आईआईटी पटना के सहयोग से किया गया विकसित, दुनिया में है अनूठा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सराहा
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
अब बिहारवासियों को आपदा से पहले नीतीश उपकरण आगाह करेगा। आईआईटी पटना के सहयोग से विकसित किया गया यह उपकरण दुनिया में अनूठा है।
इससे खेत में काम करने काले मजदूर या बाहर निकलने वाले व्यक्ति को 30 मिनट पहले ही आपदा की सूचना मिलने लगेगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा के दौरान दी गयी।
बुधवार को मुख्यमंत्री प्राधिकरण के कार्यालय निरीक्षण करने पहुंचे थे। प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि बिहार मौसम सेवा केंद्र के सहयोग से सिर्फ वज्रपात ही नहीं बल्कि बाढ़, अत्यधिक गर्मी-लू और शीतलहर जैसी आपदाओं में भी यह पूर्व में चेतावनी देगा।
यह शरीर की ऊर्जा से चार्ज होगा। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लॉकेट (पेंडेंट) की शक्ल के इस डिवाइस का नाम नीतीश (नॉवेल एंड इंटेन्स टेक्नालॉजिकल इंटरवेंशन फॉर ह्युमन लाइब्स) रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राधिकरण और आपदा प्रबंधन विभाग आपदा निरोधी कार्यों का बेहतर ढंग से निष्पादन कर रहे हैं। जो भी नये-नये डिवाइस और तकनीक का प्रयोग हो रहा है उसके सम्बंध में लोगों को जागरूक करते रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जब हम केंद्रीय कृषि मंत्री थे, उस दौरान आपदा प्रबंधन के कार्यों की शुरुआत कराई थी। इसके पहले मुख्यमंत्री ने सरकार पटेल भवन में आधुनिक राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र का उद्घाटन किया।
कला एवं संस्कृति को देश में बढ़ावा देने के लिए स्पीक मैके द्वारा किया गया कव्वाली की प्रस्तुति, बच्चों ने खूब उठाया लुफ्त
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
मॉडर्न इंगलिश स्कूल ,नवादा के बहुउद्देशीय सभागार में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार नियाजी ब्रदर्स ऑफिशियल के द्वारा एक से बढ़कर एक कव्वालियों की प्रस्तुति दी गई। कला एवं संस्कृति को देश में बढ़ावा देने के उद्देश्य के लिए स्थापित संस्था स्पीक मेके के द्वारा देश एवं दुनिया में क्लासिकल म्यूजिक के कलाकारों द्वारा देश के अलग-अलग शिक्षण संस्थानों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
मॉडर्न इंग्लिश स्कूल, नवादा स्पिक मेके के साथ मिलकर इस तरह के तमाम कलाकारों को अपने बच्चों के बीच में लाते रहते हैं, ताकि बच्चों का शास्त्रीय संगीत के प्रति रुचि बढ़ सके। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत में सभी सदस्यों को प्राचार्य गोपाल चरण दास, वीणा वर्णवाल एवं समीर सौरभ के द्वारा पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
प्राचार्य श्री दास ने बच्चों से कहा कि कव्वाली भारतीय संगीत की एक बेहतरीन विधा है। आज पूरे भारत में स्पीक मेके द्वारा अपनी क्लासिकल म्यूजिक को नई पीढ़ी से अवगत कराने की कोशिश की जा रही है।
मॉडर्न शैक्षणिक समूह, नवादा के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह ने कहा कि स्पीक मेके द्वारा पिछले 15 वर्षों से मॉडर्न ग्रुप के सभी संस्थाओं में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन होते रहता है, ताकि बच्चों का भारतीय शास्त्रीय संगीत से जुड़ाव बना रहे।
