Home Blog Page 72

संगीतमय श्रीराम कथा में प्रभंजनानंद ने कह दी जीवन की बड़ी बात, भगवान के चरित्र का चिंतन करने मात्र से ही सुधर जाएगा चरित्र, पढ़ें पूरी खबर 

0

नगर के गांधी इंटर विद्यालय के मैदान में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा में हर दिन आस्था की उमड़ रही भीड़, शाम होते ही भक्तिरस में डूब रहे शहरवासी

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में चल रहा प्रभंजनानंद जी महाराज का संगीतमय श्रीराम कथा में भक्तिरस का आस्था देखते बन रहा है। हर रोज शाम होते ही शहरवासी भक्तिमय हो रहे हैं। इतना ही नहीं भगवान की भक्ति के साथ-साथ ज्ञानवर्धक प्रवचन लोगों को खूब भा रहा है।

उन्होंने प्रवचन के दौरान कहा कि भगवान अनंत हैं, उनका चरित्र अनंत है, उनकी लीला अनंत है, फिर भी भगवान के उन अनंत चरित्रों में जितना चरित्र चिंतन हम कर लें, उससे हमारे चरित्र का निर्माण होता है। भगवान के चरित्र का चिंतन करने का उद्देश्य यही है कि हमारा चरित्र सुधर जाए।

उन्होंने कहा कि भगवान का चरित्र वो दर्पण है, जिसमें हम अपना सुधार कर लें। अयोध्या से आये श्री श्री स्वामी प्रभंजनानंद जी महाराज संगीमय श्रीराम कथा के दौरान श्री रामजी की जीवनी का वर्णन करते हुए कई ज्ञानवर्धक बातें कही। 

आरती के साथ शुरू हुआ श्रीराम कथा 

श्रीराम कथा शुरू होने से पूर्व आरती की गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। उन्होंने कहा कि दर्पण कभी झूठ नहीं बोलता। दर्पण के सामने खड़े होकर हम गड़बड़ को सुधार करते हैं, उसी प्रकार भगवान श्रीराम का चरित्र ऐसा निर्मल दर्पण है, जिस दर्पण में हम अपने चरित्र को देखें कि हमारी क्या गलतियां हैं।

पुरुषोत्तम भगवान रामजी ने क्या किया वो हम करें, या उन्होंने क्या नहीं किया वो हम ना करें, यह देखकर रामचरित्र के दर्पण में हम अपने जीवन का सुधार कर लें, यही कथा सुनने का सार्थक फल है। अपने आपको हम पवित्र कर लेंगे। संसार के लोग व्यवहार को देखते हैं,

लेकिन भगवान भाव को देखते हैं। आपका भाव बहुत अच्छा हो, लेकिन व्यवहार में आप चूक गए तो संसार में आप सफल नहीं हो सकते और अगर भगवान के साथ व्यवहार में चूक गए तो कोई बात नहीं, यदि भाव आपका ठीक रहा तो काम चल जाएगा। 

हमारी संस्कृति है सम्मान देने वाला 

हमारी संस्कृति प्रणाम, आदर और शीश झुकाने वाली संस्कृति है। हम सभी को सम्मान देने वाले प्राणी हैं। चरित्र सबसे मूल्यवान वस्तु है जो ज्ञान, तप, शील और सद्गुणों से उन्नत होता है। चिंतन और आचरण से चरित्र पुष्पित और पल्लवित होता है, जिनके पास शुभ विचार है, उनका चरित्र भी उन्नत होता है। प्रयास यह रहे कि आपका चरित्र दृष्टांत, गाथा और उदाहरण बन जाए। 

भारतीय संस्कृति में राम जैसा चरित्र किसी के पास नही

देवर्षि नारद परमात्मा के मन हैं और सद्ग्रन्थों के मूल में प्रेरक सत्ता भी नारद ही हैं। सबसे उन्नत चीज चरित्र है और हमारी भारतीय संस्कृति में राम जैसा चरित्र किसी के पास नही है। श्रेष्ठता, दिव्यता व उच्चता के मानकों के प्रतिमान भगवान श्रीराम हैं।

उन्होंने कहा कि नैतिकता मूल वस्तु है, आप महान हैं, लेकिन शील सम्पन्न नहीं हैं तो आपकी महानता व्यर्थ है। मन की उत्पत्ति काम से हुई है, इसलिए वह काम से मुक्त नहीं हो पाता। मन को काम से मुक्त कर लेना जीवन का बड़ा पुरुषार्थ है।

राशन में क्रप्शन- गरीबों का निवाला हड़पने वाले किस 5 पीडीएस विक्रेताओं पर दर्ज हुई प्राथमिकी, पढ़ें पूरी खबर 

