बीसीए द्वारा आयोजित अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर हुआ चयन, जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-19 इंटर स्टेट टूर्नामेंट में बिहार टीम की गठन के लिए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने अंडर-19 कैंप की घोषणा की है, जिसमें नवादा के कप्तान सौरभ सुमन, अनुराग कुमार एवं योगेश पटेल को अंडर-19 कैंप में जगह मिली है।
बीसीए द्वारा आयोजित अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने के उपरांत इन तीनों खिलाड़ियों का चयन बिहार अंडर-19 कैंप के लिए किया गया है। नवादा जिला क्रिकेट संघ के सचिव मनीष आनंद ने बताया कि
बीसीसीआई द्वारा आयोजित बीनू मांकड अंडर-19 टूर्नामेंट में चयन इस कैंप में किए गए अच्छे प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। नवादा ने अंतर जिला अंडर- 19 प्रतियोगिता में काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया था,
जिसके फलस्वरुप इन तीनों खिलाड़ियों को उसके प्रदर्शन का इनाम मिला है। इन तीनों खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष राजेश कुमार मुरारी, उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा, सचिव मनीष आनंद,
संयुक्त सचिव सुरेश यादव, कोषाध्यक्ष अभिषेक पांडेय, क्लब प्रतिनिधि अरुण यादव, मनीष गोविंद, राजेश कुमार तथा सुभाष प्रसाद ने बधाई एवं टीम में चयन के लिए शुभकामनाएं दी है।
डायल-112 के वाहन को किया क्षतिग्रत, पुलिस पदाधिकारी व महिला पुलिस कर्मी तथा चालक के साथ मारपीट की घटना को दिया था अंजाम, कांड संख्या- 334/24 दर्ज कर एसपी के निर्देश पर तेज की गई कार्रवाई
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में इन दिनों अपराधियों का तांडव सातवें आसमान पर पहुंच चुका है, हालात यह हो गई है कि अब अपराधियों में पुलिस का एकबाल समाप्त हो गया है। आये दिन अपराधियों द्वारा पुलिस टीम पर हो रही हमला ने पुलिस की नाकामी को उजागर कर दिया है। जिस जनता की सुरक्षा के लिए दुनिया भर में पुलिस को सबसे बड़ा तंत्र माना जाता है आज उसी तंत्र की नवादा जिले में भद्द पिट रही है।
जिसका सबसे बड़ा उदाहरण जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के फाजिलपुर गांव में देखा गया, जहां डायल-112 की पुलिस पर कुछ असमाजिक तत्वों ने हमला कर पुलिस जवानों की जमकर पिटाई कर दिया। इतना ही नहीं उनके वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। यह घटना पूरे राज्य में पुलिस के लिए किरकिरी बन गई है।
बताया जाता है कि डायल-112 के पीटीसी सत्यानंद कुमार 24 सितम्बर 2024 को चालक शक्ति कुमार तथा महिला सिपाही संख्या-815 ममता कुमारी के साथ नारदीगंज थाना क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान करीब 17.05 बजे नवादा-कहुआरा मुख्य मार्ग से नारदीगंज की ओर जाने के क्रम में करीब 17.10 बजे फाजिलपुर गांव के पास मुख्य सड़क से गुजर रहे थे, तभी पुलिस वाहन को देखकर सड़क के किनारे एक गुगटी पर खड़े दो व्यक्ति, जिसमें एक व्यक्ति एक पैर से विकलांग था
उसने पुलिस वाहन को रोकने के लिए अपशब्द का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगा। जिसके बाद गाड़ी रोकने पर उक्त दोनों व्यक्ति वाहन के पास आकर चालक का गेट खोलकर चालक को खींचकर मारपीट करने लगा। पीटीसी सत्यानंद कुमार ने बताया कि जबतक मैं और साथ में रही महिला सिपाही द्वारा गाड़ी से उतरकर उन दोनों व्यक्तियों का विरोध करते कि तबतक रोड से सटे फाजिलपुर गांव से 6-7 की संख्या में लोग अपने-अपने हाथ में लाठी-डंडा लेकर दौड़कर आये