इस तरह के कार्यक्रम होने से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। नियाजी ब्रदर्स के द्वारा जब छाप तिलक सब छीनी रे…. दमा दम मस्त कलंदर…. आदि कई कव्वालियों की प्रस्तुति दी गई, तो सारे बच्चे मंत्र मुग्ध हो गए और तालियां बजाकर झूमने लगे।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम की समाप्ति की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरीय शिक्षक सुजय कुमार, नीरज मिश्रा, अंजना दीक्षित, सुशील कुमार, मनीष कुमार, अनिल कुमार, पवन कुमार तथा संजीव कुमार आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
खेत में मिली युवती के शव को लापता बेटी समझ परिवार वालों ने किया था अंतिम संस्कार जब जिंदा बेटी को पता चला तो वीडियो वायरल कर बोली हेलो, मैं मरी नहीं, जिंदा हूं, परिवार हुआ हक्का-बक्का Report by Nawada News Xpress
https://youtu.be/DYXykkE3G6Q
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया जो सनसनी फैला दिया। परिवार वाले जिस लापता बेटी का अंतिम संस्कार किया, वो जिंदा निकली। अंतिम संस्कार की जानकारी मिलते ही लापता बेटी ने घरवालों को वीडियो वायरल कर कहा हेलो, मैं मेरी नहीं हूं, मैं जिंदा हूं, अपनी मर्जी से उनके साथ आई हूं और शादी कर ली हूं।
उसने बताया कि मेरे परिजनों ने गलती से किसी और का शव को मेरी शव समझ कर अंतिम संस्कार कर दिया है। दरअसल पूजा नाम की एक लड़की जो अपने घर से भाग गई थी, उसी से जुड़ा मामले ने एक नया मोड़ ले लिया है, जिसने वीडियो जारी कर जिंदा होने का संदेश दिया तो हड़कंप मच गया।
हालात यह हो गया है कि अब न तो परिजन को कुछ बोलते बन रहा है और ना ही पुलिस को, जिसने अज्ञात शव को मेसकौर के लक्ष्मीपुर की पूजा कुमारी का शव जानकर पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराया। अब सवाल उठ गया है कि जब पूजा कुमारी जिंदा है तो फिर वह शव किसकी थी, जिसे पूजा का शव समझकर अंतिम संस्कार कराया गया।
बता दें कि तीन दिनों पूर्व अकबरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के पास एक अज्ञात लड़की का शव बरामद हुई थी, जिसे दो दिन बाद शव की पहचान सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राम प्यारे चौहान की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में हुई थी और परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया, लेकिन इसके ठीक एक दिन बाद इस पूजा ने दिल्ली से वीडियो कॉलिंग कर हड़काम मचा दिया।
गौरतलब हो कि 27 जनवरी को जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के पास एक युवती का शव पुलिस ने बरामद किया था। शव खून से लथपथ थी, जिससे आशंका जताया जा रहा था कि उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अम्बरिस राहुल व रजौली डीएसपी पंकज कुमार भी वहां पहुंचे थे और छानबीन भी किये थे।
शव बरामद होने के बाद पहचान के लिए सुरक्षित रखा गया था, इसके दो दिन बाद 29 जनवरी को मृतका की पहचान सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी राम प्यारे चौहान की पुत्री पूजा कुमारी के रूप में की गई थी, पुलिस द्वारा शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया, जिसे परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था।
