प्रशासनिक व विधि-व्यवस्था तथा लोक सभा आम निर्वाचन 2024 में सराहनीय योगदान को लेकर समाहरणालय में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा डीएम आशुतोष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में प्रशासनिक व विधि-व्यवस्था तथा लोक सभा आम निर्वाचन 2024 से संबंधित कार्याें के सम्पादन में सराहनीय योगदान को लेकर प्रशस्ति-पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
इस आयोजन में जिले के पदाधिकारियों को जिलाधिकारी के कर कमलों द्वारा प्रशस्ति-पत्र वितरण कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले पदाधिकारियों में अपर समाहर्त्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी संजय कुमार, अपर समाहर्त्ता सह जिला दंडाधिकारी चन्द्रशेखर आजाद,
सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल, नवादा सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पियूष, रजौली के भूमि सुधार उपसमाहर्ता प्रमोद कुमार, नवादा सदर भूमि सुधार उपसमाहर्ता गौरव शंकर, वरीय उप समाहर्ता राजीव कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी नवीन कुमार पांडेय,
नवादा सदर अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी डॉ राजकुमार सिंह, परीक्ष्यमान वरीय उप समाहर्ता नवादा अमरनाथ कुमार, तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी नवादा दिनेश कुमार चौधरी एवं अन्य पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बता दें कि लोक सभा निर्वाचन 2024 को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में चुनाव सम्पन्न में उक्त सम्मानित पदाधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा, जिसको लेकर डीएम ने सम्मान किया। बता दें कि आने वाले दिनों में बिहार विधानसभा चुनाव की भी तैयारी शुरू कर दी गई है।
इस सम्मान समारोह के माध्यम से आने वाली विधानसभा चुनाव को भी इसी तरह संपन्न कराने को लेकर प्रोत्साहित करते हुए डीएम ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करने का नसीहत दिया।
नारदीगंज में मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष शिक्षाविद व समाजसेवी डॉ अनुज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ भव्य समारोह, डॉ अनुज ने कहा श्री बाबू ने किया आधुनिक बिहार का निर्माण
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के नारदीगंज प्रखंड बिहार केसरी एवं प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह की 137वीं जयंती समारोह आयोजित कर मनाई गई। इस समारोह की अध्यक्षता नवादा जिले के प्रसिद्ध समाज सेवी, शिक्षाविद एवं मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह ने किया। इस कार्यक्रम में नारदीगंज प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से लगभग 500 लोगों ने शिरकत किया।
कार्यक्रम का संचालन का कार्य प्रसिद्ध समाजसेवी अनिल कुमार के द्वारा किया गया। सर्वप्रथम श्री बाबू के तैलीय चित्र पर डॉ अनुज सिंह के द्वारा माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर उन्होंने ने कहा कि नवादा जिले के गौरव की बात है कि श्री बाबू का जन्म इसी जिले में हुआ है। बिहार के निर्माण और राजनीतिक निर्णय लेने में बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह की बड़ी भूमिका रही है।
उन्होंने जमींदारी प्रथा का उन्मूलन और लैंड सीलिंग जैसे बड़े और साहसिक कार्य किए थे। उन्होंने बड़े-बड़े कल कारखाने के द्वारा बिहार का आधुनिक निर्माण किया था। डॉ अनुज ने कहा कि अब तक उनको भारत रत्न नहीं दिया जाना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री बाबू को बहुत पहले भारत रत्न मिल जाना चाहिए था। इस अवसर पर अनिल कुमार ने कहा कि श्री बाबू किसानों एवं गरीबों के मुखर नेता थे।
उनके कार्यकाल में बिहार को एक नई दिशा मिली थी। बिहार को आगे ले जाने एवं कल कारखाने लगाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है। वे एक ऐसे नेता थे जो सबको साथ लेकर चलते थे। इस कार्यक्रम में नारदीगंज प्रखंड के सभी वक्ताओं ने भी अपना विचार रखा। इसमें नारदीगंज उच्च विद्यालय के पूर्व प्राचार्य श्रीकांत सिंह, बिक्कू के सेवानिवृत शिक्षक सुरेश प्रसाद सिंह, कोशला पंचायत के पूर्व मुखिया रविंद्र सिंह, ननौरा पंचायत के मुखिया प्रदीप सिंह एवं