0

लाभुकों का अनाज खुले बाजार में बेचने का आरोप लगने के बाद जांच में खुलासा होने पर एक्शन आया अधिकारी, मचा हड़कंप 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में पीडीएस बिक्रेताओं का काला करतूत ने सनसनी फैला दिया है। गरीबों का निवाला हड़प करने का मामला ने तूल पकड़ लिया है, जिसके बाद एक्शन आये अधिकारी ने कार्रवाई शुरू कर दी। यह मामला जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र का है, जहां 5 जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शशि भूषण कुमार ने पीडीएस दुकानदारों के विरूद्ध संबंधित क्षेत्र के थानों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा के तहत 7-ईसी के तहत प्राथमिकी दर्ज कराया है। थाने में दिए गए अलग-अलग आवेदनों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार ने बताया है कि अकबरपुर प्रखंड के पंचरुखी पंचायत के डीलर विपिन चौधरी के सार्वजनिक जन वितरण प्रणाली का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान गेहूं व चावल स्टॉक में शून्य पाया गया, जबकि पॉश मशीन के अनुसार बिक्रेता के यहां चावल और गेहूं मिलाकर 247.73 क्विंटल शेष होना चाहिए था। परंतु जांच के दौरान ऐसा कुछ भी नहीं मिला, इससे स्पष्ट होता है कि खाद्यान्न की कालाबाजारी की गई है।

इसी प्रकार नेमदारगंज पंचायत के जन वितरण विक्रेता कृष्ण देव प्रसाद पर 301.97 क्विंटल, मोहन प्रसाद पर 206.15 क्विंटल, राजेंद्र प्रसाद शर्मा पर 162.2 क्विंटल तथा राजकुमार राम पर 189.65 क्विंटल अनाज खुले बाजार में बेचने का आरोप है।

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्री कुमार ने बताया कि बिक्रेता द्वारा कई लाभार्थियों के अंगूठे का निशान ले लिया गया, लेकिन राशन नहीं दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के आवेदन पर मामला दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है।

इस सम्बंध में रजौली एसडीओ आदित्य कुमार पीयूष ने पीडीएस दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि पात्रों के राशन में गोलमाल नहीं होने दिया जाएगा। समय-समय पर कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाती है। शिकायत मिलने पर जांच के बाद विभागीय कार्रवाई होगी।

वहीं, विभाग की इस कार्रवाई से राशन बिक्रेताओं में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि जिले के पीडीएस बिक्रेताओं द्वारा लाभुकों के अंगूठे का निशान ले तो लिया जाता था, लेकिन खाद्यान्न नहीं दिया जाता है और तो और पांच किलोग्राम के बजाय चार किलोग्राम दिया जाना तो आम है,

जहां तक रसीद की बात करें तो यह किसी को दिया ही नहीं जाता है। यह सारा खेल अधिकारियों की मिलीभगत से हो रही है। यह पहला ऐसा अवसर है, जब एक साथ एक ही प्रखंड क्षेत्र के 5 पीडीएस बिक्रेताओं के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

बिहार में शराब से दर्जनों लोगों की हुई मौत के बाद नवादा पुलिस ने कैसे की बड़ी कार्रवाई, पढ़ें पूरी खबर  

0

कादिरगंज पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब किया बरामद, शराब लदा ट्रक और  पिकअप सहित दो बाइक किया जब्त, शराब माफिया सहित चालक हुआ फरार

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार के विभिन्न जिलों में शराब से दर्जनों लोगों की हुई मौत के बाद नवादा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों का विदेशी शराब जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। साथ ही शराब माफियाओं के विरूद्ध सघन अभियान चला रखी है।

पुलिस मुख्यालय के सख्ती और शराब मामले में पुलिस पदाधिकारियों के विरूद्ध की गई कार्रवाई के बाद शराबबंदी कानून को अक्षरसः पालन करने को लेकर नवादा पुलिस कमर कस चुकी है। इसी कड़ी में जिले के कादिरगंज थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक ट्रक विदेशी शराब के साथ एक पिकअप तथा दो बाइक को जब्त किया है।

हांलाकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही शराब माफिया तथा चालक भागने में सफल रहे। इस संबंध में सदर एसडीपीओ-वन अनोज कुमार ने बताया कि कादिरगंज थानाध्यक्ष श्रवण कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के पौरा गांव के समीप रेलवे पुल के नीचे एक ट्रक से पिकअप वाहन पर विदेशी शराब अनलोड कर लादा जा रहा है।

सूचना बाद थानाध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए दलबल के साथ उक्त स्थान पर पहुंचे, जहां ट्रक संख्या-बीआर-01जीसी/0763 से शराब अनलोड कर पिकअप वाहन संख्या-बीआर-01जेएच/4172 पर लादा जा रहा है। वहां पहुंची पुलिस ने शराब लदा ट्रक, पिकअप वाहन तथा वहां रहे दो बाइक को जब्त कर लिया।

सदर एसडीपीओ-वन श्री कुमार ने बताया कि पुलिस वाहन को देखकर ट्रक, पिकअप और बाइक को छोड़कर चालक और शराब तस्कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि शराब के साथ एक ट्रक तथा वहां खड़ी एक पिकअप वाहन और दो बाइक को जब्त कर लिया गया है। कुल 2583 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।

इसको लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर फरार शराब तस्करों और वाहन चालकों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेत्तर कार्रवाई की जा रही है तथा शराब माफिया को चिन्हित करने का काम पुलिस कर रही है। बता दें कि उक्त ट्रक पर कुल 287 कार्टून विदेशी शराब जब्त किया गया है जिसका कीमत लगभग 15 से 20 लाख रूपये आंका जा रहा है। 

सनसनी- सरकारी विद्यालय में पदस्थापित शिक्षकों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में क्या किया फर्जीवाड़ा, पढ़ें पूरी खबर 