प्रेमी के साथ घर से भागकर पूजा ने दिल्ली में रचाई शादी पूजा गांव के ही एक लड़के से प्यार करती थी और दोनों ने शादी का मन बनाकर घर से भाग शादी भी कर ली है। बताया जाता है कि दिल्ली के किसी आर्य समाज मंदिर में दोनों ने शादी कर लिया और शादी का वीडियो भी जारी कर दिया। वीडियो में दोनों हंस रहे हैं इसके अलावा पूजा ने एक अन्य वीडियो वायरल कर कहा है कि मेरे परिजनों ने गलत तरीके से किसी और के शव को मेरा शव बताकर अंतिम संस्कार किया है मैं सुरक्षित और जिंदा हूं।
इधर, रजौली एसडीपीओ पंकज कुमार ने इस मामले को लेकर मीडिया को बताया कि पूजा के परिजनों ने भ्रमित किया है, केस दोबारा खुल गया है, जल्दी ही इस गुत्थी को सुलझा लिया जाएगा, इस बिंदु पर जांच की जा रही है।
मॉडर्न ग्रुप के चेयरमैन डॉ अनुज ने किया उद्घाटन, कहा खेल में भी है कैरियर
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में बिहार राज्य 9वीं सब जूनियर रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन स्व कृष्णा प्रसाद स्टेडियम में किया गया। बिहार राज्य के लगभग सभी जिलों से महिला और पुरुष खिलाड़ियों की टीम नवादा पहुंची।
नवादा रग्बी फुटबॉल संघ के विक्रम कुमार के नेतृत्व में और रग्बी फुटबॉल के सभी जिला के खेल अधिकारियों के सहयोग से इस खेल का आयोजन नवादा में बड़े धूमधाम से किया गया, जिसमें लगभग 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
इस भव्य खेल समारोह का उद्घाटन नवादा के जाने-माने शिक्षाविद और समाजसेवी मॉडर्न शैक्षणिक समूह, नवादा के अध्यक्ष डॉ अनुज सिंह ने किया। उन्होंने इस अवसर पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए हर तरह से सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि खेल में भी आप सभी अपना कैरियर बना सकते हैं। आज बिहार सरकार भी खेल में राष्ट्रीय स्तर पर पदक लाने वाले खिलाड़ियों को कई प्रकार की नौकरियां दे रही हैं। चाहे दरोगा की नौकरी हो अथवा डीएसपी या एसडीओ की नौकरी हो, सरकार ने देने की घोषणा की है, जो कि एक सराहनीय कदम है।
इससे आप सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। सभी खिलाड़ी मन से खेलें और अपने स्वास्थ्य और अनुशासन का ध्यान रखें। राष्ट्रपति पदक प्राप्त अलख देव प्रसाद ने कहा कि अनुज सिंह हमेशा नवादा जिलले के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि नवादा जिले में कोई भी खेल हो डॉ अनुज का सहयोग हमेशा रहता है। इस अवसर पर नवादा के चर्चित खिलाड़ी संतोष वर्मा, खेल शिक्षक रामविलास प्रसाद, प्रसिद्ध खिलाड़ी रिचा, कांग्रेसी नेता बेदामी देवी, संजय कुमार, विपिन कुमार तथा
दिलीप कुमार सहित कई जिले से आए हुए रग्बी फुटबॉल के सचिव व अतिथि मौजूद थे। सभी ने खिलाड़ियों को बेहतर खेल और जीवन में अच्छा करने की शुभकामनाएं दी।
पुलिस ने सौतन के अलावा चार सुपारी किलर अपराधियों को किया गिरफ्तार
मुख्यालय डीएसपी ने प्रेसवार्ता कर कहा दो लाख में सौतन ने किया था हत्या की डील
Report by Nawada News
नवादा / सूरज कुमार
नवादा पुलिस ने दस दिनों पूर्व ब्यूटी पार्लर में घुसकर ब्यूटीशियन की हत्या किए जाने के मामले का उद्भेदन करने में बड़ी सफलता हासिल की है। नगर थाना पुलिस ने सौतन के साथ चार सुपारी किलर को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को नगर थाना में मुख्यालय डीएसपी कल्याण आनंद ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। डीएसपी ने बताया कि नवादा-गया पथ पर नगर थाना क्षेत्र के पंचमुखी नगर में
