अलावा जिले के रिजर्व पुलिस बलों को भी लगाया गया है। उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर अफवाह फैलाने वाले व शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जायगा।

नवादा के कृष्णा नगर अग्निकांड की लपटों ने कैसे बिहार से लेकर दिल्ली तक सियासत को गरमाया, पढ़ें पूरी खबर 

0

राज्य नेताओं से लेकर प्रशासन के वरिय पदाधिकारियों का लगने लगा चौपाल, डीएम ने सभी पीडि़तों को दिया एक लाख पांच हजार का चेक

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के चर्चित कृष्णा नगर अग्निकांड की लपटों ने बिहार से लेकर दिल्ली तक की सियासत में गरमाहट ला दिया है। इस घटना पर राष्ट्रीय नेताओं के बयानबाजी का तीर लगातार चल रही है। वहीं जिला स्तरीय पदाधिकारी सहित राज्य स्तरीय पदाधिकारियों व नेताओं का चौपाल कृष्णा नगर में लग रहा है।

गुरूवार को एडीजी विधि-व्यवस्था संजय सिंह, मगध आयुक्त प्रेम सिंह मीणा तथा आईजी क्षत्रनिल सिंह घटना की जानकारी लेने नवादा पहुंचे, जहां जिला अतिथि गृह में डीएम आशुतोष कुमार वर्मा तथा एसपी अभिनव धीमान सहित अन्य पदाधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर घटना व पीड़ितों को मिलने वाली सुविधाओं की समीक्षा किया।

उसके बाद घटनास्थल सदर प्रखंड अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर महादलित टोला कृष्णा नगर पहुंच घटित घटना का जायजा लिया। पदाधिकारियों ने क्षतिग्रस्त एक-एक घर का मुआयना करते हुए सभी पीडि़त परिवार से मिलकर आपदा प्रबंधन और प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर साथ रहे डीएम और एसपी को कई आवश्यक निर्देश दिया। वहीं डीएम श्री वर्मा ने सभी पीड़ितों को एक लाख पांच हजार का चेक दिया।

घटना का जायजा लेने के बाद आयुक्त श्री मीणा ने कहा कि यह घटना जमीनी विवाद को लेकर हुई है। प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है, घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी नंदु पासवान सहित कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, शेष आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी पीड़ित परिवारों को आपदा प्रबंधन तथा जिला प्रशासन रहने व खाने-पीने की व्यवस्था कर रही है।

इस घटना की सूचना के बाद जिला प्रभारी मंत्री प्रेम कुमार भी गांव पहुंचे और पीड़ितों से बात पर डीएम-एसपी को आवश्यक निर्देश दिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा एमएलसी प्रमोद चन्द्रवंशी, नवादा विधायक विभा देवी तथा जिला परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी सहित अन्य राज्य तथा जिला स्तरीय नेताओं का दौरा जारी है।

इसके अलावा इस घटना पर कांग्रेस के राष्टीय अध्यक्ष, मल्लिका अर्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव तथा हम के संरक्षक सह केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी सहित अन्य नेताओं का बयानबाजी जारी है। यहां के गरीबों की आशियाना उजड़ने के पीछे जमीनी विवाद सामने आ रहा है। ऐसे कई मामले जिले में आज भी भू माफियाओं और स्थानीय सीओ व कर्मचारियों की मिली भगत से दबा हुआ है, जो कभी भी कृष्णा नगर की घटना को दुहरा सकता है।

फिलवक्त यह मामला पूरी तरह से राजनीत मोड़ ले लिया है। हर छोटे-बड़े नेताओं का बयानबाजी जारी है। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव 2025 में होना है, जिसको लेकर नेताओं को कृष्णा नगर का बड़ा मुद्दा मिल गया। वहीं मीडिया के लिए भी कृष्णा नगर ब्रेकिंग बन गया है। ऐसे में इस घटना के पीछे मूल कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है, केवल जमीनी विवाद ही लोग जान रहे हैं। बहरहाल इस घटना के पीड़ितों को सहायता मिलने लगी है, जो बड़ी रहत की बात है।

तस्वीर में देखें, कौन है अग्निकांड के मुख्य आरोपी नंदू पासवान, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर 

