2016 बैच के भाप्रसे के रवि प्रकाश को बिहार पटना उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव के पद से किया गया स्थानांत्रित
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के नये डीएम रवि प्रकाश को बनाया गया है। निवर्तमान डीएम आशुतोष कुमार वर्मा के सेवा निवृत होने के बाद नवादा में नये डीएम के रुप में रवि प्रकाश को स्थानांत्रित किया गया है।
श्री प्रकाश को नवादा डीएम बनाये जाने की अधिसूचना जारी होते ही जिलेवासियों में डीएम को लेकर बनी उहापोह दूर हो गई है। बिहार सरकार सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा शनिवार को जारी अधिसूचना में
2016 बैच के भाप्रसे के रवि प्रकाश को बिहार पटना उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव के पद से स्थानांत्रित कर नवादा का डीएम बनाया गया है। साथ ही अगले आदेश तक समाहर्त्ता एवं जिला पदाधिकारी नवादा के पद पर पदस्थापित करते हुए
उन्हें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 (एक्ट-46, 2023) की धारा-14 के अधीन संबंधित जिला का जिला दंडाधिकारी भी नियुक्त किया गया है। गौरतलब हो कि नवादा के नये डीएम रवि प्रकाश से जिलेवासियों की कई उम्मीदें जुड़ी है। किसी जिले के विकास में डीएम का भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होता है।
नेमदारगंज थाना क्षेत्र में दो युवकों को चाकू मारकर किया जख्मी, चिंताजनक हालत में एक रेफर, दूसरी तरफ कौआकोल थाना क्षेत्र में छिनतई के दौरान युवक को अपराधियों ने चाकू मारकर किया जख्मी, चाकूबाजों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में दीपावली की रात्रि दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चाकूबाजी की घटना ने दहशत बना दिया है। इन दिनों चाकू मारने की घटना आम हो गई है। इसके पूर्व भी नगर के सब्जी बाजार में एक दुकानदार को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया था। हालांकि पुलिस इन चाकूबाजों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार तो कर ले रही है,
परंतु पुलिसिया खौफ नहीं रहने के वजह से ऐसे लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है। ताजा घटना जिले के नक्सल थाना नेमदारगंज क्षेत्र के फरहा गांव में पटाखा खरीदने के विवाद में दो युवकों को चाकू मारकर जख्मी कर दिया। वहीं दूसरी ओर कौआकोल थाना क्षेत्र के सेखोदेवरा में छिनतई के दौरान एक युवक को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया।
नेमदारगंज थाना क्षेत्र के फरहा गांव में हुई चाकूबाजी में जख्मी दोनों युवकों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से जख्मी एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद एक को चिंताजनक हालत में बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया।
पटाखा खरीदने को लेकर हुआ विवाद तो दो युवकों को चाकू मारकर किया जख्मी
बताया जाता है कि पटाखा की खरीदारी को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें मारपीट के दौरान दो युवकों को चाकू मारकर जख्मी कर दिया गया। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने चाकू मारने वाले आरोपित को घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया।
चाकूबाजी की घटना फरहा पुस्तकालय गली के समीप हुई है। घायल की पहचान फरहा गांव निवासी जगदीश चौधरी का पुत्र सचिन उर्फ शेरू तथा सरजुन चौधरी का पुत्र राहुल कुमार के रूप में किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू मारने वाला स्थानीय निवासी मो शाहिद आलम उर्फ फेकू मियां का पुत्र मो आसिफ आलम उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि दीपावली की रात्रि उक्त दोनों जख्मी युवक पटाखा खरीदने गया था, तभी आरोपी छोटू के साथ कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों युवकों पर चाकू से प्रहार कर जख्मी कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि दोनों ओर से प्राप्त आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर आधा दर्जन लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। दर्ज प्राथमिकी के नामजद आरोपी छोटू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कौआकोल में छिनतई के दौरान चाकू से हमला कर युवक को किया जख्मी