और जान से मारने की नियत से हम सभी के उपर लाठी-डंडा से जानलेवा हमला करना शुरू कर दिया। महिला सिपाही ममता कुमारी के साथ खींचातानी करते हुए उसके साथ भी मारपीट करने लगे। चालक शक्ति कुमार को चारों ओर से घेरकर लाठी से मारकर बुरी तरह से जख्मी कर दिया तथा दाहिना हाथ लाठी से मारकर तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि मेरे साथ भी जैसे-तैसे लाठी बरसाना शुरू कर दिया। वे सभी जान से मारने की नियत से हम सभी के साथ मारपीट कर गिरा दिया।
इसी क्रम में वे लोग वाहन के पीछे एवं बगल का शीशा भी लाठी से तोड़ दिया। तबतक अन्य राहगीर भी वहां पहुंच गये तथा बीच-बचाव किया तो वे सभी वहां से फाजिलपुर गांव की ओर भाग गये। इसके बाद हम सभी किसी तरह उठकर अपने गाड़ी पर बैठे तथा थानाध्यक्ष को सूचित किये। जिसके बाद थाना के गश्ती दल एवं स्थानीय चौकीदार संख्या-3/9 अभिषेक कुमार भी वहां पहुंच गया।
घटना के बारे में वहां आस-पास के लोगों से पूछताछ किये जाने पर गुमटी संचालक ने बताया कि स्थानीय निवासी बौघु सिंह का पुत्र बुलेटन उर्फ राजनीति तथा बौधु यादव का पुत्र पन्नेलाल यादव दोनों खड़ा था, जो पुलिस के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट किया था। जिसके बाद उसके सहयोगी फाजिलपुर गांव के करीब 6-7 अज्ञात लोग भी लाठी-डंडा लेकर वहां पहुंचकर पुलिस पर हमला कर दिया।
जिसका सत्यापन स्थानीय चौकीदार भी किया। इसके बाद जख्मी हालत में सभी पुलिस कर्मी थाना आये, जहां से ईलाज के लिए नारदीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना को लेकर पीटीसी सत्यानंद कुमार के लिखित आवेदन पर स्थानीय थाना कांड संख्या- 334/24 दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद एसपी अभिनव धीमन ने एसडीपीओ-टू सुनिल कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिसके बाद टीम ने फाजिलपुर ग्रामीण बौधु सिंह का पुत्र बुलेटन उर्फ राजनिति तथा स्व मुंशी सिंह का पुत्र संटु कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
रेलवे ने नवादा वासियों को पटना जाने में होगी सहूलियत, दो माह का मिला एक मिनट का अस्थाई ठहराव की मंजूरी
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा से पटना आने-जाने के लिए रेलवे लगातार कोई न कोई ट्रेन की सुविधाएं देने को लेकर तत्पर है। इसी कड़ी में नवादा वासियों को पटना जाने के लिए दानापुर मंडल ने राजगीर से दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन को पावापुरी रोड स्टेशन पर ठहराव शुरू कर दिया है।
इसको लेकर पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को यह जानकारी दी है। बताया गया कि अगामी पर्व त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुविधा को लेकर राजगीर और नई दिल्ली के मध्य चलने वाली
गाड़ी संख्या- 12391/12392 राजगीर-नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस का दानापुर मंडल के पावापुरी रोड स्टेशन पर ठहराव को हरी झंडी मिल गई है। इस ट्रेन को 27 सितम्बर 2024 से 30 नवम्बर 2024 तक एक मिनट का ठहराव प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या- 12391 राजगीर-नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस 27 सितम्बर 2024 से 30 नवम्बर 2024 तक पावापुरी रोड स्टेशन पर सुबह 8.20 बजे रूकते हुए 8.21 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
वापसी में, गाड़ी संख्या- 12392 नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस 27 सितम्बर 2024 से 30 नवम्बर 2024 तक पावापुरी रोड स्टेशन पर 9.16 बजे रूकते हुए 9.17 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