0

कृष्णा नगर के पासवान टोला का है रहने वाला नंदू पासवान, 2014 में पुलिस से किया था रिटायर, बेटा है कृष्णा नगर के वार्ड 16 वार्ड सदस्य व बहू है सेविका 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिला मुख्यालय स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के देदौर गांव स्थित कृष्णा नगर में दबंगों द्वारा की गई गोलीबारी कर दर्जनों गरीबों के झोपड़ियों को आग लगाने की घटना में स्थानीय नंदू पासवान को मुख्य आरोपी बनाया गया है।

करीब तीन दर्जन गरीबों की झोपड़ियों में लगाई गई आग के बाद पुलिस ने नंदू पासवान सहित 15 लोगों को गिरफ्तार कर किया गया है। गिरफ्तार नंदू पासवान के बारे में बताया गया कि वह रिटायर्ड पुलिस कर्मी हैं, जो 2014 में पुलिस से रिटायर्ड किया था।

वहीं इनका पुत्र नागेश्वर पासवान कृष्णा नगर के वार्ड 16 का वार्ड सदस्य हैं और बहू सरिता भारती आंगनवाड़ी सेविका है। बहू सरिता भारती बताती है कि जिस जगह पर अगजनी की घटना हुई वहां उनके ससुर नंदू पासवान का 4 डिसमिल रयती जमीन है।

वह बताती है कि उक्त जगह पर कई जाति के लोगों का भी जमीन है। वहीं उनके पड़ोस में रहने वाले एसटीएफ कमांडो चंद्रशेखर पासवान का घर है। इनकी पत्नी अनीसा भारती ने बताया कि उनके देवर दीपक पासवान व नंदोई गुड्डु पासवान को पुलिस उठाकर ले गई

व उनका बाइक भी साथ ले गई है। इधर, प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि स्थानीय ग्रामीण व्यास मुनी का कहना है कि उक्त स्थल से संबंधित जमीन पर वर्तमान में टाईटल सूट संख्या-22/1995 व्यवहार न्यायालय, नवादा में चल रहा है।

व्यास मुनी से घटित घटना के संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि नन्दू पासवान व पन्नु पासवान दोनों स्व सौखी पासवान के पुत्र हैं, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

नवादा के कृष्णा नगर बस्ती में आगजनी की घटना पर हुई त्वरित कार्रवाई, 15 गिरफ्तार, डीएम-एसपी ने क्या दिया जानकारी, पढ़ें पूरी खबर 

0

शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए डीएम  ने आमजनों से किया अपील, राहत कार्य में जुटी प्रशासन, बच्चों को दूध और बड़ों को भोजन का किया व्यवस्था 

एसपी ने कहा गिरफ्तार लोगों के पास से 3 देसी कट्टा, खोखा व 6 बाइक किया गया बरामद, प्राथमिकी में 28 नामजद लोगों में 15 लोगों को किया गया गिरफ्तार

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में अगजनी की घटना को लेकर डीएम-एसपी ने शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। डीएम आशुतोष कुमार वर्मा द्वारा बताया गया कि 18 सितम्बर 2024 को लगभग 7 बजे शाम में सूचना प्राप्त हुई कि नवादा सदर प्रखंड के मुफस्सिल थानान्तर्गत देदौर गांव के कृष्णा नगर नदी पर स्थित बस्ती के झोपड़ियों में असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया।

डीएम के निर्देश पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष, पुलिस टीम, नवादा सदर बीडीओ व सीओ, नवादा सदर एसडीओ तथा नवादा सदर-2 एसडीपीओ द्वारा त्वरित रूप से आवश्यक कार्रवाई की गई। अग्निशमन दस्ता दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया गया। घटना स्थल पर कोई व्यक्ति एवं मवेशी जख्मी नहीं पाया गया। डीएम आशुतोष कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान द्वारा भी घटना स्थल का जायजा लिया गया एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। 

भूमि विवाद को लेकर दिया गया था घटना को अंजाम, 15 गिरफ्तार 

घटना स्थल पर उपस्थित ग्रामीण संजय मांझी के पुत्र व्यास मुनी ने प्रशासन को बताया कि उक्त स्थल से संबंधित जमीन पर वर्तमान में टाईटल सूट संख्या-22/1995 व्यवहार न्यायालय, नवादा में चल रहा है। व्यास मुनी से घटित घटना के संबंध में पृच्छा करने पर बताया गया कि नन्दू पासवान व पन्नु पासवान पिता- स्व सौखी पासवान, शिबू पासवान पिता- स्व जगदीश पासवान, श्रवण पासवान पिता- सुमेश्वर पासवान एवं