वहीं दूसरी ओर कौआकोल थाना क्षेत्र के सोखोदेवरा गांव के धधौर बाबा के समीप बुधवार की रात्रि एक युवक को चाकू से गोदकर जख्मी कर दिया। उसके बाद युवक के पास रहे मोबाइल फोन को भी बदमाशों ने छीन लिया। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने घटना में शामिल तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घायल युवक की पहचान जोगाचक पानी टंकी मुहल्ला निवासी दुबेश्वर चौधरी का पुत्र रंजीत कुमार उर्फ गोलू के रूप में किया गया है। ज्ञात हो कि जिले में इन दिनों लगातार घट रही चोरी, छिनतई, मारपीट तथा हत्या की घटनाओं में वृद्धि होने से जिलेवासियों में काफी दहशत कायम हो गया है।
बच्चों ने जमकर जलाये पटाखे, रातों भर दुकानों में हुई मां लक्ष्मी की पूजा, भक्तिमय बना रहा वातारण, दूसरे दिन भी दीपावली मनाने में जुटे रहें लोग, खूब छूटे पटाखें, बहनों ने घरौंधा का पूजा कर भाइयों की लम्बी उम्र का किया कामना
Report by Nawada News Xpress नवादा / सूरज कुमार
प्रकाश का पर्व दीपावली पूरे नवादा जिले में धूम-धाम से शांति व सद्भाव के साथ मनाया गया। वहीं नगर के जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल में बच्चों का रंगोली प्रतियोगिता आयोजित किया गया। गुरूवार को दिनों भर लोग दीपावली की सजावट करने के बाद शाम को पूजा पाठ करने में जुटे रहे। वहीं बच्चों ने जमकर आतिशबाजी का भी लुफ्त उठाया और घरौंदा पूजा किया।
महिलाओं ने माता लक्ष्मी की पूजा कर अपने घरों को दीये से सजाकर जगमग करने में जुटी रही. लक्ष्मी पूजा को लेकर शहर के दुकानों में रातों भर पूजा का दौर चलता रहा. पटाखों की गुंज में मां लक्ष्मी की पूजा का आहवान वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं दूसरे दिन छोटी दीपावली पर भी दुकानें शाम होते ही बंद हो गई और फिर आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया।
पूरे शहर में लाईटों से घरों को सजाया गया, लेकिन मिट्टी के दीये से जगमगाते घर अद्भुत लग रहे थे। हर तरफ दीपावली का उमंग देखते बन रहा था। दुल्हन की तरह सजी शहर का वातावरण काफी मनमोहक दिख रहा था। लोग मिठाई बांटकर एक दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते नहीं थक रहे थे, हर इलाका जगमग कर रहा था।
जीवन ज्योति पब्लिक स्कूल में रंगोली प्रतियोगिता का हुआ आयोजन चार दिनों तक चलने वाली इस दीपावली पर नवादा नगर के जीवन त्योति पब्लिक स्कूल नवीन नगर में दीपावली पर्व पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ आरपी साहू ने कहा कि दीपावली अंधकार पर प्रकाश के विजय का त्योहार है। दुराचारी रावण को मारकर भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन के उत्साह में यह त्योहार मनाया जाता है।
दीपावली का त्योहार हमे यह शिक्षा देती है कि हमें सदा सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार ईश्वर से प्रार्थना करता है कि आप सभी के जीवन में भी ज्ञान रूपी प्रकाश का प्रभाव सदा बनी रहे। निदेशिका रश्मि गुप्ता ने कहा कि
आप सभी अपने जीवन में उत्तरोत्तर वृद्धि करे और अपने ज्ञान तथा संस्कार से अपने परिवार विद्यालय समाज और देश का नाम रौशन करे। इस कार्यक्रम में सभी अष्टम से दशम वर्ग के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सुंदर रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। इस प्रतियोगिता में
दशम वर्ग की मधु, मानसी, अराधना, अंशिका एवं अष्टम वर्ग की जागृति, सलोनी, रोशनी, श्रेया, आरूषि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दशम ग्रुप बी के नेहा, चांद, वैष्णवी व रति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नवम वर्ग की छात्राओं में खुशी, निशु, अनु एवं आदिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मौके पर विद्यालय के सभी षिक्षक व कर्मी मौजूद थे।
जुआ खेलने की परम्पराओं को भी लोगों ने निभाया दीपावली पर्व पर जुआ खेलने का पुरानी परम्परा बनी हुई है। इस दिन लोग जुआ खेलना लोग नहीं भूलते हैं। जुआ खेलना आये या नहीं आये, लेकिन खेलने की परम्पराओं को जरूर निभाया जाता है। किसी ने दुकान में तो किसी ने घरों में अपने परिवारों के साथ जुआ खेलने का परम्परा निभाया,
हालांकि कुछ जगहों पर जुआ का अड्डा भी संचालित किया जा रहा था, जहां हजारों व लाखों की जुआ खेली गई। ऐसे जुआ के अड्डों पर पेशेवर जुआड़ियों का जमघट लगी रही। प्रशासन के नजरों से बचकर इन जुआ के अड्डों पर जमकर जुआ खेली गई।
बहनों ने घरौंधा का पूजा कर भाई की लम्बी उम्र का किया कामना दीपावली के अवसर पर बहनों ने घरौंधा का पूजा कर भाई की लम्बी उम्र की कामना की। शाम ढ़लते ही बहनों ने घरौंधा को दीपक और फूल माला से सजाकर पूजा अर्चना की तथा भाई की लम्बी उम्र की कामना की। पूजा करने के पश्चात बहनों ने भाई को सात रंग का भुंजा व मिठाई खिलाकर लम्बी उम्र की कामना की।