सरपंच मो बारीक, हंडिया के अधिवक्ता अरविंद कुमार तथा कहुआरा के प्रो डॉ राजकुमार सिंह सहित तमाम वक्ताओं ने महान राजनेता श्रीकृष्ण सिंह को याद किया। बिहार के पहले सीएम को पूरे राज्य में बेहद सम्मान मिलता है। इसकी वजह यह है कि वे एक राजनेता के तौर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को बखूबी पालन किया।
चंद्रिका सिंह ने बताया कि आज की राजनीति में राजनेताओं का भ्रष्ट होना सबसे बड़ी बुराई बन गई है। ऐसे में श्रीकृष्ण सिंह को याद किए जाने की जरूरत है। इस अवसर पर डॉ अनुज ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह के महज 10 साल के कार्यकाल में बिहार में जो उद्योग, कृषि, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य, कला व सामाजिक क्षेत्र में कई कार्य हुये हैं, वह आज देखने को नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आह्वान किया कि आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ श्री बाबू हैं, इसलिए हमें उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि बिहार केसरी डॉ श्री कृष्ण सिंह के कार्यों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। बिहार के जातिवादी संगठनों को विचार करने की जरूरत है। श्री बाबू की सोच दलित, पिछड़ा किसान, नौजवान, अमीर, गरीब सब के प्रति एक जैसी थी।
उन्होंने कहा कि आज हमें उनके आदर्शों पर चलने की जरूरत है। श्री बाबू किसी जाति एवं धर्म के नेता नहीं थे, बल्कि सर्व समाज के नेता थे। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शो पर चलने से ही बिहार और समाज का कल्याण संभव है। इस दौरान बैठक में राजनीतिक चर्चाएं भी हुई जिसमें सभी का एक मत दिखने को मिला।
गैस सिलेंडर लीकेज से घर में लगी आग के बाद हजारों रुपए मूल्य की संपत्ति जलकर हुई राख, बाल-बाल बचे लोग, इंडेन गैस सिलेंडर कंपनी की लापरवाही से उपभोक्ता को मिला था लिकेज गैस सिलेंडर
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
आप रसोई गैस सिलेंडर ले रहे हैं तो सावधान हो जाइये, कहीं कंपनी वाले आपको लिकेज गैस सिलेंडर तो नहीं दे रहे हैं। इस तरह का लिकेज गैस सिलेंडर ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा वितरण किया जाता, ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत हो गई है। ऐसा ही एक ताजा मामला नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हाजीपुर पंचायत के मय गांव में घटित हुआ,
जहां एक घर में सिलेंडर लीकेज रहने के कारण आग लग गई। जिससे कमरे में रखा नगदी सहित हजारों रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई। पीड़ित स्व अवध सिंह के पुत्र सौरव कुमार ने बताया कि नया गैस सिलेंडर शुक्रवार को लाया गया था। गैस सिलेंडर पूजा घर के पास रखा हुआ था। शाम के समय पत्नी द्वारा पूजा करने के लिए दीप जलाया जा रहा था।
इसी दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई और देखते ही देखते पूजा घर सहित पूरे घर को आग ने अपने आगोश में ले लिया। आग लगने के बाद किसी प्रकार वहां रही महिला सहित घर वाले बाहर भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। आग लगने की जानकारी के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और निजी पंप सेट व अन्य संसाधनों से आग पर काबू पाया जा सका।
परंतु, तब तक घर में रखा दस हजार रूपये नगदी, बच्चों का बैग, कपड़ा, पलंग, किवाड़, जमीन के कागजात सहित अन्य कागजात, हजारों रुपए मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामानों में इन्भर्टर, पंखा तथा तार आदि जलकर राख हो गया। आग पर काबू पाए जाने के बाद घटना की सूचना गैस कंपनी को दी गई।
सूचना बाद कंपनी का एक व्यक्ति पहुंचकर गैस सिलेंडर से लगी आग से हुए नुकसान का आंकलन किया। बता दें कि वारिसलीगंज में इंडेन गैस कंपनी का एजेंसी है। जिसे उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के गैस सिलेंडर में लिकेज की शिकायत आम हो गई है। उपभोक्ता बताते हैं कि गैस खरीदते वक्त ही गैस सिलेंडर में अलग-अलग कारणों से लिकेज रह जाता है।
बावजूद, लाचारी में गैस सिलेंडर खरीदना पड़ता है। वहीं लिकेज के कारण गैस जल्दी खत्म हो जाती है या आग लगने की घटना होती है। इस संबंध में पूछे जाने पर गैस कंपनी के एक कर्मचारी द्वारा बताया गया कि कंपनी द्वारा ही सील करके सिलेंडर भेजी जाती है। जिसमें लीकेज रहने के बाद हम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
