दुष्कर्म आरोपी की गिरफ्तारी के बाद एसपी ने किया प्रेसवार्ता, कहा सिरदला थाना क्षेत्र के हेमजा भारत गांव स्थित बांगलापर जंगल में दिया था घटना को अंजाम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में हैवानियत की सारी हदें पार कर दरिंदा बना एक युवक ने अपने से अधिक उम्र की एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इस घटना ने जिले में सनसनी फैला दिया। हालांकि घटना के वक्त पीड़ित महिला के चिल्लाने की आवाज सुन पहुंचे ग्रामीणों ने दुष्कर्मी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
इस घटना को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय के सभागार में एसपी अभिनव धीमन ने बताया कि सोमवार की शाम एक युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि सिरदला थाना के डायल 112 को यह सूचना मिली कि सिरदला थाना क्षेत्र के हेमजा भारत गांव स्थित
बांगलापर जंगल में एक महिला के साथ एक व्यक्ति ने बलात्कार किया है और आरोपी व्यक्ति को आसपास के लोगों ने पकड़कर रखा है। सूचना पर त्वरित कारिवाई करते हुए डायल 112 की टीम एवं सिरदला थाना पुलिस अविलंब घटनास्थल पर पहुंच सर्वप्रथम पीड़ित महिला को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी सिरदला ले गया।
इसके बाद पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण एवं आसपास के लोगों से पुछताछ की गई। साथ ही एफएसएल की टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक प्रदर्श संग्रह किया गया। एसपी ने बताया कि पुछताछ के क्रम में यह बात सामने आई कि पीड़ित महिला जंगल से जानवर चराकर घर जा रही थी,
तभी अभियुक्त सिरदला थाना क्षेत्र के परतापुर गांव निवासी कुलेश्वर चौधरी का 35 वर्षीय पुत्र रामोतार चैधरी ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घटना में संलिप्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर थाना लाया गया एवं उससे सघन पूछताछ की गई। पूछताछ के क्रम में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया,
उसके बाद उसे न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। एसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा पीड़ित महिला का मेडिकल जांच करा लिया गया है। पीड़िता के बयान पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। पुलिस द्वारा पीड़िता एवं उनके परिवार को हरसंभव मदद की जा रही है तथा अग्रतर अनुसंधान जारी है।
सड़क पर प्रसव पीड़ा से छटपटा रही थी गर्भवती महिला, तमाशबीन बने रहे लोग, झारखंड के धनबाद से नवादा स्थित अपनी मायके जा रही थी गर्भवती महिला, नगर के जमुई पथ पर रेलवे गुमटी के पास सड़क पर हुआ प्रसव के बाद सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा शहर में बीच सड़क पर मंगलवार को एक महिला का प्रसव हो गया, जो लोगों के लिए कौतुहल बन गया। दरअसल झारखंड राज्य के धनबाद से अपने मायके जा रही एक गर्भवती महिला को बीच सड़क पर प्रसव पीड़ा शुरू हो गया। इसके बाद महिला दर्द से कराहते हुए सड़क पर छटपटा रही थी,
लेकिन मौके पर मौजूद भीड़ में से किसी ने भी उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया, तभी वहां से गुजर रही एक प्राइवेट अस्पताल की नर्स उसके लिए भगवान का फरिश्ता बनकर पहुंची और फिर आसपास की महिलाओं के मदद से उसका सुरक्षित प्रसव कराया।
बताया जाता है कि शहर से सटे पटवासराय गांव की रहने वाली एक प्राइवेट नर्स रिंकू कुमारी वहां से गुजर रही थी। तभी उसने छटपटाती हुई महिला को देखा और उसकी मदद के लिए आगे आई। महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित बताए गए हैं।