सोशल मीडिया पर बधाई देने की मची रही होड़ दीपावली को लेकर रातों भर सोशल मीडिया में दीपावली की शुभकामनाएं व बधाई देने की होड़ मची रही। पूराने परम्पराओं में कार्ड भेजने की व्यवस्था अब पूरी तरह से विलुप्त हो चुकी है। इसका जगह अब सोशल मीडिया ने ले लिया है. आसानी से किसी को भी जैसा मन करे एडीटिंग कर मैसेज भेजने में लोगों ने कोई कोरकसर नहीं छोड़ा।
विवाहित महिला के साथ अवैध संबंध बनाना पड़ा महंगा, पुलिस ने प्रेमिका महिला सहित तीन को किया गिरफ्तार, घटना के 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में सनसनी फैलाने वाली खबर सामने आया है, जिसमें एक युवक की हत्या आशिकी में कर दी गई है। युवक कुंवारा था और उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन इसके पूर्व युवक का एक विवाहित महिला के साथ अवैध संबंध था और वह शादी करने से मना कर रही थी। जब युवक नहीं माना तो विवाहित प्रेमिका ने अपने दूसरे आशिक से मिलकर उसकी हत्या कर दी।
युवक की हत्या की सूचना बाद एफएसएल की टीम के साथ पहुंची नगर थाना पुलिस ने मामले की तहकीकात करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने महिला सहित तीन लोगों को घटना के महज 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया।
बुधवार को नगर थाना में सदर एसडीपीओ-वन अनोज कुमार ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि नगर थाना क्षेत्र के चौधरी नगर मुहल्ला में एक युवक की हत्या कर दी गई है। इस घटना को एसपी अभिनव धीमन ने गंभीरता से लेते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर कार्रवाई का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि गठित एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से कांड में संलिप्त एक महिला सहित 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाना परिसर लाया गया एवं उससे सघन पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार उक्त तीनों अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध को स्वीकार करते हुए बताया कि
कांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्त बिच्छी देवी का मृतक युवक जो नगर थाना क्षेत्र के चौधरी नगर मुहल्ला निवासी स्व सदानंद पांडेय का 23 वर्षीय पुत्र नरेन्द्र पांडेय उर्फ कुंदन के साथ अवैध संबंध था। विगत कुछ दिनों से मृतक कुंदन का शादी का बात चल रहा था, जिसका बिच्छी देवी विरोध कर रही थी।
इसी बीच बिच्छी देवी का संबंध कारू चौधरी के साथ हुआ। घटना की रात्रि कारू चौधरी अपने एक साथी मंजू मांझी के साथ घर पर आए थे, जिसके बाद बिच्छी देवी ने इन दोनों के साथ मिलकर द्वेष भाव में तकिया से मुंह दबाकर कुंदन की हत्या कर दी।
सदर एसडीपीओ श्री कुमार ने बताया कि घटना को लेकर नगर थाना में कांड संख्या-1279/24 दर्ज करते हुए गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मौके पर नगर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की विवरणी सदर एसडीपीओ अनोज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में नगर थाना क्षेत्र के शोभिया पर गांधी आश्रम मुहल्ला निवासी जितेन्द्र मांझी की 30 वर्षीय पत्नी बिच्छी देवी, नगर थाना क्षेत्र के सुदामा नगर मुहल्ला निवासी अर्जुन चौधरी का 33 वर्षीय पुत्र कारू चौधरी तथा नगर थाना क्षेत्र के ही शोभिया पर काली स्थान मुहल्ला निवासी रूपन मांझी का 46 वर्षीय पुत्र मंजू मांझी शामिल है।
चायना पटाखों की जगह देशी पटाखों को बेच रहे कारोबारी, लाईट वाले पटाखों को बच्चे व अभिभावक खूब कर रहे पसंद Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में दीपावली पर एक दिन पूर्व पटाखों की मांग बढ़ जाने से बाजार में काफी भीड़ देखने को मिला, वहीं पटाखे की दुकानों में बच्चों का उत्साह देखते बन रहा था। देशी रंग-बिरंगे पटाखे लोगों को खूब लुभा रही है। धनतेरस के साथ ही पटाखे की मंडी भी गुलजार हो गई है।
परम्परागत खरीदारी के साथ बच्चों के लिए पटाखा लेना लोग नहीं भूल रहे हैं। कम दामों में बेहतर प्रोडक्ट अब देषी निर्मित पटाखे खूब पसंद किये जा रहे हैं। पूरे जिले में दर्जनों पटाखों की दुकानें सजी है। शहर से लेकर गांव तक कारोबारी पटाखे की एक से बढ़कर एक भेरायटी मंगा रखे हैं।
जिसमें रंग-बिरंगे लाईट वाले पटाखे लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। हर लोग आवाज वाले पटाखों से अपने को तौबा कर रहे हैं। बता दें कि चाइना निर्मित पटाखों का इस जिले में हर साल करोड़ों का कारोबार किया जाता था, परंतु पिछले दो सालों से दीपावली पर चाइना बाजार जैसे थम सा गया है।