गौरतलब हो कि आने वाले कुछ दिनों में दीपावली का पर्व है, जिसमें दीप और पटाखे जलाये जाते हैं, ऐसे में रसोई गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाले कंपनियों के द्वारा उपभोक्ताओं को लिकेज गैस सिलेंडर आपूर्ति किया जाना मौत को दावत देने के समान है। साथ ही बड़ी घटनाएं कभी भी घट सकती है। इसके लिए अग्निशमन विभाग और जिला प्रशासन को सख्ती से कार्रवाई करने की जरूरत है,
ताकि लोगों लिकेज गैस सिलेंडर आपूर्ति नहीं किया जा सके। फिलवक्त इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम है। हालांकि अग्निशमन विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक मॉकड्रिल व पम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, बावजूद गैस कंपनियों की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है।
24 घंटे तक हर एक घंटे पर पाठ पर बैैठते हैं एक ग्रामीण, नगर के बुधौल गांव में चल रहा 30 दिनों का अखंड पाठ का महायज्ञ
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा शहर से सटे बुधौल गांव में कार्तिक माह की पहली तिथि यानि 18 अक्टूबर से शुरू हुआ अखंड श्री रामचरित्र मानस महायज्ञ में ग्रामीणों की आस्था और श्रद्धा देखते बन रहा है, जो कार्तिक पूर्णिमा तक चलेगा। यहां पिछले 52 सालों से हर साल कार्तिक माह में 30 दिनों का अखंड श्री रामचरित्र मानस पाठ का आयोजन होते आ रहा है।
जिसमें पूरे गांव के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। यहां के संयोजक वशिष्ठ मिश्रा बताते हैं कि 30 दिन 24 घंटे तक चलने वाली अखंड पाठ में गांव के लोग एक-एक घंटा पाठ पर बैठते हैं। इस प्रकार से 24 घंटे में गांव का हर एक ग्रामीण इस पाठ में हिस्सा लेते हैं।
जिससे 24 घंटे तक अखंड पाठ आसानी से पूरा हो जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव सहित जिले व देश दुनिया में सुख शांति और अमन चैन काी कामना को लेकर यह महायज्ञ 52 सालों से एक परम्परा के रूप में चलता आ रहा है।
इसका समापन कार्तिक पूर्णिमा को यज्ञ स्थल के समीप महाभंडारा का आयोजन के साथ किया जायगा। इस अखंड पाठ में गांव भर के महिला व पुरूष पूरी श्रद्धा के साथ जुटे हैं। सुबह शाम आरती के बाद प्रसाद का वितरण किया जाता है।
गौरतलब हो कि सनातन धर्म में कार्तिक माह सबसे पवित्र माह माना जाता है, जिसमें हर लोग शुद्धता का पूरा ख्याल रखते हैं और घरों में सुबह-षाम दीप जलाया जाता है। इस गांव के इस परम्परा को दशकों से लोग निभाते आ रहे हैं,
जिसमें बाहर से कोई भी पंडित व महात्मा नहीं आते हैं, गांव के ही लोगों द्वारा अखंड रामचरित्र मानस पाठ महायज्ञ किया जाता है। इसको लेकर जिस मंदिर में महायज्ञ किया जा रहा है, उसे भव्य रूप से सजाया गया है। इसका आयोजन स्थानीय ग्रामीण अपने खर्च पर करते हैं।
बता दें कि यह गांव ब्राह्मणों का गांव है, जहां एक से बढ़कर एक ब्राह्मण रहते हैं। पूर्वजों के बनाये इस परम्परा को पूरी भक्ति के साथ किया जाता है, जिसमें हर लोगों का योगदान होता है। इसके सफल आयोजन में सचिव विनोद मिश्रा, जनार्दन मिश्रा, राजकिशोर मिश्रा, सुबोध मिश्रा तथा अरूण कुमार त्रिपाठी सहित सैंकड़ों लोग जुटे हैं।
इलेक्ट्रिक बाइक के बाद अब ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक ऑटो पर दिया जा रहा उपहार के साथ-साथ फाइनेंस की सुविधा, कम्पनी के डायरेक्टर ने कहा इलेक्ट्रिक बाइक के बाद इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर्स लायेगा क्रांति,
संचालक ने कहा रोजगार के लिए दूसरे ई-रिक्शा व इलेक्ट्रिक ऑटो से है बेहतर क़्वालिटी, सर्विस की भी है समूचित व्यवस्था, गरीबों के लिए साबित होगा वरदान
Report by Nawada News Xpress नवादा / सूरज कुमार
धनतेरस से पहले पूरे बिहार में एक मात्र जिला नवादा है, जहां ओकाया कम्पनी ने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स शोरूम खोला है। यह शोरूम शहर के प्रसिद्ध संस्थान अंजली इंटरप्राइजेज गोनावां के द्वारा खोला गया है। यहां ओकाया कम्पनी का ई-रिक्शा और इलेक्ट्रिक ऑटो लोगों को उचित दामों पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसके अलावा ग्राहकों को ई-रिक्शा की खरीदारी पर एक मिक्सर ग्राइंडर व एक ऑटो खरीदने पर 32 इंच का एलईडी टीवी दिया जा रहा है। नगर के गोनावां स्थित निभा सिनेमा के सामने इस शोरूम का भव्य उद्घाटन कम्पनी के डायरेक्टर नवीन कपूर, संचाकल आदित्य कुमार के पिता अमरेन्द्र कुमार तथा सिनेस्टार व नवादा आईकॉन राहुल वर्मा आदि ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उन्होंने बताया कि ओकाया कम्पनी पिछले 30 वर्षों से बैट्री और माइक्रोटेक का इन्भर्टर बनाते आ रही है, लेकिन अब कम्पनी ने जनहित को देखते हुए ऑटो सेक्टर में अपना कदम बढ़ा दिया है। उन्होंने बताया कि ऑटो सेक्टर में सबसे पहले ओकाया ने इलेक्ट्रिक बाइक लॉन्च किया, इसके बाद इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स लॉन्च कर एक नई क्रांति ला दी है।