उक्त नर्स ने बताया कि मैं रास्ते से आ रही थी, तो देखा कि रोड पर बहुत भीड़ लगी है, तब मैंने देखा एक महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही है, इसके बाद मैंने उनकी पूरी मदद की। महिला नर्स जब मदद के लिए आगे आई तो उसने वहां मौजूद कुछ महिलाओं से आग्रह कर घेरा लगाकर लगवाया
और फिर प्रसव कराई। इस दौरान वहां रहे किसी व्यक्ति ने डायल 112 को सूचित कर दिया। जानकारी मिलते ही चंद मिनटों में डायल 112 की टीम वहां पहुंच गई। जिसके बाद महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला के अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्यकर्मी भी हरकत में आ गए और इलाज में जुट गए।
बता दें कि यह पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के नवादा-जमुई पथ का है, जहां शहर के रेलवे गुमटी के पास महिला ने बच्चे को जन्म दिया। महिला की पहचान कौआकोल के लौहसिंहानी भलुआही गांव निवासी अजय कुमार की पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है।
महिला अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ धनबाद से आ रही थी और अपने मायके जा रही थी। तभी रास्ते में दर्द हुआ और फिर महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। फिलवक्त जच्चा और बच्चा दिनों सुरक्षित हैं।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों का किया समीक्षा, कहा कार्य नहीं करने वाले आशा और आशा फैसलिटेटर पर करें कार्रवाई
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित किया। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उपस्थित डॉक्टरों को बेहतर ढंग से स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को सुसंचालित करने के लिए निर्देश दिया।
साथ ही जिले में संचालित हो रही अवैध जांच घर और क्लिनिक आदि पर कार्रवाई करते हुए बंद कराने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कार्य नहीं करने वाले आशा और आशा फैसलिटेटर पर कार्रवाई अवश्य करें। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि सबसे कम प्रसव अकबरपुर एवं मेसकौर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया,
जिसपर डीएम ने कहा कि इसे प्राथमिकता के आधार पर ज्यादा से ज्यादा सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि आशा, एएनएम एवं जीएनएम के साथ बैठक कर सरकारी अस्पतालों में प्रसव की संख्या बढ़ायें।
उन्होंने कहा कि अपने-अपने स्वास्थ्य केन्द्रों पर ओपीडी की संख्या बढ़ाएं एवं मरीजों को अच्छी तरह से इलाज करें। उन्होंने ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया। गरीब परिवार के महिलाओं का प्रसव अपने-अपने स्वास्थ्य केन्द्रों पर आशा द्वारा प्रोत्साहित कर कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी एमओआईसी को कहा कि आशा के द्वारा किये गए कार्यों यथा-घरों की संख्या, गर्भवती महिलाओं की संख्या तथा प्रसव की संख्या आदि का समीक्षा करेंगे। डीएम श्री वर्मा ने शहर तथा प्रखंडों में अवैध रूप से चल रहे जांच घर तथा क्लिनिक आदि को बंद करवाने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया।