बेली शरीफ, सोनरपट्टी मुहल्ला निवासी स्व गणेश प्रसाद के पुत्र राजकुमार प्रसाद उर्फ गुड्डू प्रसाद की दूसरी पत्नी डायमंड ब्यूटी पार्लर की संचालिका सुदामा नगर मुहल्ला निवासी श्वेता कुमारी की हत्या 19 जनवरी 2024 को करीब 3.30 बजे अज्ञात अपराधियों ने ब्यूटी पार्लर में घुसकर चाकू गोदकर हत्या कर दिया था। हत्या बाद मृतका के पति के लिखित आवेदन पर नगर थाना में अज्ञात अपराधियों के विरूद्ध प्राथमिकी संख्या-119/24 दर्ज किया गया था।
मामले की खुलासा को लेकर एसपी ने किया था एसआईटी का गठन
प्राथमिकी दर्ज होने के उपरान्त एसपी अम्बरीष राहुल ने मामले को गंभीरता के साथ लेते हुए एसआईटी का गठन कर कार्रवाई का आदेश दिया। गठित एसआईटी के द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान के तहत इस घटना में शामिल जिले के कादिरगंज ओपी क्षेत्र के पचोहिया ग्रामीण सुनील रविदास के पुत्र करण कुमार, इसी ओपी क्षेत्र के भनैल ग्रामीण राकेश प्रसाद के पुत्र अविनाश कुमार उर्फ अंकित, घोस्तावां ग्रामीण भोला पासवान के पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ गोलू व सत्येन्द्र पासवान के पुत्र राहुल कुमार, मृतका की सौतन राजकुमार प्रसाद उर्फ गुड्डू की पहली पत्नी रिन्की देवी को गिरफ्तार कर लिया।
सौतन की हत्या के लिए रिंकी ने बेच दी गहना
इस दौरान डीएसपी ने बताया कि मृतका की सौतन रिन्की ने दो लाख रूपये सुपारी देकर अपनी सौतन श्वेता की हत्या कराई है। उन्होंने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पता चला कि वादी राजकुमार प्रसाद की दो शादी है, पहली पत्नी रिंकी देवी बेली शरीफ, सोनारपट्टी स्थित पुश्तैनी मकान में अपनी सास के साथ रह रही है एवं दुसरी पत्नी मृतिका श्वेता कुमारी सुदामा नगर में किराये के मकान पर रहती थी। अनुसंधान एवं तकनीकी अनुसंधान से चार अभियुक्तों की संलिप्ता पायी गई।
चारों अभियुक्तों द्वारा अपने-अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध स्वीकार किया तथा स्वीकारोक्ति बयान में बताया गया कि पति राजकुमार की पहली पत्नी रिंकी देवी के द्वारा दो लाख रूपये की सुपारी देकर षड्यंत्र के तहत श्वेता की हत्या करवायी गयी। हत्या के एवज में रिंकी देवी के द्वारा एक लाख 70 हजार रूपये भुगतान किया गया था। डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त रिंकी देवी के द्वारा भी अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में अपना अपराध स्वीकार किया गया है,
जिसमें बताया गया कि वादी राजकुमार की दुसरी पत्नी श्वेता कुमारी की वजह से पहली पत्नी रिंकी देवी से अच्छा व्यवहार नहीं करते थे और बच्चों का देखरेख सही ढंग से नहीं करते थे। इसी बीच रिंकी की मुलाकात करण कुमार से हुई और बातचीत के क्रम में अपनी बात बताये तथा मोबाइल नंबर भी दिया, फिर मोबाइल पर ही बातचीत हुई और रिंकी के द्वारा श्वेता कुमारी को जान से मारने के लिए कहा गया, जिसके बदले करण कुमार एवं उनके अन्य साथियों के द्वारा दो लाख का मांग किया गया, तब रिंकी ने अपना गहना बेचकर एक लाख 70 हजार रूपये दी और बाकी रूपये बाद में देने के लिए बोली।
पहली पत्नी के रहते दूसरी पत्नी बनाना राजकुमार को पड़ गया महंगा
बता दें की राजकुमार की शादी रिंकी के साथ स्वजातीय में हिन्दू रीतिरिवाज के साथ हुआ था, लेकिन दूसरी तरफ फल गली मुहल्ला निवासी मृतक श्वेता के साथ भी अंतरजातीय विवाह कर लिया। यहीं से अभियुक्त बनी रिंकी और पति के साथ मनमुटाव शुरू हो गया। दो-दो पत्नी के चक्कर में राजकुमार ने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन ऐसा भी आएगा,