0

रजौली प्रखंड क्षेत्र के सवैयाटांड़ पंचायत में संचालित प्राथमिक व नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर हाजिरी बनाने के नाम पर करते थे फर्जीवाड़ा, 6 शिक्षकों पर गिरी गाज, मांगा गया स्पष्टीकरण 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में इन दिनों शिक्षा विभाग और शिक्षकों के बीच तू डाल-डाल तो मैं पात-पात वाली एक कहावत खूब चरितार्थ हो रहा है, क्योंकि शिक्षा विभाग शहरी एवं ग्रामीण सहित जंगली क्षेत्रों में शिक्षा में सुधार के लिए कई आवश्यक कदम उठाया है। लगातार कई दिशा-निर्देश जारी की गई, लेकिन शिक्षक उनके सभी आदेशों को धत्ता बताकर अपने कारनामों में मशगूल है और विद्यालय न जाकर घरों में अपने निजी कार्यों में व्यस्त रहते हैं। मामले का खुलासा तब हुआ जब उग्रवाद प्रभावित रजौली प्रखंड क्षेत्र के सवैयाटांड़ पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित प्राथमिक और नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापित शिक्षक ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर हाजिरी बनाने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहे थे। बता दें कि राज्य और जिला स्तर से बारबार पत्र के माध्यम से निर्देश जारी किया जा रहा है कि सभी शिक्षकों को ई-शिक्षा कोष पोर्टल के माध्यम से भी उपस्थिति दर्ज कराना है और सेल्फ अटेंडेंस में ही हाजिरी बनाना है। हाजिरी बनाने के दौरान खुद का फोटो लेना है, लेकिन रजौली प्रखंड क्षेत्र के 6 शिक्षकों के द्वारा अलग-अलग तिथि में कभी फ्लैक्स का फोटो तो कभी दीवार का फोटो और कभी आसमान का फोटो अपलोड किया जा रहा था। जिसके बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने मामले को अतिसंवेदनशील बताते हुए 6 शिक्षकों से स्पष्टीकरण की मांग की है, साथ ही मोबाइल में छेड़छाड़ कर गलत तरीके से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज कराने वाले शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। उन्होंने बताया कि जो शिक्षक गलत तरीके से ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करते हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी।

छह शिक्षकों पर गिरी गाज, मांगा गया स्पष्टीकरण

ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर गलत तरीके से अपनी हाजिरी बनाने वाले नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सपही के शिक्षिका रंजू कुमारी, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सपही के शिक्षक देवेंद्र कुमार सुमन, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय झलकडीहा के शिक्षिका खुशबू कुमारी, प्राथमिक विद्यालय सिमरातरी के शिक्षिका नाजनी सब्बा, सुरैया तरन्नुम और ललन कुमार से स्पष्टीकरण की मांग की गई है। वहीं जारी पत्र में स्पष्ट लिखा गया है कि नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सपही में पदस्थापित शिक्षिका रंजू कुमारी द्वारा 3, 10 और 24 अक्टूबर को ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर हाजिरी बनाने के दौरान गलत फोटो अपलोड किया गया है। इसके अलावा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय सपही के शिक्षक देवेंद्र कुमार सुमन द्वारा 3, 5 और 7 अक्टूबर को ई-शिक्षा कोष पर गलत फोटो अपलोड किया गया है। नवसृजित प्राथमिक विद्यालय झलकडीहा की शिक्षिका खुशबू कुमारी द्वारा 8 अक्टूबर को गलत फोटो अपलोड किया गया है। प्राथमिक विद्यालय सिमरातरी में कार्यरत शिक्षिका नाजनी सबा, सुरैया तरन्नुम और शिक्षक ललन कुमार द्वारा दीवार की फोटो तो कभी आसमान की फोटो अपलोड कर शिक्षा विभाग को चूना लगा रहे हैं। हालांकि इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार चौधरी से कॉल पर सम्पर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया गया, परंतु उनका मोबाइल बंद बताया। बहरहाल, इस मामले को लेकर शिक्षा महकमे में कोलाहल मचा हुआ है।

नवादा के पूर्व डीएम व पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ एन विजय लक्ष्मी क्यों पहुंची नवादा, पढ़ें पूरी खबर 

0

प्रधान सचिव ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कई लाभुकों को दिया चेक, डीएम आशुतोष वर्मा ने विभिन्न योजनाओं का अद्यतन रिपोर्ट प्रधान सचिव के समक्ष किया प्रस्तुत 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा के पूर्व डीएम व पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग बिहार के प्रधान सचिव डॉ एन विजयलक्ष्मी गुरुवार को नवादा पहुंची। नवादा पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया गया तथा उनसे मिलने के लिए कई गणमान्य लोग उत्सुक दिखे। समहरणालय पहुंची डॉ एन विजय लक्ष्मी ने सर्व प्रथम विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक किया। इस दौरान डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने सबसे पहले प्रधान सचिव को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया

एवं उनके बारे में उपस्थित पदाधिकारियों को बताया कि प्रधान सचिव, नवादा में जिलाधिकारी के पद पर रह चुकी हैं। डीएम श्री वर्मा ने कहा कि यह बहुत ही संयोग की बात है कि प्रधान सचिव के ही दिन वर्ष 2001 में जिला पदाधिकारी नवादा के पद पर योगदान दिया गया था, इसलिए प्रधान सचिव नवादा जिले की परिस्थितियों से भलीभांति परिचित हैं। पशु एवं मत्स्य संसाधन के क्षेत्र में तिव्रतम विकास को लेकर प्रधान सचिव प्रयासरत हैं।