लाल चौक मुस्लिम रोड स्थित सोनी टेंट एंड लाईट पटाखा बिक्रेता दुकानदार गुड्डु भाई बताते हैं कि पिछले साल की तुलना में इस साल चाइना पटाखों की बिक्री पूरी तरह से बंद हो गई है। उन्होंने बताया कि महंगाई के बाद भी लोगों में पटाखा खरीदने का उत्साह नहीं कमा है।
पटाखा कारोबारी गुड्डु भाई बताते हैं कि दो दषक पूर्व आवाज वाले पटाखों की खूब मांग होती थी, लेकिन इस साल केवल लाईट वाले ही पटाखे खरीदे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पटाखों में चरखी, रॉकेट, फुलझड़ी, छुरछुरी, गुड़कुन, महताब, रस्सी तथा
पुटपुटिया का डिमांड खूब है। वहीं बच्चों का सबसे पसंदीदा पॉपअप की बिक्री खूब हो रही है। पिछले दो दिनों से पटाखा का बाजार काफी गुलजार है। इसके अलावा कैंडल और दीया भी खूब बिक रहा है।
धनतेरस पर हुई करोड़ों की कारोबार, पारम्परिक खरीदारी के लिये बाजारों में उमड़ी भीड़, बर्तन, सर्राफा, इलेक्ट्रोनिक्स व वाहन मंडी रही गरम, सुबह से ही खचाखच भरी रही शहर की दुकानें
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
धनवंतरी पूजा यानि धनतेरस पर खरीदारी का पौराणिक महत्व माना जाता रहा है। दीपावली से दो दिन पहले धनतेरस मनाया जाता है। मंगलवार को धनतेरस के इस अवसर पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। सुबह से उमड़ी भीड़ देर रात तक दुकानों में लगी रही। लोग बर्तन, सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक व मोबाइल तथा वाहनों आदि की खरीदारी के लिये आपाधापी करते नजर आ रहे थे, इसके साथ ही परम्परा के अनुसार धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ माना जाता है।
वर्तमान में इलेक्ट्रॅानिक उपकरणों की मांग काफी बढ़ गयी है, इसके अलावा गाड़ियों की खरीदारी का भी अलग क्रेज बन गया है। पौराणिक परपंरा के अनुसान कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी को धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन समुद्र मंथन के दौरान, अमृत का कलश लेकर धनवंतरी प्रकट हुए थे, इस वजह से इस दिन को धनतेरस के रूप में मनाया जाता है। इस दिन स्वास्थ्य रक्षा के लिए धनवंतरी देव की उपासना की जाती है।
इस पर्व को कुबेर का दिन भी माना जाता है और धन संपदा के लिए कुबेर की पूजा की जाती है। धनतेरस को लेकर हर लोग अपनी औकात के हिसाब से खरीदारी करने में जुटे हुए थे। बाजार में हर तरह के खरीदार नजर आ रहे थे, जिसमें किसी ने मंहगे समान की खरीदारी की, तो किसी ने झाड़ू खरीदकर धनतेरस की परंपरा को निभा रहे थे। अनुमानित तौर पर कहा जा रहा है कि पूरे जिले में करीब सौ करोड़ का कारोबार किया गया है, जबकि पिछले साल इससे कम का कारोबार किया गया था।
सर्राफा बाजार में सोने-चांदी व हीरे की जेवरों की रही धूम धनतेरस को लेकर लक्ष्मी गणेश व रानी विक्टोरिया के चिन्ह वाले सोने-चांदी के सिक्कों की बिक्री हर साल रहती है। लेकिन, इसबार लोंगों ने इसके अलावा जेवरों की खरीदारी भी खूब की है। वहीं सोने-चांदी व डायमंड के ज्वेलरी की खरीदारी को लेकर दुकानों में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। हर वर्ग के लोग अपने हिसाब से सोने-चांदी की खरीदारी कर परम्परा को निभाने में जुटे थे।
ज्वेलर्स की दुकानों में जेवरों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ देर शाम तक लगी रही। नगर के सब्जी बाजार स्थित सागरमल ज्वेलर्स, विजय बाजार मोड़ स्थित तुलसी ज्वेलर्स तथा विजय बाजार स्थित हनी ज्वेलर्स में ग्राहक खरीदारी कर परम्परा का निर्वहन करने में जुटे रहे। इस दौरान इन दुकानों में ग्राहकों की भीड़ देखते बन रहा था। इसबार सोना -चांदी का रेट अधिक रहने के कारण पूरे जिले में करीब 30 से 35 करोड़ का कारोबार होने का आंकलन किया गया है।
ठठेरी गली में बर्तन की खरीदारी में रही आपाधापी शहर के पुरानी बाजार ठठेरी गली में दर्जनों बर्तन दुकानों में दिनों भर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। इतना ही नहीं देर शाम तक भी खरीदारी के लिए दुकानों में भीड़ थमने का नाम नहीं ले रहा था। कांसा, ताम्बा, पीतल और स्टील सहित फाइबर आदि के बर्तनों की खरीदारी जिस स्तर से लोगों ने की, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पूरे जिले में बर्तन का कारोबार करीब 2 करोड़ से से अधिक हुआ है।