उन्होंने एएनसी जांच की समीक्षा के क्रम में पाया कि गर्भवती महिलाओं का हिसुआ में सबसे ज्यादा 110.38 प्रतिशत एएनसी जांच की गई है, जबकि नवादा सदर का सबसे कम 52.16 प्रतिशत जांच की गई। डीएम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी और प्रबंधक को एएनसी जांच करने में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सभी गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधित सभी योजनाओं का विशेष प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पीएचसी में दवा की उपलब्धता रखने का निर्देश सभी एमओआईसी एवं बीएचएम को दिया।
एम्बुलेंस की स्थिति तथा नशामुक्ति केन्द्र को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया। सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य चिकित्सक तथा पारा मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया। अस्पताल के इमर्जेंसी वार्ड को बेहतर बनाने का भी निर्देश दिया गया।
मौके पर सिविल सर्जन डाॅ नीता अग्रवाल, डीआईओ डाॅ अशोक कुमार, डीपीएम स्वास्थ्य विभाग अमित कुमार, सभी प्रभारी पदाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, सभी एमओआईसी तथा बीएचएम सहित अन्य पदाधिकारी आदि मौजूद थे।
नगर के स्टेशन रोड पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा के नौ रूपों में महागौरी की आंख से बहने लगी आंसू को देख लोगों में बन गया कौतूहल Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में नवरात्रि के महाष्टमी पर बड़ा चमत्कार देखकर लोग हतप्रभ हो गए, जिस महाष्टमी पर माता महागौरी की पूजा करने लोग जुटे थे उसी माता की एक आंख से हर-हर आंसू की धार बहने लगी, फिर क्या था लोगों में कौतुल हो गया।
जब माता गौरी की एक आंख से आंसू बहने लगी तो श्रद्धालुओं में आस्था का कौतूहल बन गया। यह घटना नगर के स्टेशन रोड स्थित मां दुर्गा के नौ रूपों के स्थापित माता की प्रतिमा में एक महागौरी की प्रतिमा के एक आंख से ही आंसू बहता देख सभी लोग अचंभित हो गये।
गुरूवार की सुबह करीब चार बजे जब महिलाएं महाष्टमी पर माता गौरी की आराधना कर गोद भरने जुटी थी, तभी यहां माता दुर्गा के नौ रूपों में स्थापित मां महागौरी की एक आंख से असुओं की धारा बहता देख महिलाएं मां की इस महिमा को देख क्षमा याचना करने लगी।
हालांकि इस बात को फैलने से रोकने का काफी प्रयास किया गया, परंतु पूजा करने पहुंची महिलाएं माता गौरी की एक आंख से आंसू बहता देख मोबाइल से फोटो लेकर वायरल कर दिया। जिसके बाद से शहर के हर इलाके में चर्चाओं का बाजार गरम है।
बताया जा रहा है कि नवरात्रि पर माता दुर्गा का आगमन हंसते व मुस्कुराते चेहरे के साथ होती है और विसर्जन के समय चेहरे पर उदासी देखा जाता है, परंतु यहां माता के आगमन पर ही आंख से आंसू बहना लोग अपशगुन मान रहे हैं।
हालांकि समिति के लोगों की मानें तो श्रद्धालुओं द्वारा नारियल का पानी फेंके जाने के कारण ऐसा होने की बात कही जा रही है। फिलवक्त माता गौरी की एक आंख से आंसू बहता जो तस्वीर वायरल हुआ है, वह माता की महिमा का अद्भुत चमत्कार माना जा रहा है।
वर्ष 1950 से हो रही रेलवे कॉलनी में बंगला पद्धति से हो रही दुर्गा पूजा, यहां नवरात्रि के पहली तारीख को नहीं होता है कलश स्थापना, रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से स्थापित की जाति है माता दुर्गा की प्रतिमा
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
पश्चिम बंगाल की तरह नवादा रेलवे कॉलनी में महाषष्ठी पर पूजा के साथ माता दुर्गा का पट खुल गया। यहां वर्ष 1950 से बंगला पद्धति से पूजा होते आ रही है। पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने माता दुर्गा का दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया।