प्रधान सचिव ने कई लाभुकों को दिया चेक

प्रधान सचिव द्वारा मत्स्य से संबंधित लाभुक सरयुग पासवान को पहाड़ी क्षेत्र तालाब निर्माण के लिए 4 लाख 80 हजार 709 रूपये का चेक, पारो देवी को पहाड़ी क्षेत्र तालाब निमार्ण के लिए 3 लाख 72 हजार 545 रूपये, विमला देवी को प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत एक लाख 80 हजार रूपये, नागेन्द्र चैधरी को विशेष सहायता योजना के तहत 3 लाख 6 हजार 584 रूपये, संजय चैधरी को उन्नत इनपुट योजना के तहत 70 हजार तथा विभा कुमारी को उन्नत इनपुट योजना के तहत 50 हजार रूपये को चेक का वितरण किया। 

इसी तरह कॉन्फेट के तहत बुलबुल देवी, काजल देवी, विपिन कुमार, नारायण यादव तथा रूबी देवी प्रत्येक को 79 हजार 700 रूपये का चेक वितरित किया गया, साथ ही गव्य विकास योजना के तहत उपेन्द्र कुमार को 2 लाख 57 हजार 792 एवं सुभाष कुमार को एक लाख 19 हजार 755 रूपये का चेक दिया गया। इसके अलावा पशुपालन क्षेत्र से संबंधित लाभुक सुमन कुमार को समेकित मुर्गी विकास योजना के तहत

एक लाख 80 हजार, सोनू कुमार को समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत एक लाख 27 हजार 600, मिथलेश प्रसाद को समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत एक लाख 6 हजार 400 तथा शब्बा अंजुम को समेकित बकरी एवं भेड़ विकास योजना के तहत 48 हजार 400 रूपये को चेक वितरित किया गया। वहीं पशु एवं मत्स्य संसाधन से संबंधित कुल 17 लाभुकों को लगभग 27 लाख रूपये का चेक वितरण किया गया। 

डीएम श्री वर्मा ने प्रस्तुत किया विभिन्न योजनाओं का अद्यतन रिपोर्ट 

डीएम श्री वर्मा के निदेशानुसार विभागीय पदाधिकारियों द्वारा विभाग से संबंधित विभिन्न प्रकार की योजनाओं के बारे में अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। पदाधिकारियों द्वारा पशुपालन विभाग के बारे में वृहद रूप से चर्चा करते हुए बताया गया कि नवादा जिले में कृत्रिम गर्भाधान केन्द्र की संख्या-23, प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय की संख्या-37 एवं राजकीय पशु चिकित्सालय की संख्या- 24 है। वर्ष 2023-24 में 149806 पशुओं की चिकित्सा की गई, जो कि लक्ष्य का 121.80 प्रतिशत है। वर्ष 2024-25 में सितंबर तक 81050 पशुओं की चिकित्सा की गई, जो कि लक्ष्य का 131.80 प्रतिशत है।

वर्ष 2023-24 में 3163 पशुओं को बंध्याकरण किया गया जो लक्ष्य का 164.31 प्रतिशत है। इसी तरह वर्षवार एंबुलेटरी कैम्प एवं पशु अस्पताल निरीक्षण, टीकाकरण, समेकित बकरी विकास योजना तथा समेकित मुर्गी विकास योजना आदि के बारे में बताया गया। पदाधिकारियों ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के राजस्व में वार्षिक लक्ष्य 17 लाख रूपये था, जिसमें 34.58 लाख उपलब्धि है, जिसका 203.42 प्रतिशत एवं वर्ष 2024-25 में सितम्बर तक वार्षिक लक्ष्य 26.81 लाख रूपये था, जिसका 57.38 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त है।

मत्स्य उत्पादन में 2024-25 में सितम्बर तक वार्षिक लक्ष्य 6.91 हजार टन था, जिसमें 4.12 उपलब्धि मिला, जो 59.62 प्रतिशत है। मत्स्य बीज उत्पादन में 30.75 लाख वार्षिक लक्ष्य सितम्बर तक मिला, जिसका उपलब्धि 25.95 है। मत्स्य संसाधन में 496 सरकारी तालाब, 360 निजी तालाब, 5 जलाशय, नदी जिसमें सकरी, खुरी, पंचाने, भुसरी, ककोलत, तिलैया एवं धनार्जय नदी शामिल है। जलाशय अन्तर्गत फुलवरीया, कोलमहादेव, तारकोल, जौब एवं पुरैनी के अद्यतन स्थिति के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना तथा मुख्यमंत्री तालाब मत्स्य विकास योजना आदि के बारे में बताया गया।

प्रधान सचिव द्वारा पदाधिकारियों के सुझाव मांगा गया, जिसमें पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि कई योजनाओं के विकास में भूमि एवं भवन से संबंधित समस्या उत्पन्न हो रही है। इस संदर्भ में प्रधान सचिव द्वारा बताया गया कि भूमि एवं भवन को लेकर तीव्रतम गति उपलब्ध कराया जायेगा ताकि पशु एवं मत्स्य संसाधन के क्षेत्र में नवादा जिला अव्वल रहे। इसके साथ ही अपर समाहर्ता चन्द्रशेखर आजाद द्वारा प्रधान सचिव के नवादा आगमन एवं मार्गदर्शन तथा आशीर्वाद प्रदान करने को लेकर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, नवादा सदर एसडीओ, प्रभारी जिला गोपनीय शाखा, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, उप मत्स्य निदेशक मगध परिक्षेत्र, जिला मत्स्य पदाधिकारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, मत्स्य विकास पदाधिकारी तथा कनीय अभियंता के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