इस मंडी में फुटपाथ पर भी दर्जनों दुकानें लगी रही, हालात ऐसी थी कि ठठेरी गली में लोगों को पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। बर्तन कारोबारी गोपाल प्रसाद, सुजीत कुमार, देव कृष्ण प्रसाद, प्रदीप कुमार, मनोज कुमार, कृष्णा प्रसाद तथा सूरज कुमार आदि कारोबारियों ने बताया कि आर्थिक मंदी के बाद भी ग्राहकों ने अपनी परम्पराओं को बरकरार रखते हुए देर रात तक खरीदारी करने में जुटे रहे। इस बार एंटिक सामानों में मुर्तियों का डिमांड अधिक देखा गया है। वहीं लगन नजदीक रहने के कारण लोग शादी-विवाह का बर्तन भी बिटिया को दान में देने के लिए खरीदारी कर रहे थे।
वाहनों की खरीदारी का क्रेज रहा बरकरार विश्वकर्मा पूजा से ज्यादा महत्व वाहनों की खरीद के लिये धनतेरस को दिए जाने लगी है। जिले भर के वाहन शोरूम में करीब 40 से 45 करोड़ का कारोबार होने की जानकारी मिल रही है, जिसमें छोटी-बड़ी वाहनों के अलावा दुपहिया वाहन भी शामिल है। जिले के प्रसिद्ध स्वराज ट्रैक्टर शोरूम टीके ऑटोमोबाईल्स न्यू एरिया नवादा में ट्रैक्टर खरीदने को लेकर ग्राहकों की भीड़ सुबह से लगी रही।
संचालक संजय सिंह ने बताया इसबार उम्मीद से बेहतर कारोबार हुआ है। वहीं युवा होंडा शोरूम रामनगर में भी सुबह से बाइक की खरीदारी करने में लोग जुटे रहे। शोरूम संचालक श्याम अग्रवाल व राकेश कुमार ने बताया कि बाइक की आपूर्ति के लिये एक माह पूर्व से ही तैयारी की जा रही थी, साथ ही बुकिंग का काम भी चल रहा था।
इलेक्ट्रोनिक मंडी के हर सेक्टर में रही धूम शहर के कई जाने माने इलेक्ट्रोनिक दुकानों में धनतेरस को लेकर खरीदारी का उफान रहा। इसबार व्यवसाय प्रभावित होने की डर में अचानक धनतेरस में बाजार बूम कर गया, जिसके बाद भीड़ को देखते हुए अनुमान के अनुसार कारोबार किया गया। शहर के प्रसिद्ध साईं कम्प्यूटर व कम्प्यूटर इंफोटेक खरीदी बिगहा व साईं कम्प्यूटर इंदिरा चौक के संचालक अरविन्द कुमार ने बताया कि इसबार लैपटॉप की बिक्री खूब रही।
ग्राहकों ने विभिन्न कंपनियों के नये वर्जन वाला लैपटॉप खूब पसंद किया। वहीं माथुर इलेक्ट्रनिस के संचालक सुबोध माथुर ने बताया कि जिस उम्मीद के साथ धनतेरस की तैयारी की गई थी, उससे बेहतर रिजल्ट मिला है। उन्होंने बताया कि प्रोडक्ट के साथ कई तरह का उपहार भी दिया जा रहा है। इसबार करीब 10 से 15 करोड़ का कारोबार इलेक्ट्रॉनिक मंडी में होने की सम्भावना जतायी जा रही है।
धनतेरस में परंपरागत नये झाड़ु की खूब हुई खरीदारी धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने की परम्परा आदि-अनादिकाल से चली आ रही है। दीपावली त्योहार का शुभारम्भ धनतेरस के दिन से होती है। इस दिन दीपावली के प्रथम दीया जलाने से पूर्व नये झाड़ू से सफाई किया जाता है। पंडित विद्याधर पांडेय बताते हैं कि यह परम्परा आदि-अनादिकाल से चली आ रही है। माता लक्ष्मी का प्रवेश स्वच्छ स्थानों पर होता है, इसलिए धनतेरस में पहला दीया जलाने के पूर्व नये झाड़ू से घरों की साफ-सफाई की जाती है, उसके बाद दीया जलाया जाता है। इस पराम्परा को लेकर हिन्दु धर्म के लोगों द्वारा धनतेरस में झाड़ू की खरीदारी सबसे अहम माना गया है। जिले भर में करीब 20 लाख से अधिक झाड़ू बेचे जाने का आंकलन किया गया है, इस लिहाज से झाड़ू का कारोबार पूरे जिले में करीब 2 करोड़ से अधिक होने की आंकलन की जा रही है। (नोट-इस खबर में दिया गया आंकड़ा अनुमानित है इसकी पुष्टि nawada news xpress प्रमाणित नहीं करता है)
हर स्वराज ट्रैक्टर की खरीदारी पर ग्राहकों को मिल रहा निश्चित उपहार के रुप में एलईडी स्मार्ट टीवी, संचालक ने कहा दमदार क़्वालिटी के कारण स्वराज ट्रैक्टर बनी लोगों की पहली पसंद
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में धनतेरस को लेकर अन्य वस्तुओं की तरह वाहनों का डिमांड भी खूब होने लगी है। खासकर ट्रैक्टर की बिक्री का होड़ लगता है, जिसमें हर कंपनी अधिक से अधिक ट्रैक्टर बेचने के लिए एक माह पूर्व से ही तैयारी में जुटा है।
इसबार धनतेरस में स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर लोगों की पहली पसंद बन गई है। नवादा नगर के न्यू एरिया मुहल्ला स्थित टीके ऑटोमोबाईल्स (स्वराज ट्रैक्टर) शोरूम के संचालक संजय सिंह ने बताया कि कंपनी द्वारा इस धनतेरस 35 ट्रैक्टर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था,
जिसमें 31 ट्रैक्टर की बुकिंग एक दिन पूर्व ही कर लिया गया। उन्होंने बताया कि हर स्वराज ट्रैक्टर की खरीद पर निश्चित उपहार के रुप में एलईडी स्मार्ट टीवी दिया जा रहा है। जिससे ग्राहकों में काफी उत्साह बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि धनतेरस के दिन तक कंपनी के लक्ष्य से अधिक ट्रैक्टर बेचने की तैयारी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि स्वराज ट्रैक्टर का बेहतर सर्विस के साथ बेहतर क़्वालिटी व दमदार ताकत की वजह से ही लोग इसे पसंद कर रहे हैं।