हालांकि महाषष्ठी के साथ-साथ महासप्तमी भी बुधवार को रहने से अन्य स्थानों पर भी माता का पट शाम होते ही खुल गया। दरअसल रेलवे में बंगला पूजा पद्धति के कारण बंगला तिथि से पट खोला गया है, जिसमें बंगला और हिन्दी दोनों तिथि एक ही दिन पड़ गया है। 74 वर्षों से यहां बंगला पूजा बड़ी धूम-धाम से मनाया जाता रहा है।
इस पूजा का सम्पूर्ण आयोजन रेलवे के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा किया जाता है। बताया जाता है कि उन दिनों रेलवे में एक बंगाली इंजीनियर रहा करते थे, जिन्होने बंगला दुर्गा पूजा का प्रचलन शुरु किया था। उसके बाद से यहां लगातार बंगला विधि से पूजा होने लगी।
समिति के अध्यक्ष चन्द्रिका प्रसाद ने बताया कि पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले से आये दो ब्रह्मण प्रषांतो चटर्जी व रोबिन चटर्जी के द्वारा बंगला विधि से मां दुर्गा का पूजा कर पट खोला गया है। किउल-गया रेलखंड पर शेखपुरा से लेकर वजीरगंज तक सभी स्टेशनों पर प्रसाद वितरण किया जाता है।
गौरतलब हो कि आम तौर पर मां दुर्गा का पट महासप्तमी को खोला जाता है और नौ दिनों तक पाठ किया जाता है, परंतु बंगला पूजा में महाषष्ठी को कलश स्थापना कर पूजा किया जाता है। जिले भर के लोग बंगला विधि से मां दुर्गा की पूजा देखने व दर्शन करने खास तौर से आते हैं।
यहां षष्ठी से लेकर दशमी तक दर्षन को लेकर भीड़ जुटती है। उन्होंने बताया कि षष्ठी को पट खुलने से एक दिन पूर्व पंचमी को गोधन पूजा किया गया है। इसके बाद षष्ठी पर मां का आहवान कर आमंत्रण व अधिवाक पूजा किया गया,
उसके बाद श्रद्धालुओं की दर्शन को लेकर पट खोला गया है। इसमें रेलवे कर्मचारी रणविजय प्रसाद यादव व बालेश्वर यादव पूजा पर बैठे हैं। उन्होंने बताया कि महाष्टमी पर खीर का भोग व नवमी को खिचड़ी का भोग लगा प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरण किया जायगा।
डांडिया महोत्सव का उद्घाटन करते हुए शिक्षाविद व समाजसेवी मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ अनुज ने कहा कि यह हमारी संस्कृति का एक हिस्सा बन चुका है, जिसके द्वारा हमें अपने धर्म व अपनी सभ्यता से जुड़ने का मिलता है अवसर
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा शहर के नगर भवन में नवरात्रि के अवसर पर भव्य डांडिया गरबा महोत्सव का आयोजन से माहौल भक्तिमय हो गया। शहर की प्रसिद्ध कला और सांस्कृतिक संस्था सृष्टि के द्वारा डांडिया गरबा का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में नवादा शहर सहित जिला के विभिन्न बाजारों एवं गांवों से हजारों लोगों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम का लुफ्त उठाया।
डांडिया महोत्सव का उद्घाटन शहर के जाने-माने शिक्षाविद व समाजसेवी एवं मॉडर्न शैक्षणिक समूह के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह के हाथों दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में सृष्टि संस्था के साहित्य सचिव और पूर्व प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, राष्ट्रीय सहारा दैनिक के जिला प्रभारी अधिवक्ता डॉ संजय कुमार सुमन उर्फ साकेत बिहारी तथा समाज सेवी अनिल कुमार आदि ने शिरकत की।
सर्वप्रथम सृष्टि संस्था के अध्यक्ष द्वारा मॉडर्न शैक्षिणक समूह के अध्यक्ष को पुष्प गुच्छ एवं मां जगत जननी जगदंबा के आशीर्वाद के रूप में लाल चुनरी से सम्मानित किया गया। डॉ अनुज ने इस कार्यक्रम का आयोजन के लिए संस्था के प्रति अपना आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन इस छोटे से नवादा शहर के लिए अपने आप में सबसे हटकर है।