नवादा में किस महिला लुटेरा को पिस्टल और गोली सहित उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने किया गिरफ्तार, पढ़ें पूरी खबर 

0

ग्राहक सेवा केन्द्र के कर्मी से 4.5 लाख लूट की घटना को दिया था अंजाम, पुलिस ने गिरफ्तारी कर किया खुलासा

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में अब महिला लुटेरा भी लूट की घटना को अंजाम देने में जुट गई है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने खुलासा किया। दरअसल, पिछले दिनों 7 अक्टूबर को दिन दहाड़े हथियार का भय दिखाकर एक ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से 4 लाख 50 हजार रूपये लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।

गिरफ्तारी के बाद पकरीबरावां डीएसपी महेश चौधरी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेसवार्ता का आयोजन कर इसका खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि पकरीबरावां थाना की पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से कांड में शामिल

एक महिला सहित 2 लोगों को एक पिस्टल और 3 जिंदा कारतूस तथा लूट की गई राशि में 75 हज़ार रूपये के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं इस लुट कांड में शामिल अन्य लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

लुट की वारदात को अंजाम पीड़ित सीएसपी संचालक के मौसेरे भाई ने अपने अन्य साथी की मदद से दिया था। पुलिस के हत्थे चढ़े अभियुक्त पकरीबरावां थाना क्षेत्र के छोटी तलाब मोहल्ला निवासी ताबिश खान और दोस्त अली बीघा गांव की रहने वाली रहनुमा परवीन शामिल है।

वहीं इस लुट कांड में शामिल अन्य 4 अभियुक्त पटना जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बता दें कि अभी तक जिले में महिला चोर व महिला चैन स्नेकर का मामला आ रहा था,

लेकिन अब महिला लुटेरा भी बन रही है, जो हथियार भी रखती है। फिलवक्त पुलिस गिरफ्तार महिला लुटेरा के साथियों की तलाश में उसके बताये ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। 

पैक्स चुनाव का अजब-गजब खेल, चुनाव से पहले इस पंचायत में जीवित मतदाताओं को वोटरलिस्ट में कर दिया मृत घोषित, पढ़ें पूरी खबर 

0

ग्रामीणों ने बताया जिला सहकारिता कार्यालय की भूमिका संदिग्ध, कार्रवाई की उठ रही है मांग

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

बिहार में पैक्स चुनाव की तिथि की घोषणा होते ही पैक्स अध्यक्षों के द्वारा जिन्दा वोटरों को मृत घोषित करने का खेल शुरू हो गया है, जिससे मतदाताओं में भारी आक्रोश बना हुआ है। ऐसा ही एक मामला रजौली प्रखंड के चितरकोली पैक्स का है, जहां वर्तमान पैक्स अध्यक्ष और जिला सहकारिता कार्यालय की मिली भगत से जीवित मतदाताओं को मृत बताकर वोटर लिस्ट से नाम हटा दिया गया है।

इसके बाद जीवित मतदाताओं ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी रजौली संजीव झा से मिलकर अपने जीवित होने का प्रमाण दिया और मतदान से वंचित करने के नापाक प्रयास में शामिल दोषियों पर कार्रवाई की मांग किया है। जिला सहकारिता कार्यालय से जिस मतदाता सूची को प्रकाशित किया गया है।

उस मतदाता क्रम संख्या-181 में राजकुमारी देवी पति शुकर यादव, क्रम संख्या-182 में सुरेंद्र यादव पिता शुकर यादव और क्रम संख्या-183 में सनोज देवी पति सुरेंद्र यादव तीनों का घर चितरकोली अंकित है। यह तीनों एक ही परिवार के सदस्य हैं और यह तीनों जीवित हैं। जबकि वोटर लिस्ट में इन तीनों व्यक्तियों को मृत बताकर इनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया गया है।

हालांकि, पैक्स अध्यक्षों के द्वारा सरकारी दर पर धान खरीद और घटिया चावल एसएफसी को देने का खेल तो जारी हैं ही, वहीं चुनाव जीतने के लिए वर्तमान पैक्स अध्यक्षों के द्वारा अपने चहेते वोटरों का नाम वोटर लिस्ट में शामिल कर दिया गया है। इतना ही नहीं अपने पक्ष में वोट नहीं देने वाले जीवित मतदाताओं को मृत बताकर मतदाता सूची से नाम ही हटा दिया गया है।

हद तो यह है कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का सारा खेल में जिला सहकारिता कार्यालय की मिली भगत से किया गया है और इस कृत्य में जिला सहकारिता कार्यालय की भूमिका संदिग्ध बतायी जा रही है। मामले का खुलासा तब हुआ जब वोटर लिस्ट का प्रकाशन हुआ और वोटर लिस्ट में दावा आपत्ति का तिथि प्रकाशित हुआ।

इस संबंध में चितरकोली पंचायत के दर्जनों पैक्स मतदाताओं ने बताया कि जिला सहकारिता कार्यालय की भूमिका संदिग्ध है। ऐसे में वोट देने से वंचित करने जैसे कृत्य में शामिल अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी भी मतदाता को वोट देने के अधिकार से वंचित होना ना पड़े।