अन्य ग्राम- प्राण बिगहा, थाना-मुफस्सिल, जिला-नवादा तथा यमुना चौहान, सोमर चौहान, नूनू प्रसाद, पिता-स्व खिरू चौहान तथा आशीष यादव पिता-देवन यादव सभी ग्राम-लोहानी बिगहा, मुफस्सिल थाना, नवादा एवं दशरथ चौहान, ब्रदी चौहान, रामशरण चौहान, मिथलेश चौहान एवं यदुनंदन चौहान सभी के पिता- स्व चौठी चौहान, साकिन, रघुनाथपुर, थाना-रहुई, जिला-नालन्दा एवं अन्य के द्वारा आगजनी एवं फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। 

प्राथमिकी दर्ज कर 28 लोगों को बनाया गया नामजद अभियुक्त

उक्त घटना के संदर्भ में मुफस्सिल थाना में 19 सितम्बर 2024 को धारा- 191(2)/ 191(3)/190(1)/ 109(1)/ 352/ 351(2) (3)/ 326(G)/ 303(2) /111(3)/61(2)(a) BNS- 2023, 27 आर्म्स एक्ट एवं 3(1)(f)(g)(r)(s)(W)/3(2)(v-a)/3 (2)(v) SC/ST एक्ट  के तहत कांड संख्या- 372/24 दर्ज किया गया। जिसमें 28 लोगों को नामजद एवं अन्य के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज किया गया है। साथ ही उपद्रवी तत्वों की गिरफ्तारी को लेकर SIT टीम का गठन किया गया, जिसके द्वारा विभिन्न स्थलों पर छापेमारी कर मुख्य अभियुक्त नन्दू पासवान सहित कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के क्रम में दोषियों के पास से 3 देसी कट्टा, 3 मिस्ट फायर राउंड, 2 खोखा, 1 पिलेट एवं 6 बाइक बरामद किया गया है। अन्य दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी एवं विधि सम्मत् कार्रवाई की जा रही है। एसआईटी टीम एवं संलग्न पदाधिकारी को सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही घटना स्थल पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पालीबार की गयी है, साथ ही सघन गश्ती की जा रही है तथा वरीय स्तर से निगरानी भी रखी जा रही है। 

राहत कार्य में जुटी प्रशासन, 21 झोपड़ी पूर्णतः व 13 झोपड़ी आंशिक रुप से जली 

जिला प्रशासन पीड़ित परिवारों के लिए तत्काल राहत कार्य में जुट गई है, जिसमें भोजन आदि की व्यवस्था की गयी है। वहीं राहत सामग्री उपलब्ध करायी गयी है एवं अन्य व्यवस्था की जा रही है। अद्यतन सर्वेक्षण के मुताबिक आगजनी में 21 झोपड़ी पूर्णतः जले हैं एवं 13 झोपड़ी अंशतः क्षतिग्रस्त हुए हैं। वर्तमान में स्थिति पूर्णतः नियंत्रित है। अग्रेतर विधिक कार्रवाई तत्परता पूर्वक संपन्न की जायेगी। 

डीएम ने किया शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील 

डीएम आशुतोष कुमार वर्मा द्वारा आमजनों से अपील किया गया है कि कृपया शांति व्यवस्था बनाए रखें एवं जिला प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन, नवादा ऐसे घटना को अंजाम देने वालों के विरूद्ध त्वरित कार्रवाई को लेकर दृढ़ संकल्पित है। कृपया अफवाहों से बचें एवं घटना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त होती है तो अविलंब आप पुलिस से सूचना साझा कर सकते हैं।

नवादा में ऐसा कौन जमीन था जिसके लिए दबंगों ने सैकड़ों महादलितों के आशियाना को कर दिया आग के हवाले, पढ़ें पूरी खबर 

0

नवादा डीएम और एसपी पहुंचे घटना स्थल पर, मुख्य आरोपी सहित 10 लोगों को किया गया गिरफ्तार, डीएम एसपी ने कहा 21 घरों में लगाया गया आग 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर महादलित टोला में रह रहे सैकड़ों गरीबों के घर को किया गया आग के हवाले, नवादा और नालंदा की 9 दमकल वाहनों को लगाया गया आग पर काबू पाने के लिए 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णा नगर महादलित टोला में रह रहे सैकड़ों घरों में दबंगों ने आग लगा दिया। इस घटना के बाद महादलित ग्रामीणों में काफी आक्रोश बन गया है। फिलवक्त गांव के लोग बेघर हो चुके हैं, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटी है।