बता दें कि इस ट्रेन का पावापुरी रोड स्टेशन पर दो माह के लिए अस्थाई रुप से ठहराव किया जा रहा, जिससे इस त्यौहारी सीजन में लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही नवादा शहर वासियों को तिलैया से राजगीर होकर पटना जाने की लम्बी दूरी तय करने से बेहतर पावापुरी रोड स्टेशन से ज्यादा आसान होगा।
गौरतलब हो कि नवादा के तिलैया स्टेशन से पटना जाने के लिए इंटरसिटी ट्रेन तो मिला है, लेकिन वह जिला मुख्यालय में रहने वालों के लिए कारगर नहीं है। ऐसे में श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से पटना कम समय में जल्दी पहुंचने के लिए काफी कारगर साबित होगा।
अस्पताल को बदनाम करने की साजिश करने वालों पर अस्पताल प्रबंधन करेगी मानहानि का मुकदमा
प्रेसवार्ता कर चेयरमैन अविनाश कुमार ने कहा एक फेसबुकिया रिपोर्टर के उकसाने पर उग्र हुए थे लोग, हमारा काम जीवन दान देना है किसी का जान लेना नहीं
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा के प्रसिद्ध धर्मशीला देवी हॉस्पिटल में पिछले दिनों 22 सितम्बर 2024 को अस्पताल परिसर में हुई तोड़-फोड़ की घटना को अस्पताल प्रबंधन ने एक सोची समझी साजिश बताया। इसको लेकर बुधवार को उक्त अस्पताल में आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए चेयरमैन अविनाश कुमार ने बताया कि हमारा काम मरीजों का जान लेना नहीं बल्कि उनको जीवन दान देना है।
उन्होंने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पूरी घटना के सन्दर्भ में तथ्यों को मीडिया के सामने रखने का काम किया। उन्होंने बताया कि जिस तरीके से अस्पताल परिसर मे तोड़-फोड़ की गई, अभद्र भाषाओं का इस्तेमाल किया गया और डॉक्टर्स और मेडिकल स्टॉफ पर जानलेवा हमला किया गया, इसकी अस्पताल प्रशासन घोर निंदा करती है।
उन्होंने कहा कानून के अनुसार किसी भी परिस्थिति मे ऑन ड्यूटी डॉक्टर्स पर हमला करना या अस्पताल में तोड़-फोड़ करना बेहद ही संगीन अपराध माना गया है। जिस तरीके से अस्पताल की गाड़ी पर हमला किया गया, जिसमें अस्पताल की महिला चिकित्सक एवं एक अन्य डॉक्टर मौजूद थे, उससे लगता है कि यह सुनीयोजित साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस घटना से ऐसा प्रतीत होता है कि अस्पताल की छवि धूमिल करने कि कुछ लोगों द्वारा साजिश रची जा रही है। चेयरमैन अविनाश कुमार ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टर्स द्वारा अब तक कई मरीजों का सफल उपचार कर नया जीवन दिया जा चूका है, जिसमें कई का निःशुल्क उपचार भी किया गया है। ऐसे में अस्पताल को बदनाम करना किसी साजिश के तहत ही हो सकता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में अस्पताल को सुरक्षा प्रदान करने में पुलिस प्रशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसके लिये अस्पताल प्रबंधन उनका आभार व्यक्त करती है। अस्पताल प्रबंधन ने तोड़-फोड़ करने वाले व डॉक्टर्स पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपा गया है, जिसपर जिला प्रशासन ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
बदनाम करने वाले फेसबुकिया रिपोर्टर पर किया जा रहा मुकदमा
चेयरमैन अविनाश कुमार ने बताया कि एक और मामले को अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने बताया कि जिस तरीके से एक निजी फेसबुक न्यूज़ चैनल द्वारा तथ्यहीन आधार पर अस्पताल की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है, उसे भी एक साजिश का हिस्सा मानती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से फेसबुकिया रिपोर्टर के द्वारा लोगों की भीड़ को उकसाया गया और अस्पताल एवं डॉक्टर्स की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई,