यह हमारी संस्कृति का एक हिस्सा बन चुका है, जिसके द्वारा हमें अपने धर्म व अपनी सभ्यता से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। यह पर्व ही विशेष रूप से शक्ति के प्रतीक रूप में तमाम नारियों के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज पूरा भारतवर्ष मां शक्ति के उपासना में रमा हुआ है।
उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अपनी तरफ से इस महोत्सव में आए हुए सभी लोगों के लिए मां जगदंबा से सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि इस तरह का आयोजन शहर में किया जाना बहुत सराहनीय कदम है।
सर्वप्रथम कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से की गई। उसके बाद नवरात्रि के लिए प्रचलित गरबा एवं डांडिया से जुड़े हुए मां दुर्गा के कई गीतों पर हजारों महिलाओं ने डांडिया नृत्य का आनंद उठाया। लगभग चार घंटे तक हजारों महिलाओं एवं पुरुषों ने डांडिया एवं गरबा नृत्य का आनंद लिया।
बीच-बीच में हल्की बारिश भी हो रही थी फिर भी माता रानी के भक्तों के सामने बारिश का कोई असर नहीं हो रहा था। नवरात्रि के इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल में डांडिया एवं गरबा नृत्य ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया।
अंत में मॉडर्न समूह के अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर इस तरह का आयोजन होता रहे। उन्होंने अपनी ओर से आयोजन में भाग लेने वाले जिले के दूर दराज से आए हुए सभी माता के भक्तों को असत्य पर सत्य के विजय के प्रतीक दशहरा पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
नवादा शहर के बाहरी क्षेत्र में बड़ी वाहनों के लिए बनाया गया 12 ड्रॉप गेट तथा शहर में दोपहिया वाहनों के लिए बनाया गया 7 पार्किंग स्थल 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात्रि 2 बजे तक शहर में वाहनों के प्रवेश पूर्णतः रहेगा प्रतिबंधित, इमरजेंसी वाहनों को दिया गया यातायात में छूट, समाहरणालय में रहेगा एक टोह वाहन Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
दुर्गा पूजा को लेकर नवादा शहर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है। इसको लेकर बड़ी वाहनों के लिए शहर के बाहरी क्षेत्र में 12 ड्रॉप गेट बनाया गया है, जहां सभी बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश करने से वर्जित किया गया। इसके अलावा दोपहिया वाहनों के लिए शहर में 7 पार्किंग स्थल बनाया गया है।
उक्त जानकारी देते हुए यातायात डीएसपी ने मीडिया को बताया कि दशहरा मेले के दौरान जुटने वाली भीड़ को देखते हुए डीएम-एसपी के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी प्रकार के इमरजेंसी वाहनों को शहर में प्रवेश पर रोक की छूट दी गई है, जिसमें एम्बुलेंस, दूध वाहन, गैस सिलेंडर तथा वैसे वाहन जिसमें बीमार व्यक्ति को ईलाज कराने के लिए ले जाया जा रहा हो उन वाहनों को छूट दी गई है।
9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात्रि 2 बजे तक शहर में वाहनों की प्रवेश पर रहेगी रोक
उन्होंने बताया कि चार चक्का तथा उससे अधिक चक्का वाले वाहनों को 9 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात्रि 2 बजे तक शहर में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित करना सुनिश्चित किया गया है। वहीं समाहरणालय में आपात सेवा के लिए टोह वाहन को रखा गया है, ताकि प्रतिमा विसर्जन में खराब हुये वाहनों को अतिशीघ्र सड़कों पर से हटाकर कर यातायात को सुगम बनाये रखने के लिए उपयोग में लाया जा सके।