ग्रामीण गौतम कुमार सहित महिला पुरुषों ने बताया कि समीप के प्राण बिगहा निवासी नंदू पासवान अपने गुर्गों के साथ बुधवार की शाम गांव पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग करने लगे, उसके बाद कृष्णा नगर के सभी महादलित गरीब परिवारों के झोपड़ी में आग लगा दिया। जिस वक्त आग लगाया गया उस वक्त ग्रामीण अपने झोपड़ी में खाना बना रहे थे।

आग की लपटें जब उनके घरों को पूरी तरह अपने आगोश में ले लिया तब लोग जान बचाकर बच्चों व मवेशियों को लेकर भागने लगे। इस घटना की सूचना पर पहुंचे डीएम और एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया। घटना स्थल पर सदर एसडीओ अखिलेश कुमार और सदर एसडीओ अनोज कुमार माहौल को शांत कराने में जुटे रहे। बताया जाता है कि जिस जमीन कृष्णा नगर गांव के जमीन को दबंग कब्जा करना चाह रहे थे वह नदी किनारे बिहार सरकार की जमीन है,

जिस पर महादलित वर्षों से रह रहे थे। घटना स्थल पर पहुंचे डीएम आशुतोष कुमार वर्मा और एसपी अभिनव धीमान जांच के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस बलों की तैनाती कर दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी भी इंसान के हताहात होने की सूचना नहीं है। बता दें कि इस घटना के बाद बेघर हुए गरीब परिवारों के लिए जिला प्रशासन द्वारा अभी तक सर छिपाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है, ऐसे में इन परिवारों का रात काटना मुश्किल हो गया है।

क्या कहते हैं अग्निशमन पदाधिकारी

अग्निशमन पदाधिकारी सोम बहादुर तमंग ने बताया कि आज दिनांक बुधवार की शाम करीब 6:47 बजे आग लगने की सूचना पाकर ग्राम कृष्णा नगर, पंचायत भदोखारा, वार्ड नं 16, थाना मुफस्सिल अंतर्गत आग बुझाने के लिए फायर टेंडर-5 एवं M.T वाहन-5 घटनास्थल पर आग बुझाने गई।

आग पर लगातार पानी देकर आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया। आग लगने का कारण दो समुदायों के बीच आपसी दुश्मनी सामने आया है। झोपड़ियों की संख्या 21 थी जो फुस का बना था। इस अग्निकांड में 5 बकरीयो के जलकर मृत्यु हो गई। आग पूर्ण रूप से बुझाने के उपरांत सभी अग्निशमन वाहन अग्निशमालय वापस पहुंची।


नवादा में पत्नी के साथ पति का हुआ विवाद, पति ने की आत्महत्या, पढ़ें पूरी खबर 

0

ससुराल में रह रहा था मृतक युवक, कार्रवाई में जुटी पुलिस, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा सदर अस्पताल 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

जिस पति की लम्बी आयु को लेकर पत्नी ने दस दिनों पूर्व किया था तीज व्रत, उसी पत्नी के साथ ऐसा क्या विवाद हुआ कि पति ने आत्महत्या कर दुनिया को अलविदा कर दिया। यह मामला नवादा जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के जमालीचक गांव की है,

जहां एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मचा गया। मृतक युवक की पहचान रोह थाना क्षेत्र के सब्दा गांव निवासी शिवालक राजवंशी का पुत्र नवलेश राजवंशी के रूप में किया गया है।

बताया जा रहा है कि नवलेश अपने ससुराल में रहता था और पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, जिसके बाद पति ने गुस्से में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया।

इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस गांव में पहुंचकर मामले की तहकीकात में जुट गई है। फिलवक्त पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। 

हालांकि आत्महत्या के पीछे पत्नी के साथ विवाद की वजह क्या है, इसका अभी तक साफ तौर से खुलासा नहीं हो रही है। पुलिस पूरी जानकारी के लिए पूछताछ कर रही है।

You cannot copy content of this page