ट्रैक्टर खरीदने के लिए ग्राहक कई दिनों पूर्व से ही बुकिंग करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्वराज ट्रैक्टर खेती से लेकर माल ढुलाई तक हर क्षेत्र में कारगर साबित हो रहा है, जिसके वजह से इसका डिमांड बढ़ गया है।
सर्राफा कारोबारियों ने सोने-चांदी के आभूषणों की हर रेंज कराया उपलब्ध, त्योहारी सीजन के साथ लगन शुरू होने को लेकर कारोबारियों में जगी उम्मीदें, शहर के प्रमुख आभूषण कारोबारियों ने बताया दाम बढ़ने के बाद भी बढ़ी कारोबार की रौनक, शहर के विश्वासनीय प्रसिद्ध सागरमल ज्वेलर्स, तुलसी ज्वेलर्स व हनी ज्वेलर्स लोगों को कर रहा आकर्षित
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
जिले भर में धनतेरस को लेकर हर तरह की बाजारें सज-धज कर तैयार हो गई है। वहीं सर्राफा बाजार इसबार बेहतर कारोबार करने को लेकर तैयार है। दीपावली व छठ के साथ ही लगन भी शुरू होने वाली है। ऐसे में कारोबार बेहतर होने की उम्मीदें सर्राफा दुकानदारों में जगी है। धनतेरस पर सर्राफा बाजार में रौनक देखते बन रहा है।
सोने व चांदी के आभूषणों की बुकिंग के साथ ही खरीदारी भी चल रही है। धनतेरस से एक दिन पूर्व सोमवार को सर्राफा बाजार के ज्वेलरी शोरूमों पर ग्राहकों की भीड़ देखी गई। सोना और चांदी की कीमतें भी घट-बढ़ रही है, बावजूद उम्मीद से अधिक कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। बाजार में ब्रिटिश शासन की गिन्नी, मुगल शासन की मोहर अशर्फी के साथ एक से बढ़कर एक आभूषण उपलब्ध हैं।
सोना-चांदी के सिक्कों की बाजार में मांग हर साल की तरह इस साल भी बढ़ गई है। इसके अलावा चांदी व गोल्ड पॉलिस में मूर्तियों की भी तमाम वेरायटी बाजार में उपलब्ध है। धनतेरस पर सोना-चांदी के सिक्के तथा चांदी की मूर्तियों की हर बजट व वेरायटी में उपलब्ध है।
सारमल ज्वेलर्स में ऑफर के साथ सोना-चांदी व डायमंड आभूषणों के लिए उमड़ रही भीड़ शहर के सब्जी मार्केट स्थित सागरमल ज्वलर्स में आकर्षक आभूषणों के लिए भीड़ उमड़ रही है। इसबार विशेष ऑफर के तहत मेकिंग में छूट दी जा रही है। वहीं डायमंड ज्वेलरी के डायमंड दर पर 20 प्रतिशत की छूट दिया जा रहा है। सागरमल ज्वेलर्स के संचालक अमित अग्रवाल व चेतन सुहासरिया बताते हैं कि त्योहार के साथ-साथ लगन भी नजदीक रहने के कारण बेहतर कारोबार की उम्मीदें लगी है।
उन्होंने बताया कि सोना-चांदी का दाम बढ़ने के बाद भी बाजार में रौनक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि गोल्ड में फ्लैट 9 प्रतिशत मेकिंग चार्ज में छूट, इसमें कुंदन, एंटीक व इम्पोर्टेट ज्वेलरी शामिल नहीं है। साथ ही सिल्वर में मेकिंग पर 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। चेतन बताते हैं कि इसबार ग्राहकों को आधुनिक जेवर का रेंज आकर्षक डिजायनों में मंगाया गया है।
जिसमें टेम्पल ज्वेलरी, एंटिक ज्वेलरीराजकोट तथा कोयम्बतूर के झुमके सहित गिफ्ट के लिए चांदी का खास आयटम मंगाया गया है। उन्होंने बताया कि चीक सेट, लॉन्ग सेट, चांद बाली सेट, चोकर सेट तथा टेम्पल ज्वेलरी के अलावा सोने-चांदी के सिक्के, मुर्ती, सूप व बर्तन आदि उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के नये मानक नियम हॉल मार्किंग यूनिक आईडी में जेवर उपलब्ध है।
ग्राहकों का एडवांस बुकिंग भी किया जा रहा है। श्री सुहासरिया ने बताया कि सागरमल का सौ साल पुराना रिष्ता ग्राहकों में एक विश्वास बनाये हुए है। गौरतलब हो कि जिले का पहला ज्वेलरी शोरूम है, जहां गोल्डेन व सिल्वर का अलग-अलग काउंटर बनाया गया है। लोगों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखते हुए धनतेरस की तैयारी की गई है।
तुलसी ज्वेलर्स दे रहा मार्केट से सस्ते दर पर सोना-चांदी के आभूषण नगर के विजय बाजार चौक स्थित तुलसी ज्वलर्स के संचालक सुरेश बर्मन बताते हैं कि इसबार मार्केट से सस्ते दर पर सोना-चांदी के आभूषण ग्राहकों को दिया रहा है। संचालक श्री बर्मन बताते हैं कि इस धनतेरस पर ग्राहकों के लिए रोज गोल्ड तथा टर्की का आभूषण आकर्षण का केन्द्र बना हुआ, जिसका भरपूर रेंज उपलब्ध है।
इसके अलावा लाईट वेट और साउथ इंडियन ज्वेलरी कलेक्शन का विशेष संग्रह किया गया है। ग्राहकों को शुद्ध सोने के आभूषण देने की व्यवस्था गई है। यहां के संचालक श्री बर्मन बताते हैं कि बेहतर कारोबार के लिए ग्राहकों को काफी कम मार्जिन पर जेवर दिया जा रहा है। नवम्बर माह में लगन शुरू होने के कारण आभूषणों का समुचित रेंज रखा गया है।