उसके खिलाफ अस्पताल प्रबंधन कानूनी कर्रवाई करने का निर्णय लिया है। गौरतलब कि नवादा जैसे छोटे शहर में समस्त संसाधनों से लैस महानगरों वाली सुविधाएं और काबिल चिकित्सकों की टीम से लैस धर्मशीला देवी हॉस्पिटल किसी वरदान से कम नहीं है। अस्पताल के सर्जन डॉ सौरभ भारद्वाज ने बताया कि जिस दिन यह घटना हुई उसी दिन एक व्यक्ति गोली लगा हुआ भर्ती हुआ था, जिसके शरीर से सफलता पूर्वक गोली निकलकर उसका जान बचाया गया था।
बावजूद लोग बेहतर कार्य को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी चिकित्सक किसी मरीज को मारने के लिए नहीं उसको बचाने के लिए इलाज करता, चिकित्सक भगवान नहीं है। ऐसे में जीवन और मौत भगवान के हाथ में होता, इस बात को लोगों को समझने की जरुरत है। मौके पर अस्पताल के न्यूरो सर्जन डॉ ब्रजेश सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
प्रताड़ना का दंश झेल रही पत्नी को पति व ससुराल वालों ने पीट-पीटकर किया हत्या, पुलिस ने सास-ससुर को किया गिरफ्तार, पति सहित अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस कर रही छापेमारी
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में एक सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आई है, जिसमें जितिया का भात खाने से पहले ही तीन संतानों के सिर से सदा के लिए उठ गया मां की साया। जिस मां ने अपनी संतानों की दिर्घायु के लिए जितिया व्रत कर रही थी, उसी का पति मौत का सौदागर निकला।
दरअसल यह मामला जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवनारायण बिगहा गांव की है, जहां पति सहित ससुराल वालों ने बहू की पीट-पीटकर हत्या कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया,
वहीं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि मृतका तीन बच्चों की मां फुलवंती देवी की शादी 17 साल पहले नगर थाना क्षेत्र के शिवनारायण बिगहा गांव निवासी भुवनेष्वर मांझी के पुत्र सुनील कुमार से हुई थी।
मायके के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से अक्सर मृतका फुलवंती देवी को प्रताड़ित किया जा रहा था। कई बार पति-पत्नी के बीच समझौता भी कराया गया, बावजदूद ससुराल वालों ने मिलकर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। परिजनों ने बताया कि मृतका का सिर फटा हुआ था और शरीर पर जख्म के निशान थे।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से घटना की जानकारी ली। जिसके बाद एफएसएल की टीम घटना स्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य इकट्ठा किया। इस सम्बंध में नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने बताया कि इस घटना में संलिप्त मृतका की सास व ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अपनी पत्नी की हत्यारा पति सुनील मांझी तथा उसके दो भाई फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब हो कि इस घटना के ठीक एक दिन पूर्व भी एक विवाहिता का शव घर में पंखे से लटका मिला था, जिसमें पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया था।
इस घटना में भी मृतका का पांच वर्षीय मासूम के सिर से उसकी मां का साया सदा के लिए उठ गया है। बहू और बेटियों की प्रताड़ना कर की जा रही निर्मम हत्या ने मानवता को कलंकित कर दिया है। ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों पर सख्त कार्रवाई से ही बहू-बेटियों की प्रताड़ना में कमी आ सकती है।
नगर के कलाली रोड नया पुल के मार्ग पर किसान हार्डवेयर ने खोला नेरोलॉक नेक्सटजेन शॉपी, संचालक संदीप ने बताया भविष्य को देखकर घर के लॉन्ग-लाईफ का है समुचित व्यवस्था और आधुनिक सिस्टम घरों में डम्प होने की समस्या का होगा निदान, वास्तु शास्त्र के हिसाब से घरों को पेंट कराने की है व्यवस्था, खिड़की-दरवाजे और फर्नीचर को नया लूक देने के लिए सनमाईका व मार्बल की तरह पेंट कराने की है सुविधा