प्रखंड विकास पदाधिकारी रजौली से मिलने गए मतदाताओं ने बताया कि चितरकोली पैक्स मतदाता सूची में गड़बड़ी की पूरी आशंका है। क्योंकि, जिन मतदाताओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है उसमें कई मतदाता पोषक क्षेत्र के बाहर रहने वाले हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते वरीय अधिकारियों ने इस मामले पर गंभीरता से पहल नहीं किया तो आने वाले दिनों में निष्पक्ष चुनाव होने की संभावना नहीं दिखाई पड़ रही है और मूल मतदाता मतदान से वंचित हो जाएंगे।

दीपावली में मिलावटी मिठाई बेचने की थी तैयारी, फूड अधिकारी ने छापेमारी कर नकली खोवा बेचने वाले इस दुकान में किया कार्रवाई, पढ़ें पूरी खबर  

0

जिले के आधा दर्जन से अधिक मिठाई दुकानों में छापेमारी कर 11 प्रकार के मिठाईयों को जांच में भेजने के लिए लिया गया सैम्पल, हिसुआ के मिठाई दुकानों में मिला दूषित लड्डू  
नवादा शहर व हिसुआ के मिठाई दुकानों में की गई छापेमारी से मचा हड़कंप, साफ-सफाई व बेस्ट बिफोर डेट के साथ मिठाई बेचने का दिया गया नसीहत 

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

मिठाईयों का त्योहार दीपावली पर मिलावटी मिठाई से बचाव को लेकर जिला फूड अधिकारी बुधवार को नवादा शहर व हिुसआ के मिठाई दुकानों में छापेमारी कर निरीक्षण किया, जिसमें कई मिठाई दुकानों का सैम्पल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे जाने की बात कही गई। लेकिन एक मिठाई दुकान में छापेमारी करने पहुंचे, तो वहां खुलेआम नकली खोवा बेचा जा रहा था।

दरअसल, नगर के अस्पताल रोड स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के समीप रहे बनारसी स्वीट्स में छापेमारी की गई, जिसमें 10 केजी का तीन नकली मीठा खोवा का पैकेट जब्त किया गया, जिसमें निर्माण तिथि व बैच नम्बर अंकित नहीं था। इससे यह साफ हो गया था कि दुकानदार किस तरह से चंद रुपयों के लिए फूड प्वाइजन परोस रहा था। इसके अलावा छेना मिठाई का भी नमूना संग्रह किया गया,

इन सभी को जांच के लिए लैब भेजे जाने की बात कही गई। शहर के मिठाई दुकानों में जहरीली दूषित मिठाई बेचने का सिलसिला यहीं खत्म नहीं हुआ, बल्कि हिसुआ के पूजा स्वीट्स नामक दुकान में छापेमारी की गई, जहां से करीब 5 किलोग्राम दुषित लड्डू को जब्त करते हुए उसे विनिष्ट करने की कार्रवाई की गई। साथ ही लड्डू और छेना का सैम्पल भी जांच के लिए संग्रह किया गया।

वहीं हिसुआ के सीजन संदेश श्रवण तिलकुट भंडार में छापेमारी की गई, जहां दस किलो प्रदूषित लड्डू बरामद करते हुए उसे विनिष्ट करते हुए लड्डू का सैप्पल भी जांच के लिए लिया गया। इसके साथ ही हिसुआ के न्यू सत्यम केक पैलेस से भी लड्डू व छेना का नमूना संग्रह कर जांच के लिए सैम्पल लिया गया।

इधर, नवादा नगर के सद्भावना चौक स्थित कावेरी स्वीट्स से फूड अधिकारी ने काजू गजक संग्रह किया तथा अस्पताल रोड स्थित डोडा बर्फी व गोंद का लड्डू जांच के लिए संग्रह किया गया। इस प्रकार कुल 7 मिठाई दुकानों में छापेमारी कर जांच के लिए सैम्पल लिया गया, जिसे लैब भेजा जा रहा है।

फूड अधिकारी मुकेश कश्यप ने बताया कि बड़े मिठाई दुकानों को सजग रहना सबसे जरूरी है। बड़े दुकानों में शुद्धता होने से छोटे दुकानदार भी शुद्धता का पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि जिन मिठाई दुकानों का जांच किया गया है उनको सख्त हिदायत दिया गया कि किसी भी कीमत पर गलत पाये जाने के बाद कार्रवाई होना तय है।

उन्होंने कहा कि दीपावली पर लोगों को शुद्ध मिठाई मिल सके, इसके लिए पर्व से पूर्व छापेमारी अभियान चलाया गया है, जो निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई के साथ-साथ हैंड ग्लॉब्स का इस्तेमाल करने का हिदायत दिया। इसके अलावा उन्होंने जांच के दौरान काउंटर पर रखे मिठाईयों के ट्रे में बेस्ट बिफोर का डेट होना जरूरी बताया।

उन्होंने बताया कि जांच में लिये जाने वाले सैम्पलों को लैब में दो तरह का रिपोर्ट होने पर कार्रवाई होती है, जिसमें सब स्टैंडर्ड और अनसेफ शामिल है। मिठाई का रिपोर्ट सब स्टैंडर्ड यानि मानक के अनुरूप नहीं होना तथा अनसेफ का मतलब स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होना होता है। उन्होंने बताया कि अनसेफ पाये जाने पर सिविल कोर्ट में क्रिमिनल केस दर्ज किया जाता है, जिसमें जुर्माना और सजा का प्रावधान है।