जिसमें एक पत्नी स्वर्ग सिधार जाएगी और एक पत्नी सालाखों के पीछे चली जाएगी, हालांकि दोनों के बीच विवाद नहीं हो इसके लिए पति राजकुमार ने भरपूर ध्यान दिया, तभी तो मृतक श्वेता को शहर से बाहर किराये के मकान में रखने लगा, परंतु रिंकी के दिमाग से सौतन का भूत नहीं गया और अंत में क्राइम के दलदल में फंसकर जेल चली गई। प्रेसवार्ता के दौरान नगर थानाध्यक्ष अरूण कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यकर्तओं ने कहा कि अगर अरुणा देवी मंत्री बनेगी तब वारिसलीगंज में पुनः चीनी मिल की स्थापना, अनुमंडल बनाने व अपर सकरी जलाशय योजना को मिलेगा बल, होगा नवादा का विकास
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
बिहार में सत्ता शासन परिवर्तन के साथ नवगठित मंत्रिमंडल में नवादा जिले की एक मात्र वारिसलीगंज के भाजपा विधायक अरुणा देवी को मंत्री मंडल में स्थान देने की पुरजोर मांग उठने लगी है।
रविवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महागठबंधन से नाता तोड़ एनडीए के साथ नई सरकार का गठन कर नौंवी बार मुख्यमंत्री बने हैं। नए मंत्री मंडल के कुछ मंत्रियों को शपथ भी दिलाई गई।
ऐसे में वारिसलीगंज विधान सभा क्षेत्र से एवं नवादा जिले की एक मात्र भाजपा विधायक अरुणा देवी को मंत्री बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। इस बाबत पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं में
शैलेन्द्र शर्मा, मुखिया राजकुमार सिंह, संजय कुमार मंगल, केदार प्रसाद, विहिप व बजरंग दल के कई कार्यकर्ता, सुमन कुमार, चंद्रमौलि शर्मा, राम सकल सिंह तथा श्रीकांत बमबम सहित वारिसलीगंज विधान सभा क्षेत्र के अलावा जिले के सैंकड़ो कार्यकर्ताओं ने
जिला भाजपा से लेकर राज्य व केंद्र के एनडीए गठबंधन की सरकार से चौथी बार विधान सभा पहुंची भाजपा विधायक अरुणा देवी को मंत्री पद देने की मांग किया है। कार्यकर्तओं ने कहा कि अगर अरुणा देवी मंत्री बनेगी तब वारिसलीगंज में पुनः चीनी मिल की स्थापना को बल मिल सकेगा
साथ ही वारिसलीगंज को अनुमंडल बनाने और अपर सकरी जलाशय योजना का कार्य जल्द हो सकेगा। लोगों ने कहा कि वारिसलीगंज क्षेत्र के विधायक को पिछले दो दशक से अधिक समय से मंत्री मंडल में स्थान नहीं दिया गया है,
इसलिए अरुणा देवी को मंत्री बनाने की मांग पर सरकार शीघ्र विचार करें। क्षेत्र के किसानों, नौजवानों एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक को मंत्री पद देने की मांग पार्टी के शीर्ष नेताओं से की है।
प्रजातंत्र चौक पर मनाया जश्न, आातिशबाजी कर बांटी मिठाई Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में रविवार को प्रजातंत्र चौक पर बिहार में सरकार परिवर्तन एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी तथा विजय सिन्हा को उप मुख्यमंत्री बनने की ख़ुशी में भाजपा ज़िलाध्यक्ष अनिल मेहता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं जनता के बीच मिठाई बांटकर बधाई दिया गया।
कार्यकर्ताओं द्वारा ख़ुशी में पटाके भी जलाए गए। ज़िलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि आज जो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकार परिवर्तन का फ़ैसला किया है, यह जनता के हित में है, बिहार में तेजस्वी यादव के राज में जंगल राज स्थापित हो रहा था।