Report by Nawada News Xpress नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले को विकसित करने में कहीं न कहीं व्यवाईयों का बड़ा योगदान सामने आ रहा है। इस जिले में न तो कल-कारखाने हैं और ना ही कोई ऐसा पर्यटन स्थल है, जहां दूर-दूर से लोग आ सके। ऐसे में यहां पर व्यवसाय का आधुनिकरण होना इस शहर को एक नया लुक प्रदान कर रही है।
इसका सबसे बड़ा उदाहरण नवादा शहर के पुरानी बाजार का प्रसिद्ध किसान हार्डवेयर है, जिसके अथक प्रयास से बिहार का पहला नेरोलॉक नेक्टजेन शॉपी का सौगात नवादा वासियों को दिया है। यह नेरोलॉक नेक्टजेन शॉपी नगर के कलाली रोड नया पुलिस के रास्ते में खोला गया है।
इसके संचालक संदीप कुमार उर्फ रिंकू जी बताते हैं कि पूरे बिहार में नेरोलॉक का एक से बढ़कर एक प्रतिष्ठान है, परंतु हमारे अथक प्रयास से नेरोलॉक कम्पनी ने हमारी 30 वर्षों की मेहनत को ध्यान में रखते हुए यह शॉपी खोलने का सौगात मिला है।
उन्होंने कहा कि नेरोलॉक नेक्सटजेन का सबसे बड़ा खासियत है कि पुराना हो या नया घर, उसे हमेशा चकाचक व लॉन्ग-लाईफ प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि कम्पनी का इस शॉपी के माध्यम से आने वाली जेनरेशन को ध्यान में रखते हुए पेंट की दुनिया में खास तरह का सोल्युशन दिया है, जिसमें लोगों की अक्सर शिकायत होती थी कि घर में डम्प हो रहा है, उससे कैसे बचायें।
उन्होंने बताया कि इसके लिए कम्पनी ने डम्प वाले दिवारों का इलाज भी दिया है और वास्तु शास्त्र के हिसाब से घर को पेंट करने का सिस्टम भी दिया है। उन्होंने कहा कि यहां पर अपने घर या कमरे की तस्वीर लाकर लोग उसके वास्तु या कल्पना के अनुसार मनपसंद कलर से सजाकर सॉफ्टवेयर पर देख सकते हैं।
इसके लिए परिवार के साथ यहां बैठकर शांति से समझने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि खिड़की-दरवाजे और फर्नीचरों के लिए भी खास तकनीक का पेन्टिंग प्रस्तुत किया है, जो केवल नेरोलॉक नेक्सटजेन शॉपी में ही उपलब्ध है। इसमें मार्बल व सनमाईका की तरह आपके खिड़की-दरवाजे व फर्नीचर दिखेंगे।
उन्होंने बताया कि आम तौर पर बाजारों 12 सौ तरह के ही कलर उपलब्ध है, लेकिन नेरोलॉक नेक्सटजेन ने 26 सौ तरह का कलर दिया है, जो सबसे अलग है। उन्होंने बताया कि इसके साथ 12 साल के लिए लॉन्ग-लाईफ पेन्टिंग की भी व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा यहां हिन्दवेयर जैसी बड़ी कम्पनी का सेनेटरी की भी व्यवस्था की गई है।
जितिया पर्व की तैयारी कर रही विवाहिता का पति के साथ हो गया अनबन, फिर रात होते ही पंखे से लटकर लगा ली फांसी, पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच में जुटी पुलिस
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा नगर थाना क्षेत्र के यमुना पथ न्यू एरिया मुहल्ले में जितिया पर्व से पहले एक संतान के सिर से उसकी मां का साया सदा के लिए उठ गया। इस दर्द विदारक घटना ने से पूरे मुहल्ले में कोहराम मचा हुआ है। एक तरफ विवाहिता और उसके इकलौता पुत्र जितिया पर्व को लेकर उत्साहित थे और अपने एक मात्र पुत्र की लम्बी आयु के लिए जितिया पर्व की तैयारी में जुटी थी,
तभी सोमवार की रात्रि पति-पत्नी में अनबन हुआ और फिर विवाहिता ने पंखे से फांसी लगाकर अपनी ईह लीला समाप्त कर ली। इस घटना से उनके इकलौते पुत्र के सिर से सदा के लिए उसकी मां की ममता उठ गया। बताया जाता है कि उक्त मुहल्ला निवासी मुकेष कुमार की 36 वर्षीय पत्नी निभा कुमारी ने आत्महत्या कर लिया।