क्या है शहर में प्रवेश का रूट चाट रांची से पटना की ओर जाने वाली सभी प्रकार के बड़ी एवं छोटी वाहन बिना शहर में प्रवेश किये ही हाईवे से जायेंगे तथा पटना से रांची की ओर जाने वाली सभी प्रकार के बड़ी एवं छोटी वाहन बिना शहर में प्रवेश किये ही हाईवे से जायेंगे। जमुई, सिकन्दरा, पकरीबरावां की ओर से आने वाली सभी प्रकार के बड़ी एवं छोटी वाहन बाघी बरडीहा मोड़ से होते हुये वारिसलीगंज चांदनी चौक से खराट मोड़ के रास्ते से जायेगें
तथा जमुई सिकन्दरा, पकरीबरावां की ओर जाने वाली सभी प्रकार के बड़ी एवं छोटी वाहन खराट मोड़ से प्रवेश कर वारिसलीगंज चांदनी चौक होकर बाघी बरडीहा के रास्ते जायेंगे। कौआकोल, रोह, रूपौ की ओर से आने वाली सभी प्रकार की बड़ी एवं छोटी वाहन बाधी बरडीहा मोड़ से होते हुये वारिसलीगंज चांदनी चौक से खराट मोड़ के रास्ते से जायेगें
तथा कौआकोल, रोह, रूपौ की ओर जाने वाली सभी प्रकार की बड़ी एवं छोटी वाहन खराट मोड़ से प्रवेश कर वारिसलीगंज चांदनी चौक होकर बाघी बरडीहा के रास्ते जायेंगे। हिसुआ की ओर से आने वाली सभी प्रकार के बड़ी एवं छोटी वाहन बिना शहर में प्रवेश किये हाईव से जायेंगे। नवादा शहर के अंदर छोटी वाहन जो रोह, रूपौ, कौआकोल, पकरीबरांवां, जमुई, सिकन्दरा आदि की ओर जाने के लिये
अतौआ मोड़ आईटीआई के पास बीजेपी कार्यालय के बगल से होते हुये कादिरगंज पुराना थाना के रास्ते जायेंगे। साथ ही दुर्गापूजा के अवसर पर नवादा शहरी क्षेत्र में मेला देखने के लिये दो चक्का, तीन चक्का एवं चार चक्का से आने वाले श्रद्धालुओं को ड्रॉप गेट पर रोक दिया जायेगा तथा वहां से सभी श्रद्धालु पैदल दुर्गा मां की प्रतिमा दर्शन एवं पंडालों को देखने के लिए जायेंगें।
शहर के इन स्थानों पर बनाया गया ड्रॉप गेट तीन नंबर बस स्टैंड में दुर्गा माता प्रतिमा से आगे ड्रॉप गेट, अतौआ मोड़ आईटीआई के नजदीक ड्रॉपगेट, सदभावना चौक के समीप ड्रॉपगेट, सूर्यमंदिर मिर्जापुर में ड्रॉपगेट, हरिष्चन्द्र स्टेडियम के समीप विजयदशमी के दिन रावण वध कार्यक्रम को लेकर ड्रॉपगेट बनाया जायगा। बाबा के ढाबा गोन्दापुर के पास ड्रॉपगेट, मस्तानगंज पेट्रॉल पंप से पहले ड्रॉपगेट, बड़ी दरगाह चौक के आगे खुरी नदी नया पुल के दक्षिणी छोर पर ड्रॉपगेट, इन्दिरा चौक से पुराना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर ड्रॉप गेट, पुरानी जेल रोड में ड्रॉप गेट, ईमली पेड़ के आगे ड्रॉप गेट तथा बुधौल बस स्टैंड के समीप ड्रॉप गेट बनाया गया है।
शहर में दोपहिया वाहनों के लिए बनाया गया पार्किंग स्थल नवादा शहरवासियों के लिए दोपहिया पार्किंग स्थल शहर के अंदर ही बनाया गया है, जिसमें तीन नंबर बस स्टैंड के पास स्थित कन्हाई उच्च विद्यालय का मैदान, पुरानी रेलवे स्टेशन परिसर, बिहार बस स्टैंड परिसर, आईटीआई कॉलेज परिसर के बाहर, सदभावना चौक के पास ओवर ब्रीज के नीचे, नगर भवन परिसर तथा पटना बस स्टैंड परिसर शामिल है।
संचालक अमित बोहरा ने कहा कि त्योहार के साथ लगन के लिए भी उपलब्ध है पूरा रेंज, ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए हमारा व्यवहार ने बढ़ाया कारोबार
Report by Nawada News Xpress नवादा / सूरज कुमार
नवादा शहर के बीचो-बीच प्रसाद बिगहा दुर्गा मंडप के समीप सुंदरी फैमिली शॉप और सब्जी बाजार स्थित सुंदरी साड़ी इम्पोरियम इन दोनों प्रतिष्ठानों ने एक अलग पहचान शहरवासियों के बीच बनाया है। इन दोनों के संचालक अमित बोहरा बताते हैं,