वहीं सब स्टैंडर्ड पाये जाने पर एडीएम कोर्ट में सुनवाई होती है, जिसमें केवल जुर्माना देना होता है। फुुड अधिकारी श्री कश्यप ने बताया कि छठ पर्व की शुद्धता को देखेते हुए दीपावली के बाद छठ से पहले भी जिले में फिर खाद्य सामग्रियों के दुकानों की जांच की जायगी। बता दें कि दीपावली से पूर्व मिठाई दुकानों में छापेमारी से मिलावटी मिठाई बनाने वाले दुकानदारों में हड़कम्प मच गया है।

संगीतमय श्रीराम कथा में ऐसे उमड़ रहे श्रद्धालुओं की भीड़, प्रभंजनानंद जी ने प्रवचन में क्यों कहा विचारों को स्वच्छ रखने के लिए ही है धर्म शास्त्र, पढ़ें पूरी खबर 

0

नगर के गांधी इंटर विद्यालय के मैदान में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुरू हुआ आयोजन, 20 अक्टूबर से 28 अक्टूबर चलेगा श्रीराम कथा

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

नवादा में आयोजित संगीतमय श्रीराम कथा को सुनने जिले भर से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। अयोध्या से आये श्री श्री स्वामी प्रभंजनानंद जी महाराज ने संगीमय श्रीराम कथा का प्रवचन देते हुए कहा कि विचारों को स्वच्छ रखने के लिए ही धर्म शास्त्र है। रावण शरीर से राक्षस नहीं था, वह तो प्रचंड विद्वान था, लेकिन उसके विचारधारा राक्षस प्रवृत्ति का था।

दूसरों को रूलाने की प्रवृति रखना ही रावण होता है। श्रीराम कथा शुरू होने से पूर्व आरती की गई, जिसमें नगर के प्रसिद्ध मॉडर्न ग्रुप व टीके ऑटोमोबाइल स्वराज ट्रैक्टर शोरूम के संचालक संजय सिंह सपरिवार शामिल हुए। उनके साथ राजेश कुमार श्री सपरिवार आरती में शामिल हुए। वहीं प्रसिद्ध धर्मशीला देवी हॉस्पिटल के डायरेक्टर अविनाश कुमार भी शामिल होकर श्री प्रभंजनानंद जी महाराज से अशीर्वाद लिया।

मौके पर आयोजक समिति में सुरेन्द्र प्रसाद व डॉ आरपी साहू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे। वहीं महिला श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते बन रहा था। श्रीराम कथा शिविर में दयालू कान्हा फाउंडेशन की ओर से आगंतुक श्रद्धालुओं के लिए मुफ्त चाय व पेयजल की व्यवस्था की गई है।

श्रीराम जन्म कथा को सुनाते हुए प्रभंजनानंद जी महाराज ने बताया कि व्यक्ति को कर्म में निरंतरता बनाकर रखना चाहिए, निरंतरता होने से ही सफलता प्राप्त होती है। अभ्यास के द्वारा मुढ़ से मुढ़ व्यक्ति भी विद्वान बन सकता है, जिसकी साधना में निरंतरता होती है उसी की उपासना भी सफल होती है।

कथा के दौरान उन्होंने कहा कि कभी भी स्वयं की तुलना दूसरों से न करें अपने भाग्य की तुलना दूसरों से कर व्यक्ति व्यर्थ ही तनाव लेता है। परमात्मा भाग्य का चित्र अवश्य बनाता है, मगर उसमें कर्म रूपी रंग तो व्यक्ति स्वयं भरता है। हर परिस्थिति में व्यक्ति को प्रसन्न रहना चाहिए, कर्म में निरंतरता बनाकर रखना चाहिए और यह सूत्र अपने जीवन में उतार ले ईश्वर कृपा से जो प्राप्त है वह पर्याप्त है।

श्री महाराज ने कहा कि प्रसन्नता जीवन का सबसे बड़ा स्वर्ग है व निराशा और उदासीनता सबसे बड़ा नरक। व्यक्ति सुख तो प्राप्त करना चाहता है पर सुख के मार्ग पर चलने का प्रयास नहीं करता, वह चलता है दुख के मार्ग पर और कल्पना सुख की करता है। उन्होंने कहा कि सिद्धि का अर्थ भौतिक वैभव नहीं, बल्कि परम तत्व की प्राप्ति है।

दुनिया में केवल धन, शक्ति और प्रतिष्ठा से संपन्न हो जाने पर कोई पूजनीय व वंदनीय नहीं होता है, बल्कि अपने आचरण तथा अपनी शक्ति को सही दिशा में लगाकर ही दुनिया में पूजनीय वंदनीय तथा अमरत्व को प्राप्त करता है। उन्होंने भगवान श्रीराम जन्म के प्रसंगों को अद्भुत और

विद्वता पूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर श्रोता भक्ति भाव में डूब गये। यह संगीतमय श्रीराम कथा 20 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक नगर के गांधी इंटर विद्यालय के मैदान में प्रतिदिन संख्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक चलता है, जिसमें शहरवासी बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।