पति मुकेश पेशे से एक निजी विद्यालय का शिक्षक हैं और घटना की रात्रि दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हो गया, यह विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने अपने आप को एक कमरे में बंद कर घर के छत से लटक रही पंखे में फंदा लगाकर फांसी लगा ली।
गौरतलब हो कि उक्त मृतक का घर नगर थाना क्षेत्र से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित झा निवास के समीप है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनोज कुमार, इंस्पेक्टर अविनाश कुमार पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बता दें कि पकरीबरावां थाना क्षेत्र के बाजपुर गांव निवासी शंभू शरण की पुत्री निभा कुमारी के साथ मुकेश कुमार की शादी वर्ष 2017 में हुई थी।
आक्रोशित मायके के परिजनों ने मृतका के ससुराल वालों पर ही हत्या करने के साथ-साथ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पुलिस तमाम मामलों की छानबीन कर रही है। सबसे आश्चर्य की बात रही कि इस घटना में मृतक महिला के भैसुर राकेश कुमार के द्वारा खुद ही फोन कर नगर थाना, डायल 112 और मीडिया को इसकी सूचना दी गई।
घटना की खबर जैसे ही मुहल्लेवासियों को मिली तो लोगों की भीड़ वहां जुट गई, जिसके बाद लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे। वहीं पुलिस चलंत एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजे को तोड़कर फॉरेंसिक जांच के बाद शव को पंखे से उतारा गया।
जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। सूत्रों की मानें तो इस घटना के बाद पुलिस ने पति सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बता दें कि मृतका का एक 5 वर्षीय पुत्र है जिसके सिर से मां की ममता का साया सदा के लिए उठ गया।
कृष्णा नगर अग्निकांड के बाद दुर्गा पूजा शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर डीएम हुए सख्त, जल्द जारी होगा संयुक्ता आदेश
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के सभी पदाधिकारी व कर्मियों का अवकाश तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। सोमवार को डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने बताया गया कि इस वर्ष दुर्गा पूजा का त्यौहार 3 अक्टूवर से प्रारम्भ होकर 13 अक्टूवर 2024 तक मनाया जायेगा।
डीएम ने कहा कि नवादा जिला साम्प्रदायिक दृष्टिकोण से अति संवेदनशील है। 18 सितम्बर 2024 को जिले के सदर प्रखंड अन्तर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर नदी तट पर असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है,
ऐसी स्थिति में पर्व की संवेदनशीलता बढ़ गयी है। दशहरा त्यौहार शांतिपूर्ण वातावारण में मनाये जाने को लेकर संयुक्तादेश निर्गत किया जायेगा। संयुक्तादेश में बड़े पैमाने पर विशेष कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी एवं कर्मी की प्रतिनियुक्ति विधि-व्यवस्था कर्तव्य संघारण को लेकर की जायेगी।
इस परिप्रेक्ष्य में तत्काल प्रभाव से जिले के सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी एवं कर्मी का अवकाश रद्द किया जाता है एवं आदेश दिया जाता है कि सभी पदाधिकारी व कर्मी मुख्यालय में उपस्थित रहेंगे। विशेष परिस्थिति में जिलाधिकारी से लिखित आदेश प्राप्ति के उपरान्त ही मुख्यालय छोड़ेंगे।
घटना स्थल पर पहुंच मंत्री ने पीड़ित परिवारों से मिलकर जाना हाल, कहा यह जमीनी विवाद काफी पुराना है, जमीन महंगा होने के कारण भू-माफियाओं का है गिद्ध दृष्टि, न्यायालय की शिथिलता के कारण गरीबों को उजाड़ने में भू-मफियाओं ने दिया अगलगी की घटना को अंजाम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के चर्चित कृष्णा नगर अग्निकांड के पीडितों से मिलने व घटना की पूरी जानकारी लेने नवादा पहुंचे केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने इस घटना के पीछे भू-माफियाओं का हाथ बताया। साथ ही यहां के पूरे सिस्टम को भी दोषी ठहराया। मंत्री श्री मांझी ने घटना स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी लिया। उन्होंने मीडिया को बताया कि यह मामला पूरी तरह से जमीनी विवाद है, जो वर्ष 1966 से चला आ रहा है। इस बीच उक्त जमीन को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में भी इस भूमि को लेकर विवाद हुई थी।