किसी भी व्यवसाय को मुकाम तक पहुंचाने के लिए ग्राहकों में विश्वास जगाना होता है। उन्होंने बताया कि यूं तो शहर में कई बड़े-बड़े मॉल खुले हैं, बावजूद उन सभी को छोड़कर लोग हमारे प्रतिष्ठान में आ रहे हैं, यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि हमारी सोच हमेशा ग्राहकों के प्रति पॉजेटिव रहा है,
यही वजह है कि हम बेहतर व्यवसाय करने में सफल हो रहे हैं। हमारे पास ग्राहकों को उनके जरूरतों के मुताबिक हर रेंज के कपड़े उपलब्ध है। यहां सम्मान के साथ ग्राहक खरीदारी कर गौरवान्वित होते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों की संतुष्टि ही हमारी सफलता का राज है। अमित बोहरा बताते हैं कि
दुर्गा पूजा सहित दीपावली और छठ पर्व सहित आने वाले लगन को लेकर नवरात्रि से ही कपड़ों का बाजार गुलजार हो गया है। नगर के मेन रोड प्रसाद बिगहा स्थित सुंदरी फैमिली शॉप तथा सब्जी मार्केट स्थित सुंदरी साड़ी एंपोरियम में दुर्गा पूजा सहित अन्य त्योहारों के लिए कपड़ों को लेकर ग्राहकों की भीड़ जुट रही है।
उन्होंने बताया कि उचित दाम पर ग्राहकों को कपड़ों की खरीदारी के साथ ऑफर व उपहार का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसबार ग्राहकों को उनके बजट के हिसाब से आकर्षक कपड़ों का रेंज दिया जा रहा है। लेडीज कलेक्शन, जेंट्स कलेक्शन तथा बच्चों के लिए किड्स कलेक्शन का भरपूर रेंज उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी लोगों को लेटेस्ट कपड़ों का रेंज मिल रहा है। हर तरह के ब्रांडों के अलावा महिलाओं के लिए विभिन्न ब्रांडों की साड़ी, कुर्ती, प्लाजो, लंहगा चुन्नी, बच्चों का आकर्षक डिजाईनर कपड़े सभी को खूब लुभा रही है। साथ ही टीवी सिरियलों में दिखने वाली परिधानों का लेटेस्ट रेंज भी उपलब्ध है।
विधायक के समर्थकों में इस बात को लेकर है नाराजगी, कहा नगर परिषद नवादा विधायक विभा देवी की उपलब्धियों को अपने नाम करने के लिए उद्धघाटन में नहीं बुलाकर किया घिनौना काम
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा नगर के हृदय स्थली प्रजातंत्र चौक के पास नवनिर्मित डीलक्स सुलभ शौचालय का उद्घाटन सोमवार को डीएम और नगर परिषद अध्यक्ष ने संयुक्त रूप से कर दिया है। इस बहुप्रतीक्षित योजना के लिए नवादा विधायक विभा देवी ने एड़ी-चोटी एक कर दी थी,
यहां तक कि विधानसभा में भी आवाज उठाकर इस प्रोजेक्ट को अंजाम तक पहुंचाया और नगर विकास मंत्री से व्यक्तिगत मुलाकात कर नगर में कई और स्थानों पर डीलक्स शौचालय बनाने की सिफारिश की थी। स्थानीय प्रशासन से भी इस संबंध में विधायक विभा देवी ने कोशिशें जारी रखी।
दुर्भाग्य इस बात की है कि कार्य पूरा होने पर नगर परिषद कार्यालय द्वारा उक्त विधायक को सूचना तक नहीं दी गई और आनन-फानन में उद्घाटन कर दिया गया। विधायक के समर्थकों ने इस बात को लेकर भारी नाराजगी व्यक्त की है
और आशंका जाहिर की है कि यहां कुछ न कुछ गड़बड़ झाला जरूर हुआ है। डीलक्स सुलभ शौचालय उद्घाटन के मौके पर स्थानीय विधायक को आमंत्रण नहीं दिया जाना इस बात को प्रमाणित करता है कि नगर परिषद कार्यालय द्वारा निर्माण प्रक्रिया में घोर अनियमितता बरती गई है।
विधायक समर्थक अनिल प्रसाद सिंह, शशिभूषण शर्मा, शम्भु विश्वकर्मा तथा नंदकिशोर बाजपेयी आदि ने बताया कि प्रजातंत्र द्वार के पास डीलक्स सुलभ शौचालय निर्माण एवं केंद्रीय पुस्तकालय जीर्णाेद्धार का पूरा श्रेय विधायक विभा देवी को जाता है,