उन्होंने कहा कि ओकाया के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स और थ्री-व्हीलर्स के आने से बड़े-बड़े कम्पनियों के लिए चुनौती बन गया है। उन्होंने बताया कि आम तौर पर ई-रिक्शा किसी बड़े ब्रांड का लोगों को नहीं मिलता था, जिससे वह ज्यादा सेक्सेस नहीं हो रहा है, लेकिन ओकाया कम्पनी द्वारा बनाया गया ई-रिक्शा लॉन्ग लाईफ के लिए बेहतर साबित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि थ्री-व्हीलर्स आम तौर पर गरीब तबके के लोग रोजगार सृजन के लिए खरीदते हैं। उनकी मेहनत और गाढ़ी कमाई साधारण कम्पनी के ई-रिक्शा या ऑटो खरीदने में लगता है, परंतु उसमें सही सर्विस नहीं मिलने से उनका सारा मेहनत बेकार हो जाता है। ऐसे में ओकाया का कोई भी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि हिन्दुस्तान में इलेक्ट्रिक मोगलेटिक की दुनिया में हम एसेस्टेबिलिटी पर काम कर रहे हैं। वहीं संचालक आदित्य कुमार ने बताया कि नवादा वासियों के लिए ओकाया कम्पनी का इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स मिलना गर्व की बात है। इसमें उपहार के साथ-साथ फाइनांस की भी सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि सबसे बड़ी बात यह है कि सर्विस का बेहतर सुविधा मिलता है। मौके पर सेल्स के भास्कर अलोक, सर्विस से सोनू, शिशु बरनवाल, अशोक वर्मा, आदिंजल, नीतीश तथा सेवेन ओसिएन ग्रुप के सभी सदस्य आदि मौजूद थे।
सीबीएसई नेशनल बालिका हैंडबॉल अंडर-19 में नेशनल चैम्पियन बनी खिलाड़ियों का नवादा में ढोल-नगाड़े बजाकर व मोमेंटो देकर किया गया सम्मानित नगर में निकाला गया विजयी जुलूस, किया गया भव्य स्वागत, नवादा स्टेशन पर वंदे भारत से उतरते ही खेल प्रेमियों ने सभी खिलाड़ियों को फूल-माला से लादकर किया हौसला अफजायी
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
दीपावली से पहले विजय पताका लहराकर नवादा की बेटियां नेशनल चैम्पियन बनकर जिले को गौरवान्वित कर दिया।सीबीएसई नेशनल बालिका हैंडबॉल टूर्नामेंट 2024 का का खिताब जीतकर मॉडर्न की बालिका हैंडबॉल अंडर-19 ने इस जीत के साथ एक नया इतिहास रचने का काम किया। विजयी पताका लहराने के बाद टीम जब वंदे भारत एक्सप्रेस से नवादा रेलवे स्टेशन पर कदम रखा तो विद्यालय परिवार सहित खेल प्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
नवादा में उतरते ही स्टेशन पर ही हैंडबॉल टीम की कप्तान जानवी, उपकप्तान करिश्मा, सिमरन, काजल, श्रेया, आरती, अवनि वत्स, राधिका, रागिनी, सुहानी भारद्वाज, नेहा भारद्वाज, अदिति एवं वैष्णवी को फूलों का हार पहनाकर एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों के साथ उनके कोच नीतीश कुमार, खेल शिक्षिका कल्पना कुमारी एवं टीम मैनेजर राष्ट्रपति खेल पुरस्कार से सम्मानित वरीय खेल शिक्षक अलखदेव प्रसाद को भी फूल माला एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
फिर, वहीं से ढोल-नगाड़े के साथ मॉडर्न के निदेशक डॉ अनुज सिंह, प्राचार्य गोपाल चरण दास, उपप्राचार्य सुजय कुमार एवं मिथिलेश कुमार, शिक्षक विजय कुमार अकेला, मुकेश कुमार, समीर सौरभ, अंजना दीक्षित, क्रिकेट कोच राकेश कुमार तथा समाजसेवी श्रवण बरनवाल आदि कई शिक्षकगण उन सभी विजेताओं के स्वागत में साथ-साथ चल रहे थे। नगर का भ्रमण करते खिलाड़ियों का विजय जुलूस देखते बन रहा था।
स्वागत समारोह में रंगकर्मी श्रवण बरनवाल, नवादा हैंडबॉल के वरीय खिलाड़ी श्याम सुंदर, अमन कुमार सहित नवादा हैंडबॉल संघ के कई खिलाड़ियों के साथ-साथ कई मीडिया के लोग अपना साथ दे रहे थे। सभी विजेता खिलाड़ी फूलों से सजे खुले वाहन में विजयी होने की खुशी में नाचते झूमते उत्साह पूर्वक सड़कों से गुजर रहे थे, जिसे देख हर लोग उत्साहित थे और खिलाड़ियों का एक झलक पाने के लिए खड़े दिख रहे थे।