उन्होंने कहा कि अब बिहार में तेज रफ़्तार में विकास का कार्य डबल इंजन की सरकार में होगा। वहीं निवर्तमान ज़िलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में हम बिहार में 40 की 40 सीट जीतने का काम करेंगे
और पुनः एक बार भरता के प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के हांथो को मज़बूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा की नीतीश कुमार द्वारा यह बिहार के उत्थान में लिए गए फ़ैसले का हम सभी भाजपा कार्यकर्ता स्वागत करते हैं।
मौक़े पर ज़िला महामंत्री विजय पांडेय, ज़िला उपाध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, जितेंद्र पासवान, युवा मोर्चा के ज़िलाध्यक्ष अभिजीत कुमार सिन्हा, मनोज पचड़ा, तेजस सिन्हा, जितेंद्र बब्लू, सूर्यनारायण गुप्ता, रौशन कुमार आर्य, महावीर चन्द्रवंशी, मनोज गुप्ता, मुकेश कुमार, अजय वर्मा तथा हर्षिकेश महतो सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
देशभक्ति गीतों के साथ रामभक्ति व गीत-संगीत से सराबोर हुए लोग, शहीद चंदन को भी किया गया याद
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में माॅडर्न शैक्षणिक समूह के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों- माॅडर्न इग्लिश स्कूल कुंती नगर, माॅडर्न इंग्लिश स्कूल न्यू एरिया, सीनियर विंग एवं जूनियर विंग, न्यू माॅडर्न इंटरनेशनल स्कूल, हिसुआ, एवं माॅडर्न इंटरनेशनल स्कूल, नारदीगंज आदि में गणतंत्र दिवस समारोह शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि माॅडर्न शैक्षणिक समूह नवादा के चेयरमैन, शिक्षाविद एवं समाजसेवी डाॅ अनुज सिंह के द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं शहीद चंदन सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात उन्होंने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली।
विद्यालय के प्राचार्य एवं सभी उप प्राचार्यों ने मुख्य अतिथि के रुप में विद्यालय आए डाॅ अनुज सिंह को पुष्प गुच्छ देकर जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्य अतिथि के साथ ही अन्य लोगों के द्वारा विशिष्ट अतिथि शहीद चंदन के पिता एवं भाई को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
अलग-अलग शाखाओं के विद्यार्थियों के द्वारा शानदार झांकियां निकाली गईं। जिनमें अयोध्या राम मंदिर, बिरसा मुंडा-तिलका मांझी-सिद्धो कान्हो की झांकी, दांडी मार्च, राम दरबार, आजादी का अमृत महोत्सव, राम सेतु, मकरध्वज एवं श्रवण कुमार को दर्शाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि डाॅ अनुज सिंह, विशिष्ट अतिथि शहीद चंदन के पिता मौलेश्वर सिंह, विद्यालय के प्राचार्य गोपाल चरण दास एवं सभी शाखाओं के उप प्राचार्यों सुजय कुमार, मिथिलेश विजय, वीणा वर्णवाल, मिखाईल चौधरी तथा सुखदेव कुमार आदि के द्वारा संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
जिसके बाद विद्यालय के बच्चों ने एक से बढ़कर एक नृत्य, संगीत, गायन एवं वादन प्रस्तुत करलोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को देखने पहुंचे हजारों की संख्यां में उपस्थित अभिभावक एवं अतिथि मंत्रमुग्ध हो गए।
इस दौरान मंच संचालन भी विद्यालय के छात्रों के द्वारा ही किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हाल ही में जम्मू के पुंछ इलाके में आतंकी हमले में शहीद हुए नवादा के लाला शहीद चंदन की शहादत एवं अंतिम यात्रा के उपर आधारित नाटक का मंचन रहा।