जब नवादा एसपी पहुंच गए मॉडर्न स्कूल नेशनल चैम्पियन बनी बेटियों को सम्मानित करने, फिर क्या कहा कि बच्चे हो गए उत्साहित, पढ़ें पूरी खबर   

0

देश भर में चैंपियन बनी खिलाड़ियों को एसपी ने कहा यदि जीवन में लक्ष्य प्राप्त करना है तो आपको कठिन परिश्रम करना होगा जो यहां की बेटियों ने कर दिखाया 

मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ अनुज ने कहा इन बेटियों की सफलता के बदौलत ही आज मॉडर्न का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाने लगा है

Report by Nawada News Xpress 

नवादा / सूरज कुमार 

मॉडर्न शैक्षणिक समूह की संस्था मॉडर्न इंग्लिश स्कूल कुंती नगर नवादा के खेल मैदान में नवादा एसपी अभिनव धीमन भी सीबीएसई नेशनल अंडर-19 बालिका हैंडबॉल के विजेता खिलाड़ियों को सम्मान करने मुख्य अतिथि बनकर पहुंच गए। जिससे बच्चों का उत्साह देखते बन रहा था।

मॉडर्न की बालिका वर्ग हैंडबॉल टीम भारत के सीबीएसई संबद्धता प्राप्त आठ जोन के विद्यालय के साथ खेल-खेलकर अपना विजय अभियान जारी रखते हुए वर्ष 2024 का विजेता बना। सबसे पहले विद्यालय की छात्राओं के द्वारा एसपी का स्वागत पुष्प वर्षा कर किया गया। विद्यालय की छात्राओं के द्वारा उनके सम्मान में स्वागत गीत की प्रस्तुति कर कार्यक्रम का विधिवत आरंभ किया गया।

पुनः बच्चों ने वतन-वतन मेरे आबाद रहे तू ,देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी। एसपी अभिनव धीमन की गिनती तेज तर्रार पुलिस अधिकारी में होती है इससे पहले पटना के सिटी एसपी रहकर उन्होंने कई सराहनीय कार्य किए हैं। मॉडर्न समूह के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह के द्वारा पुलिस अधीक्षक को पुष्प गुच्छ एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिकृति से सजी हुई प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में आरक्षित अधीक्षक ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के कई गुर बताये। उन्होंने कहा कि जो मेहनत करता है एक दिन सफल जरूर हो जाता है, जो सफल होता है वह फिर हमलोग की तरह ही मंच पर आकर बैठता है। आप सभी बच्चों में बहुत शक्ति व बहुत एनर्जी है, आप ठान लेंगे तो जो चाहेंगे कर सकते हैं। अपने संबोधन के बाद उन्होंने बारी-बारी से सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया।

खेल शिक्षिका कल्पना कुमारी, नीतीश कुमार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित टीम मैनेजर के रूप में अलखदेव प्रसाद को भी पुष्प गुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों को प्रेरित करते हुए एसपी अभिनव धीमन ने कहा कि अगर जीवन में अपने लक्ष्य को प्राप्त करना है तो आपको कठिन परिश्रम व पूरी लगन के साथ मेहनत करनी पड़ेगी।

विद्यार्थी जीवन हमारे जीवन की वह भाग है, जिसमें हम सिर्फ सीखते हैं। यह सीखना कई क्षेत्रों में होता है पुस्तकीय-ज्ञान, खेलकूद, अनुशासन, व्यवहारिक ज्ञान आदि। उन्होंने विद्यालय के बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप सभी आने वाले कल के भविष्य हैं। इस अवसर पर डॉ अनुज ने कहा कि पूरे मॉडर्न परिवार के साथ-साथ नवादा जिला एवं बिहार राज्य के लिए गौरव की बात है कि

इन छोटे-छोटे ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली बेटियां देश के अलग-अलग राज्यों को ही नहीं बल्कि विदेशी खिलाड़ियों के साथ मुकाबला कर जीत हासिल की है। आज इन बेटियों का नाम पूरे भारत में गूंज रहा है। इन बेटियों की सफलता के बदौलत आज मॉडर्न का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर जाना जाने लगा है। इस सफलता में खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ पूरा विद्यालय परिवार का सहयोग इन सबों को मिला। इनके माता-पिता का भी भरपूर योगदान रहा है।

इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन कार्य नवादा के प्रसिद्ध रंगकर्मी श्रवण बरनवाल के द्वारा किया गया साथ ही साथ विद्यालय के संगीत शिक्षक अनिल विश्वकर्मा एवं पवन कुमार के द्वारा बच्चों के स्वागत गीत की प्रस्तुति करवाई गई। कार्यक्रम में राजकीय खेल पुरस्कार से सम्मानित नवादा के वरिष्ठ खेल शिक्षक शिवकुमार की भी सराहनीय भूमिका रही,

साथ ही साथ रणजी मैच खेल चुके मॉडर्न क्रिकेट अकादमी संचालन करने वाले क्रिकेटर राकेश कुमार, सेवानिवृत शिक्षक शिवकुमार प्रसाद, प्रसिद्ध फिजिकल टीचर संतोष कुमार वर्मा भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के उपप्राचार्य मिथिलेश कुमार विजय, उमेश पांडेय, दीपक पुष्टि, राकेश पांडेय, विस्मिता साहू आदि शिक्षकगण की सराहनीय  भूमिका रही।

You cannot copy content of this page