नवादा रेलवे स्टेशन से यह काफिला शुरू हुआ, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए सबसे पहले न्यू एरिया मॉडर्न स्कूल पहुंचा, जहां उन सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया, फिर वहां से हजारों छात्रों का समूह तीन किलोमीटर दूर कुंती नगर स्थित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल के खेल मैदान में पहुंचा, जहां पहले से ही इन सभी विजेताओं को सम्मानित करने की तैयारी चल रही थी।
वहां पहुंचते ही लगभग 3 हजार विद्यार्थियों ने भारत माता की जय के साथ इन खिलाड़ियों का स्वागत किया। साथ ही साथ मॉडर्न समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह के द्वारा सभी खिलाड़ियों को खेल मैदान में पुष्प गुच्छ के साथ मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों को पुरस्कार के रूप में 11-11 हजार रुपए भी दिए जाएंगे।
इस सम्मान समारोह में सभी खिलाड़ियों के माता-पिता को सम्मान देते हुए निदेशक डॉ अनुज सिंह ने कहा कि आज विद्यालय के साथ-साथ जिले व बिहार राज्य का नाम इन खिलाड़ियों के बदौलत पूरे भारत वर्ष में जाना जाने लगा है। उन सभी बेटियों को इस सफलता के लिए हमारी तरफ से अनंत शुभकामनाएं है एवं इन सभी खिलाड़ियों पर पूरे मॉडर्न समूह को गर्व है।
ईस्ट जॉन हैंडबॉल चौंपियनशिप में लगातार दो से तीन बार उपविजेता बनकर वापस आने वाली मॉडर्न की टीम ने हिम्मत नहीं हारी और अंत में अपने रास्ते के पत्थर को हटाते हुए विजेता बनकर पूरे भारत में अपना परचम लहराया। आज भारत के हर कोने से आए हुए टीमों के साथ अपने नैसर्गिक खेल की बदौलत यह सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि सीबीएसई स्कूलों के बीच हैंडबॉल के लिए 8 जोन बनाया गया था
इसलिए सभी जोन की विजेता टीमों ने नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में भाग लिया था। ईस्ट जोन अंडर 19 बालिका हैंडबॉल चैंपियनशिप का प्रतिनिधित्व बिहार की मॉडर्न इंग्लिश स्कूल नवादा की टीम कर रही थी, जिसका सेमीफाइनल मुकाबला कर्नाटक के बैंगलुरु से हुआ, जिसे हराकर फाइनल में पहुंची। फाइनल मुकाबला में राजस्थान की टीम को धूल चटाकर नवादा मॉडर्न की टीम नेशनल चैम्पियन बन गई।
डॉ अनुज ने कहा कि इस छोटे से शहर से निकलकर आज यह बेटियां चेन्नई, कर्नाटक, दिल्ली, देहरादून, लुधियाना के साथ-साथ देश के बाहर से आने वाली कतर, ओमान, दुबई जैसे टीमों को पराजित कर एक नया इतिहास रच दिया है। यह सफलता उन सभी खिलाड़ियों के परिश्रम का फल है, साथ ही साथ उनके माता-पिता का भी इसमें बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कोच नीतीश कुमार, खेल शिक्षिका कल्पना कुमारी, टीम मैनेजर अलखदेव प्रसाद को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि
इन लोगों का भी बहुत बड़ा योगदान रहा, जो काफी सराहनीय है। साथ ही साथ पूरा विद्यालय परिवार आज इन खिलाड़ियों को ढेर सारी शुभकामनाएं दे रहा है। नवादा ही नहीं बल्कि पूरे बिहार के आम नागरिक भी इस जीत पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। शहर के कई जाने-माने बुद्धिजीवियों ने भी मॉडर्न की खिलाडियों पर गर्व कर रहे हैं, जिन्होंने देश भर में जीत का परचम लहराकर जिले को गौरवान्वित किया है।
मरीज के परिजन की शिकायत पर जांच दल ने नगर के मां सत्या सेवा सदन को किया सील नर्सिंग होम के संचालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज, संचालक हुआ फरार Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में अवैध नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड व जांच केंद्रों के संचालन पर डीएम द्वारा कार्रवाई का आदेश जारी करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद खुल गई। डीएम की सख्ती पर स्वास्थ्य विभाग ने टीम गठित कर नगर में संचालित एक अवैध नर्सिंग होम पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर संचालक पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
बता दें कि इन दिनों जिले में दर्जनों अवैध नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड तथा जांच घर कुकुरमुत्ते की तरह संचालित हो रही है, जहां चंद रूपयों के लिए दलालों के माध्यम से भोली-भाली जनता को लूटने के साथ-साथ उनके जीवन के साथ खिलवाड़ भी किया जा रहा है। ऐसे अवैध नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड तथा जांच केंद्रों के संचालन को लेकर दो दिन पूर्व ही डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने कार्रवाई करने का आदेश जारी किया था।