क्योंकि तत्कालीन डीएम यशपाल मीणा और विधायक विभा देवी ने कोविड काल के दौरान ही इस प्रोजेक्ट के लिए प्रयास शुरू कर दिया था। केंद्रीय पुस्तकालय का भी टेंडर हो चूका है, जबकि सुलभ शौचालय का उद्घाटन बिना विधायक को सुचना दिए कर दिया गया।
उक्त्त लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उद्घाटन के मौके पर विधायक को सूचना नहीं दिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे पता चलता है कि संबंधित विभाग के द्वारा घोर अनियमितता बरती गई है।
नवरात्रि के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का प्रसिद्ध लोक नृत्य छऊ की प्रस्तुति देकर कलाकारों ने मोह लिया सबका मन
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
मॉडर्न शैक्षिणक समूह नवादा के द्वारा संचालित मॉडर्न इंगलिश स्कूल नवादा के बहुउद्देशीय सभागार में नवरात्रि के पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का प्रसिद्ध लोक नृत्य छऊ की प्रस्तुति दी गई। आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर डॉ किरण सेठ के द्वारा संचालित स्पीक मेके संस्था के द्वारा इस कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई।
यह संस्था भारतीय सभ्यता संस्कृति की मूल नृत्य, संगीत विद्या से आज की नई पीढ़ी को जगाने और दिखाने का कार्य कर रही है।कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत सभी कलाकारों को पुष्प गुच्छ एवं शाल देकर मॉडर्न शैक्षिणक समूह के निदेशक डॉ अनुज सिंह एवं विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास के द्वारा किया गया।
पुनः पुरुलिया से आए हुए कलाकारों ने टीम का नेतृत्व कर रहे तमल कांति रजक के निर्देशन में लगभग पंद्रह कलाकारों के दल ने प्रसिद्ध लोक नृत्य छऊ के द्वारा मां दुर्गा एवं राक्षस राज महिषासुर के बीच हुई लड़ाई को संक्षिप्त रूप से कला के माध्यम से दिखाया गया।
कलाकारों के द्वारा महिषासुरवध के साथ रक्तबीज वध को भी जीवंत प्रदर्शन किया गया। कलाकारों ने सबसे पहले मां दुर्गा के नौ रूप को दिखाकर वंदना के साथ कार्यक्रम आरंभ किया, फिर असत्य के प्रतीक महिषासुर राक्षस एवं माता रानी के बीच हुए संवाद को भी रोमांचित ढंग से बच्चों के बीच प्रस्तुति की गई।
शेर की दहाड़ सुनकर बच्चों के बीच भय का माहौल कुछ देर के लिए हो गया। लगभग दो घंटे तक कलाकारों के दल ने अपनी प्रस्तुति दिया और अंत में मां दुर्गा ने महिषासुर राक्षस को मारकर धर्म की विजय कराई। इस अवसर पर मॉडर्न शैक्षिणक समूह के निदेशक डॉ अनुज ने कहा कि
इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन से बच्चों को विलुप्त हो रहे संस्कृति से पुनः जोड़ने का अवसर प्राप्त होता है। आज मॉडर्न अपने बच्चों को स्पीक मैके के साथ मिलकर विलुप्त हो रहे भारतीय संस्कृति, सभ्यता आदि से अपने बच्चों को जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
इससे बच्चों का केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि मानसिक एवं बौद्धिक क्षमता का विकास होता है। सभी बच्चे महिषासुर वध देखने के बाद रोमांचित हो उठे थे। छोटे-छोटे बच्चे शेर की दहाड़ सुनकर रोना शुरू कर दिये थे।
अंत में सभी कलाकारों को विद्यालय के द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य सुजय कुमार, समीर सौरभ, चंद्रदीप प्रसाद, अंजना दीक्षित, अनुमेहा कुमारी, पवन कुमार तथा पुरुषोत्तम कुमार आदि शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।