इसको लेकर भीड़ से बचने के लिए ग्राहक एडवांस बुकिंग भी करने पहुंच रहे हैं। इतना ही नहीं सोना-चांदी के दाम बढ़ने के बाद भी लोगों में उत्साह कम नहीं हुआ है। इस वजह से कई ग्राहक धनतेरस के पहले सोने-चांदी के आभूषणों की बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। संचालक बताते हैं कि पुराने व नये चांदी के सिक्कों से लेकर शत प्रतिशत शुद्ध चांदी के मुर्ती, पूजा आयटम आदि उपलब्ध है।
हनी ज्वेलर्स में सोना-चांदी के आभूषणों के साथ चांदी के बर्तन व सिक्के का हर रेंज उपलब्ध शहर के विजय बाजार स्थित हनी ज्वेलर्स में सोना-चांदी के आभूषणों के साथ चांदी के बर्तन व सिक्कों का हर रेंज उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही बॉम्बे व राजकोट के प्रसिद्ध ज्वेलरी डिजाइनों में बने आभूषणों का कलेक्शन किया गया। ग्राहकों की डिमांड पर आधुनिक व आकर्षक सोने-चांदी के ज्वेलरी उपलब्ध कराया गया है। संचालक श्रवण कुमार बताते हैं कि आईजीआई प्रमाणित डायमंड ज्वेलरी पर भी छूट दिया जा रहा है।
उन्होंनेे बताया कि विश्वास के साथ रिश्तों को बनाये रखने के लिए यह हॉलमार्किंग प्रमाणित दुकान है। यहां सोने-चांदी की शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जाता है। उन्होंने बताया कि इसबार धनतेरस में पिछले साल से बेहतर कारोबार की तैयारी है। हालांकि, भाव का असर धनतेरस में रहने की वजह से कई लोग पहले ही बुकिंग करा रहे हैं। चांदी के बर्तनों से लेकर मुर्ती व सिंहासन सहित पूरी रेंज मंगाया गया है। इसके साथ ही सोने-चांदी के गिफ्ट आयटम भी लोगों के डिमांड पर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस धनतेरस पर आधुनिक कलेक्शन ग्राहकों को लुभा रही है।
नवादा विधायक ने विधायक मद से बना कई योजनाओं का किया उद्घाटन, भदौनी में हुआ भव्य स्वागत, बरसाए गए फूल
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
रविवार को नवादा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत भदौनी स्थित रजा नगर, न्यू आजाद, अली नगर एवं अयोध्या कॉलनी में विधायक मद एवं नगर परिषद मद से निष्पादित विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन नवादा विधायक विभा देवी ने फीता काटकर किया।
नली-गली, पीवीसी ढलाई, मुहल्ला सम्पर्क पथ तथा चापाकल आदि योजनाओं के लिए अनुमानित 50 लाख रूपये की योजना का क्रियान्वयन होने पर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। उद्घाटन के लिए मुख्य समारोह रजा नगर में आयोजित किया गया, जहां आम लोगों के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विधायक का भव्य स्वागत किया,
जिसमें ढोल-नगाड़े और जयकारा नारों के साथ लोग काफी उत्साहित नजर आ रहे थे, इतना ही नहीं मुहल्ले की महिलाएं अपने घरों की छतों से पुष्पवृष्टि और माल्यार्पण कर अभिनन्दन करते नजर आ रही थी। आम लोगों के उत्साह से उत्साहित होते हुए विधायक ने कहा कि विधायक मद की आवंटित समस्त विकास राशि पर केवल और केवल आम जनता का अधिकार है,
जिसे हर हाल में दिया जाना है। उन्होंने योजनाओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कहा कि मुहल्लेवासियों की सतर्कता और सावधानी से सभी विकास कार्यों को लंबे समय तक उपयोग में लाया जा सकता है। विभागीय देखभाल के साथ स्थानीय लोगों का भी दायित्व बनता है कि इन योजनाओं को बेहतर संरक्षण दें।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रिंस तमन्ना ने कहा कि नवादा के लोकप्रिय विधायक की कृपा दृष्टि इसी तरह से बनी रही तो मुहल्ले का कायाकल्प होने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि नवादा विधान सभा क्षेत्र के समस्त नागरिकों को विधायक विभा देवी के रूप में कुशल नेतृत्व और ममतामयी छांव प्राप्त हुआ है,
इसलिए हम सभी आगे भी इनके नेतृत्व की कामना करते रहेंगे। मौके पर हसन इमाम रिजवी उर्फ बॉबी, जावेद इक़बाल, शेरअली खान, इमरान सिद्दीकी, लक्की खान, सैयद महफूज आलम, प्यारे मल्लिक, अशीक खान, पप्पू ईराकी, आकिब परवेज, मो शकील ख़ान तथा इजहार कुरैशी सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
पदाधिकारियों के साथ बैठक कर डीएम ने दिया आवश्यक निर्देश, डीएम ने कहा अवैध पटाखा बेचने वालों के विरूद्ध की जायगी निरोधात्मक कार्रवाई, एसपी ने कहा असमाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा डीएम आशुतोष कुमार वर्मा ने दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 29 अक्टूबर को धनतेरस, 31 अक्टूबर को दीपावली पर्व है, जिसमें पटाखा के कारण कहीं भी अप्रिय घटना घट सकती है, इसके लिए अग्निशमन पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी हॉस्पीटल में 24 घंटे डॉक्टर की उपस्थिति अनिवार्य है, साथ ही एम्बुलेंस की व्यवस्था रखनी होगी।