बताया जाता है कि दो माह पूर्व गया जिला अंतर्गत नीमचक बथानी थाना क्षेत्र के पांडेय बिगहा ग्रामीण मुकेश कुमार अपनी मां दयवंती देवी को नवादा नगर के हाटपर स्थित गणेश शिक्षा मंदिर स्कूल के गली में संचालित मां सत्या सेवा सदन नर्सिंग होम में इलाज के लिए भर्ती कराया था।
इस दौरान संचालक नगर थाना क्षेत्र के प्रसाद बिगहा मुहल्ला निवासी सुनील कुमार चौधरी के द्वारा मरीज का इलाज किया जा रहा था, लेकिन उनकी तबियत में सुधार नहीं होने के कारण मरीज का पुत्र मुकेश कुमार ने अपनी मां की इलाज सदर अस्पताल में कराने की बात कहकर मरीज को छोड़ने का आग्रह किया।
जिसके बाद संचालक श्री चौधरी ने मरीज को छोड़ने के पूर्व उसके हाथ में 32 हजार का बिल थमा दिया, जिसमें ऑक्सीजन के नाम पर 10 हजार 800 रूपये शामिल है। इसके अलावा इलाज के दौरान मरीज को एक-एक इंजेक्शन का कीमत 5635 रूपये की दर से जोड़कर राशि जमा करने को कहा गया।
अंततः मुकेश ने नर्सिंग होम को उक्त राशि देकर अपनी मां को वहां से किसी तरह निकालकर दूसरे अस्पताल में ले गया। इस क्रम में पीड़ित मुकेश ने नवादा के जिला लोक सूचना अधिकार में शिकायत दर्ज कराया, जिसपर डीएम श्री वर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।
इसी कड़ी में सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल ने आनन-फानन में तीन सदसीय चिकित्सकों की जांच टीम गठित कर कार्रवाई का आदेश दिया। गठित टीम में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार, डॉ बीबी सिंह तथा सदर पीएचसी एमओआईसी डॉ योगेन्द्र प्रसाद शामिल थे।
गठित टीम के द्वारा गुरूवार को उक्त नर्सिंग होम में पुलिस के साथ छापेमारी की गई, छापेमारी के क्रम में उक्त नर्सिंग होम को अवैध पाये जाने पर उसे सील कर दिया गया तथा संचालक के विरूद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गई। हालांकि कार्रवाई के दौरान उक्त नर्सिंग होम के संचालक वहां से भागने में सफल रहा।
अल्ट्रासाउंड के चिकित्सों के साथ बैठक कर फिडबैक लेते हुए नवादा में संचालित अवैध अल्ट्रासाउंड चलाने वालों पर कार्रवाई करने का दिया निर्देश, जिले में बगैर निबंधन के स्वास्थ्य विभाग की मिली भगत से चलाया जा रहा कई अवैध अल्ट्रासाउंड
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में अवैध रुप से चलाये जा रहे अल्ट्रासाउंड को लेकर डीएम आशुतोष कुमार वर्मा सख्त हो गए। इसको लेकर डीएम ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत संचालित अल्ट्रासाउंड के चिकित्सकों की एक बैठक आयोजित की गई। जिसमें डीएम ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या एक अपराध एवं एक बड़ी सामाजिक आपदा है।
इसपर प्रभावी नियंत्रण के मद्देनजर कड़ी कानूनी कार्रवाई के साथ लोगों को जागरूक करने का प्रभावी कार्य करें। उन्होंने पीसीपीएनडीटी अधिनियम की धाराओं का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों में अभिलेखों के रख-रखाव धारा-29 और नियम-09 के अनुसार जैसे फॉर्म-एफ नवीनीकरण संबंधित न्यूनतम अहर्ताएं तथा
नियम-13 के अनुसार केन्द्र में किये गए किसी भी प्रकार के परिवर्तन की सूचना मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय को देने का निर्देश दिया गया। डीएम श्री वर्मा ने कहा कि रेडियोलॉजिस्ट तथा स्त्री रोग विशेषज्ञ को केन्द्र में परिवर्तन की सूचना प्रेषित कर भौतिक सत्यापन के बाद अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। डीएम ने अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि अवैध पाये गए अल्ट्रासाउंड तथा डायग्नोसिस सेंटर के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए न केवल उसे सील करें, बल्कि उनके विरूद्ध प्राथमिकी भी दर्ज करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जो निबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटर है, उनकी जांच निर्धारित चेक लिस्ट के अनुसार करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिन केन्द्रों में पीसीपीएनडीटी अधिनियम का पालन करने में लापरवाही की जा रही है, उन केन्द्रों पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया।
डीएम ने अनियमितताएं बरतने वाले सेंटर संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कार्यों की गतिविधि में पारदर्शिता रखने को कहा गया। गौरतलब हो कि जिले में जिस तरह से अवैध अल्ट्रासाउंड संचालित है उसमें कहीं न कहीं स्वास्थ्य विभाग का संरक्षण प्राप्त है, यही वजह है कि पिछले तीन सालों से ऐसे अवैध अल्ट्रासाउंड पर कार्रवाई नहीं की गई है।