जिसके बाद डीसीएलआर कोर्ट से फैसला भी पीड़ितों के पक्ष में दिया गया था। उक्त फैसले के बाद परमाना भी पीड़ितों को मिला हुआ है। ऐसे में उन लोगों का रैयती राईट भी बनता है। लेकिन, वह जमीन अब काफी महंगी हो गई है और यह भूमि सड़क किनारे रहने के कारण इसका कीमत लाखों में हो गया है, जिससे भू-माफियाओं का इस पर गिद्ध दृष्टि है। ऐसे लोग गरीब असहाय लोगों के जमीन का गलत कागजात बनवाकर उजाड़ने के लिए हर तरफ से लगे रहते हैं, जिसका उदाहरण नवादा का कृष्णा नगर सामने आया है।
उन्होंने साफ कहा कि यहां रह रहे गरीबों को उजाड़ने के लिए बोगस परमाना बनाकर भू-माफिया लोगों को उजाड़ने पर तूले हैं। उन्होंने इस पूरे मामले का सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के मामले पूरे बिहार में देखने को मिल रहा, जिसका आवाज हमने विधानसभा में भी उठाया था। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार के मुखिया नीतीश कुमार की सख्ती के कारण इन गरीबों को समुचित व्यवस्था के साथ सुरक्षा मिल रही है।
गरीबों के जमीन का मामला कोर्ट में कई सालों से है लम्बित, जो न्यायिक प्रक्रिया का है दोष केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पीड़ितों से मिलने के बाद कहा कि यह जमीन का मामला कई सालों से न्यायालय में चल रही है, जिसका फैसला अब तक नहीं आना न्यायिक प्रक्रिया का दोष है, जिसके कारण गरीब-गुरबा अत्याचार का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो टाइटिल पूर्व से न्यायालय में 24 साल से चल रहा है, इसका फैसला 10 साल पूर्व में ही हो जाता तो आज इस तरह की घटना नहीं घटती। कोर्ट में लम्बित मामले का फायदा उठाकर भू-माफियाओं ने इस तरह की घटना को अंजाम देकर जमीन से बेदखल करने का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में जब प्रशासन से पूछा तो उनके पास भी जानकारी का आभाव है। मंत्री श्री मांझी ने कहा कि जिला प्रशासन यह मामला तीन साल पुराना बता रही है, जो सफेद झूठ है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को वास्तविकता की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि किसी की जमीन पर कोई महादलित या एससी-एसटी 12 वर्षों से रह रहा है तो यह सरकार का नियम है कि उस जमीन पर रहने वाले का हक बनता है। उसके आधार पर भी इन गरीब परिवारों को टाइटिल मिलना चाहिए था। उन्होंने कहा कि प्रशासन के लोग इस मामले को दबाना चाह रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कहीं न कहीं इस पूरे मामले में भू-माफियाओं से जिला प्रशासन की मिली भगत है। उन्होंने कहा कि रेवन्यू विभाग के उस कानून को लागू करना चाहिए, जिसमें है कि 12 वर्ष तक अगर महादलित के लोग किसी रैयती जमीन पर रह रहे हैं तो उनको हक मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने गरीबों के घरों में पेट्रोल छिड़क कर आग लगाया है, जिसमें जिस पासवान का नाम आ रहा है, वह इसमें अकेले नहीं है उसके पीछे कुछ अदृश्य शक्तियां है, जिसके चलते यह घटना घटी है। मंत्री श्री मांझी ने कहा कि प्रशासन नहीं चाहती कि गरीबों का आवास इस जमीन पर बने, लेकिन मैं यह दावे के साथ कहता हूं कि इसी जमीन पर इन लोगों का आवास, शिक्षा, पानी और बिजली की व्यवस्था होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश भर में 3 करोड़ गरीब परिवारों को आवास देने की योजना है, उसी के तहत इनको लाभ दिलाया जायगा। मौके पर हम के प्रदेश अध्यक्ष सह टेकारी विधायक अनिल कुमार, सिकन्दरा विधायक प्रफुल मांझी, बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी, राष्ट्रीय प्रवक्ता रोमित सिंह, प्रदेश महासचिव लवकुश कुमार, जिलाध्यक्ष अशोक मांझी, उपाध्यक्ष सनोज साव तथा वारिसलीगंज के प्रखंड अध्यक्ष रामवृक्ष मांझी सहित दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रबंधक फिरोज ने कहा शॉपिंग मॉल से बढ़ती है शहर की शान, कपड़े व बच्चों के खिलौना सहित दैनिक उपयोग के घरेलू सामान भी है उपलब्ध Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
किसी भी शहर के विकास में व्यवसाय का बड़ा हाथ होता है। इस कड़ी में त्योहारों के सीजन में बॉम्बे बाजार शॉपिंग मॉल का बड़ा सौगात मिला है। नवादा-गया रोड स्थित पार नवादा एसके टावर के निकट साईं मंदिर के पास बॉम्बे बाजार का भव्य शुभारंभ हुआ है, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नवादावासी और ग्राहक थे।
इस अवसर पर पूर्व एमएलसी सलमान रागिब मुन्ना, हाजी अलीमुद्दीन, मो शाहीद अयूब खान अधिवक्ता, मो फिरोज़ खान, मो खालिद अयूब खान, मो साजिद अयूब खान, मो जावेद अयूब खान, हाजी मो साबिर खान, प्रो हाज़िक खान, सैयद जैकी हैदर, पीपी सैयद तारीक, पंकज कुमार तथा मो अकील हुसैन आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर बॉम्बे बाजार शॉपिंग मॉल का उद्घाटन किया।
साथ ही इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा की बड़े मेट्रो सिटी की तरह ही नवादा में बॉम्बे बाजार शॉपिंग मॉल खुला है। बॉम्बे बाजार मगध क्षेत्र का काफी लोकप्रिय शॉपिंग मॉल है। नवादा में भी जिलेवासियों के आशीर्वाद से काफी लोकप्रिय साबित होगा।
पूर्व एमएलसी सलमान रागिब ने कहा कि नवादा में पहला ऐसा शॉपिंग मॉल खुला है, जहां एक छत के नीचे हर तरह की वस्तुएं उपलब्ध हैं। मॉल का लुक भी मेट्रो पॉलिन सिटी की तरह देखने को मिला। इस अवसर पर बॉम्बे बाजार नवादा के प्रबंधक फिरोज खान ने बताया के ग्राहकों के डिमांड पर नवादा में यह नया ब्रांच खोला गया है।
यहां पर एक छत के नीचे बच्चों से लेकर बूढ़े, जवान सभी आयु के महिलाओं एवं पुरुषों के लिए फैंसी और उच्च क्वालिटी के कपड़े उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा हमारी यही कोशिश होती है कि हम अपने ग्राहकों को अच्छे एवं फैंसी सामान उपलब्ध कराएं।
हमारे यहां मेन्स के लिए रेडीमेड के कई आइटम हैं, पैंट, टी-शर्ट, चप्पल, महिलाओं के लिए साड़ी, सूट, फ्रॉक सूट, कुर्ती, लहंगा तथा सभी प्रकार के घरेलू सामान व दैनिक उपयोग के वस्तु उपलब्ध हैं। इसके अलावा बच्चों के खिलौने, गाड़ी, किचन आइटम एवं अन्य चीजें भी इस मॉल में उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि ग्राहकों को खरीदारी करने पर विशेष उपहार भी दिया जा रहा है, जिसमें 10 हजार रूपये की खरीदारी पर चांदी का सिक्का तथा एक हजार रूपये की खरीदारी पर एक लक्की ड्रॉ कूपन दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक अलग कॉन्सेप्ट के साथ बॉम्बे बाजार नवादा में आपकी सेवा करने के लिए खोला गया है।
उन्होंने बताया कि बॉम्बे बाजार का नवादा में पांचवां ब्रांच है, जिसमें गया में तीन व जहानाबाद में एक ब्रांच संचालित है। मौके पर रंजीत कश्यप अधिवक्ता, अभिजीत कश्यप अधिवक्ता, मुरारी जी, सैयद उस्मानी, सैयद नाज़िश हसनैन अधिवक्ता, मो शमशाद, मुन्ना जी, सन्नी जी, शब्बीर आलम, जावेद आलम, समद अहमद तथा उमैर अहमद सहित दर्जनों की संख्या में लोग मौजूद थे।