अवैध पटाखा बेचने वालों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई
पटाखों की बिक्री केवल लाईसेंसधारी दुकानों द्वारा ही की जा सकती है। अवैध पटाखा बेचने वाले के विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जायेगी। पटाखा बिक्री स्थल पर अनुज्ञप्तिधारियों को कम से कम दो पोर्टेबल अग्निशाम यंत्र रखना अनिवार्य है। डीएम ने कहा कि छठ महापर्व 5 नवम्बर को नहाय खाय, 6 नवम्बर को खरना, 7 नवम्बर को संध्या अर्घ्यदान एवं 8 नवम्बर 2024 को प्रातःकालीन अर्घ्यदान है।
इस अवसर पर नदियों, तालाबों, एवं घाटों पर श्रद्धालुओं, छठव्रतियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की भारी भीड़ एकत्र होती है। आस्था के महापर्व छठ व्रत के अवसर पर डीएम के द्वारा नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी बीडीओ को सभी छठ घाटों को पूर्ण सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, चेंजिंग रूम तथा शौचालय आदि की व्यवस्था के अलावा जिलेवासियों के लिए सभी प्रकार की आधारभूत सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
विधि व्यवस्था संधारण करने के लिए हर संभव कदम उठाने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि दीपावली एवं छठ पर्व के लिए शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर लिया गया है। छठ के अवसर पर ज्यादा गड्ढे वाले तालाब पर गोताखोर तैयार रखें। कभी-कभी ज्यादा पानी रहने के कारण डूबने की स्थिति हो जाती है, इसके लिए महाजाल एवं गोताखोर अवश्य तैयार रखेंगे। उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण घाटों जहां पर भीड़-भाड़ ज्यादा रहती है, नियंत्रण के लिए पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहेंगे एवं शांति व्यवस्था बनाये रखेंगे।
उन्होंने जिलेवासियों से निवेदन किया है कि दीपावली एवं छठ महापर्व में अपने-अपने बच्चों और बृद्धजनों के पॉकेट में पूरा पता एवं फोन नंबर जरूर लिखकर डाल दें, ताकि यदि कोई बच्चा व बृद्धजन रास्ता भटक जाते हैं तो जिला प्रशासन उनके पते एवं फोन नंबर के माध्यम से उनके परिवार जनों से मिलाने का प्रयास कर सके। भीड़-भाड़ वाले जगहों पर सतर्कता बरतनी है। मनरेगा के तहत रोड की स्थिति यदि अधूरा हो तो उसे ध्यान में रखेंगे एवं
घाट पर जाने वाली रास्ता में गड्ढा है तो उसे मरम्मत कर सही कर लेंगे, ताकि छठव्रती एवं अन्य लोगों को आने-जाने में असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि पर्व को सकारात्मक दृष्टिकोण एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाना है। छठ पर्व में घाट पर जाने वाले रास्ते में साफ-सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। नहाय खाय के दिन से लेकर पारण तक घाटों की निगरानी करनी होगी।
एसपी ने कहा शरारती तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
एसपी अभिनव धीमन ने कहा कि शरारती तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। छेड़खानी की घटना अगर हो तो वहां नियंत्रण रखना है एवं सख्ती से कार्रवाई करना है। सभी पूजा समिति के साथ बैठक कर खतरनाक घाटों को चिन्हित और सुव्यस्थित करने का भी निर्देश दिया गया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भी गहरे नदी और तालाबों वाले जगहों पर ध्यान रखना होगा, खास कर मोतनाजे में लोग पानी के लिए एवं स्नान के लिए आयेंगे, जहां डूबने की स्थिति से रोकना है।
घाट वाले स्थानों पर पटाखा छोड़ना मना है। छठ के समय एनाउन्समेंट के द्वारा लोगों को सतर्कता के बारे में जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नदी की गहराई के लिए प्रतीक चिन्ह एवं बैरिकेटिंग का निर्माण अवश्य करायेंगे। सिविल पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप से पटाखों के दुकान पर छापेमारी करेंगे। उन्होंने कहा कि असमाजिक तत्वों पर पैनी नजर रहेगी। उन्होंने सभी उपस्थित शांति समिति के सदस्यों को दीपावली एवं छठ पर्व की शुभकामनाएं दी।
एसडीओ नवादा सदर एवं रजौली द्वारा सभी बीडीओ व सीओ को दीपावली एवं छठ पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने का आवश्यक निर्देश दिया गया। मौके पर अपर समाहर्ता, जिला गोपनीय प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर व रजौली, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा व रजौली, भूमि सुधार उपसमाहर्ता नवादा, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नवादा सदर, वारिसलीगंज तथा रजौली सहित सभी बीडीओ एवं सीओ मौजूद थे।