बता दें कि दो दिन पूर्व डीएम श्री वर्मा ने अवैध नर्सिंग होम व जांच केंद्रों पर कार्रवाई करने का आदेश जारी कर चुके हैं। मौके पर सिविल सर्जन डॉ नीता अग्रवाल, सदर एसडीओ अखिलेश कुमार तथा रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पियुष के अलावा सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थान के रेडियोलॉजिस्ट एवं चिकित्सक मौजूद थे।
स्कॉर्पियो से पूजा करने रजरप्पा जा रहे थे सपरिवार, रजौली चेकपोस्ट के पास हाइवा के साथ हुई भीषण टक्कर, 8 घायल, 6 रेफर
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में दर्दनाक सड़क हादसा ने दिल दहला दिया। एनएच-20 पर बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन पर जिले के रजौली थाना क्षेत्र के हरदिया सेक्टर-ए स्थित सुग्गा होटल़ के पास मंगलवार की देर रात्रि हाइवा और स्कॉर्पियो के बीच भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
जबकि, स्कॉर्पियो पर सवार 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रजौली में भर्ती कराया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए 6 लोगों को विम्स पावापुरी रेफर कर दिया।
मृतक की पहचान पटना जिला अन्तर्गत बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के घनसुपुर निवासी शनिचर महतो का 60 वर्षीय पुत्र राजेंद्र महतो के रूप में हुई। वहीं घायलों में बख्तियारपुर निवासी बिपिन कुमार, संजय राउत, दीपक कुमार, चंदन कुमार, अभिषेक कुमार, अवधेश कुमार तथा पवन कुमार सहित 8 लोग शामिल है।
मृतक व घायल सभी एक ही परिवार के रिश्तेदार थे। सूचना के बाद रजौली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच सभी घायलों को आसपास के लोगों के सहयोग से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मन्नते पूरी होने के बाद पूजा करने जा रहे थे झारखंड के रजरप्पा
घटना के बाद मृतक के जख्मी भतीजा पवन कुमार ने बताया कि भाई को पुलिस विभाग में नौकरी लगी थी। इसी को लेकर सपरिवार झारखंड राज्य के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर पूजा के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई।
सौ मीटर तक स्कॉर्पियो को घसीटता रहा हाइवा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो हाइवा में फंसकर सौ मीटर दूर तक घसीटता चला गया। हालांकि, हाइव को लेकर चालक भागने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों का मानना था कि हाइवा का चालक हादसे के बाद वाहन रोक देता तो संभव था कि नुकसान कम होता। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग घायल होकर ही रह जाते। इस घटना के बाद मृतक के गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया, वहीं परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली तो कोहराम मच गया।
जामताड़ा का रूप धारण कर रक्तासुर बना 15 साइबर अपराधी एक साथ चढ़ा पुलिस के हत्थे, साइबर थाना की पुलिस ने 13 मोबाइल, एक फर्जी सीम व 63 पेज का कस्टमर डाटा के साथ अंतरजिला सहित 15 साइबर अपराधियों को दबोचने में रही कामयाब वारिसलीगंज, काशीचक, शाहपुर व पकरीबरावां बना साइबर अपराधियों का हब, कमाई का शॉटकट रास्ता अपना कर अपराध की दलदल में फंस रहे युवा, पूरे देश में मचा रखा है ठगी का आतंक, आये दिन विभिन्न प्रदेशों की पुलिस पहुंच रही साइबर ठगों की तलाश में नवादा, देश भर में नवादा बना साइबर अपराधियों का हॉट जोन
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
साइबर अपराध की दुनिया में अब नवादा जिला देश का सबसे बड़ा हॉट जोन बन गया है। यहां तक की जामताड़ा जैसे साइबर अपराधियों के गढ़ को भी पीछे छोड़ दिया है। इसी कड़ी में धनतेरस से पहले साइबर पुलिस ने धनकुबेर बनने का सपना देख रहे साइबर अपराधियों का दिवाला निकालने में कामयाब रही, जिसमें एक साथ 15 साइबर अपराधियों को दबोचकर सलाखों के पीछे भेजने में बड़ी सफलता हासिल की है।
बता दें कि नवादा में बैैैैठे साइबर अपराध की दुनिया का मास्टर माइंड के चंगुल में प्रदेश के कई जिलों के युवा फंसते जा रहे हैं। हालात यह हो गई है कि साल के 365 दिनों में 350 दिन ऐसा होता है, जिसमें साइबर अपराधी की घटनाएं जरूर दर्ज होती है। पूरे देश में नवादा के साइबर ठगों का गिरोह सक्रीय हो चुका है। इसमें नवादा जिले के वारिसलीगंज, काशीचक, शाहपुर तथा पकरीबरावां थाना क्षेत्र के दर्जनों गांव पूरी तरह से साइबर अपराधियों का हब बन चुका है।
इन इलाकों में लगातार कार्रवाई की जा रही है, बावजूद जल्दी करोड़पति बनने का मंशा पाल रखे युवा वर्ग इस अपराध के दलदल में धंसते चले जा रहे हैं। साइबर पुलिस ने मंगलवार को साइबर अपराधियों का एक गिरोह के 15 सदस्यों को ठगी करते रंगे हाथों गिरफ्तार कर हड़कम्प मचा दिया है। गिरफ्तार साइबर अपराधियों के पास से 13 मोबाइल, एक फर्जी सीम तथा 63 पेज का कस्टमर डाटा बरामद किया गया है।
बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में साइबर थानाध्यक्ष डीएसपी प्रिया ज्योति ने प्रेसवार्ता का आयोजन कर बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सोढ़ीपुर गांव स्थित बगीचा में दर्जनों साइबर अपराधी एक साथ जुटे हैं, जहां ठगी का धंधा किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसपी अभिनव धीमन के निर्देशन में साइबर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई के साथ टीम गठित कर उक्त बगीचे का घेराबंदी कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान कुल 15 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही साइबर अपराधी गिरोह के तीन कम्पनी कमांडर भागने में सफल रहा।
ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर करते थे ठगी साइबर डीएसपी प्रिया ज्योति ने बताया कि गिरफ्तार सभी साइबर अपराधियों के द्वारा ऑनलाईन शॉपिंग करने वालों को ठगी का निशाना बनाते थे। ये लोग फ्लिप कार्ट पर खरीदारी करने वालों को कैश ऑन डिलिवरी के नाम पर डिस्काउंट के साथ इनाम जितने का प्रलोभन देकर वैसे लोगों को कॉल के माध्यम से अपना निशाना बनाता था। उन्होंने बताया कि इन दिनों जिस तरह से ऑनलाइन में सस्ते सामानों की खरीदारी का प्रचलन चला हुआ है, उससे लोग आसानी से झांसा में आकर अपना गाढ़ी कमाई लूटा दे रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों को अब सावधान रहने की जरूरत है।
गिरफ्तार साइबर अपराधियों की सूची उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने थाना क्षेत्र के सोढ़ीपुर गांव निवासी रविन्द्र मिस्त्री का 18 वर्षीय पुत्र शुभम कुमार, देवेन्द्र मिस्त्री का 35 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार, सुबोध सिंह का 23 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार, रामानुज सिंह का 20 वर्षीय पुत्र सुबन कुमार, सिकन्दर सिंह का 35 वर्षीय पुत्र अमित कुमार, कृष्णा मिस्त्री का 21 वर्षीय पुत्र मन्नु कुमार, महेन्द्र सिंह का 30 वर्षीय पुत्र अविनाश कुमार, राकेश सिंह का 19 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार, वकील मिस्त्री का 26 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार व अशोक सिंह का 26 वर्षीय पुत्र अंकु कुमार,
वहीं नगर थाना क्षेत्र के फुटौनी चक गांव निवासी स्व सौदागर मिस्त्री का 21 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार, कांधा गांव निवासी कमलदेव सिंह का 19 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार, नालंदा जिला अंतर्गत सिलाव थाना क्षेत्र के चंडी मउ गांव निवासी अखिलेश्वर सिंह का 27 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार, पटना जिला अंतर्गत मरांची थाना क्षेत्र के मरांची गांव निवासी अजय सिंह का 22 वर्षीय पुत्र विकास कुमार उर्फ कारू तथा शेखपुरा जिला अंतर्गत शेखपुरा थाना क्षेत्र के बरमा गांव निवासी स्व सुधीर सिंह का 22 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार जिसका वर्तमान पता जक्कनपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर रोड नम्बर-2 है, इन सभी को सोढ़ीपुर गांव में ठगी करते गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी में इन पुलिस पदाधिकारियों व पुलिस जवानों की रही भूमिका साइबर अपराधियों को पकडने में जुटे साइबर थानाध्यक्ष डीएसपी प्रिया ज्योति के अलावा अपर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजीत सिंह, एसआई रविरंजन मंडल, सिपाही पिन्टु कुमार, अजय कुमार चौधरी, रजन कुमार, राजकुमार मिस्त्री, विकास कुमार, सौरभ कुमार, धुरी कुमार, चंदन कुमार, रूपम कुमारी, चालक सिपाही विनोद कुमार, पियुष कुमार, बब्लू पंडित सहित स्वाट जवान तथा बीएमपी के जवानों की भूमिका अहम रही।