बच्चों की जीवंत प्रस्तुति देख उपस्थित सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम का समापन प्राचार्य गोपाल चरण दास ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया। इस अवसर पर सभी विद्यालय के शिक्षक, हजारों विद्यार्थी, अभिभावक एवं अन्य आगंतुक मौजूद थे।
सोमवार को लेंगे प्रभार, नवादा जिले के रजौली अनुमंडल में रह चुके हैं एसडीओ
Report by Nawada News क्सप्रेस
नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले में गणतंत्र दिवस पर बड़ा फेरबदल किया गया है, जिसमें जिले के उग्रवाद प्रभावित रजौली अनुमंडल के अनुमंडल पदाधिकारी रह चुके चंद्रशेखर आजाद को नवादा एडीएम के पद पर पदस्थापित किया गया है।
श्री आजाद सोमवार को नवादा पहुंचकर पद भार ग्रहण करेंगे। चंद्रशेखर आजाद को रजौली अनुमंडल पदाधिकारी के पद से स्थानांतरित कर पटना जिले के पालीगंज में अनुमंडलीय लोक निवारण पदाधिकारी बनाया गया था।
उनकी प्रोन्नति अपर समाहर्ता के रूप में की गई थी। राज्य सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग ने शुक्रवार को जारी अपने आदेश में चंद्रशेखर आजाद को नवादा का एडीएम नियुक्त किया है। नव पदस्थापित एडीएम चंद्रशेखर आजाद ने मीडिया को बताया कि सोमवार को पदभार ग्रहण करेंगे।
चंद्रशेखर आजाद रजौली के अनुमंडल पदाधिकारी रहते हुए वन संपदा की रक्षा, अवैध कोयले के कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, शराब माफियाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ ही बाल विकास के क्षेत्र में अप्रतिम योगदान दिया था,
जिसके लिए उन्हें बाल विकास निगम के प्रबंध निदेशक भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी वंदना प्रियसी ने प्रशस्ति पत्र तथा शाॅल देकर सम्मानित किया था। चंद्रशेखर आजाद के नवादा का एडीएम बनाए जाने पर नवादा के लोगों ने खुशी का इजहार करते हुए एक बेहतर अधिकारी के रूप में काम करने वाले श्री आजाद का स्वागत किया है।
श्री आजाद ने रजौली के लोमष ऋषि पहाड़ी के साथ सप्त ऋषियों की तपोभूमि में खनन पर रोक लगाने के लिए भी सरकार से अनुरोध किया था, जिसके आधार पर पटना उच्च न्यायालय ने उत्खनन पर रोक लगा दी थी।
चंद्रशेखर की अनुशंसा पर उच्च न्यायालय ने इन इलाकों को ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का राज्य सरकार को निर्देश दिया है। फिलवक्त श्री आजाद के नवादा एडीएम बनाये जाने से जिले की विकास को एक नई उड़ान मिलेगा।
रेलवे में बहाली को लेकर नवादा में रेलवे अभ्यार्थी हुए उग्र, सदर एसडीओ ने समझा बुझाकर कराया शांत
Report by Nawada News Xpress
नवादा / सूरज कुमार
नवादा में रेलवे अभ्यर्थियों ने रेल मंत्रालय से नाखुश होकर शुक्रवार की सुबह उग्र हो आंदोलन शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में रहे अभ्यार्थियों ने एकत्रित होकर नवादा रेलवे स्टेशन पर जाकर अपनी मांगों के समर्थन को लेकर प्रदर्शन करना चाह रहे थे, तभी सूचना के बाद नवादा पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर अभ्यार्थियों को समझा -बुझाकर शांत कराया। उसके बाद अभ्यार्थियों ने सीधा प्रजातंत्र चौक पर आकर अपनी मांगों को रखा।
रेलवे में वैकेंसी नहीं निकालने का लगाया आरोप
रेलवे के अभ्यार्थियों ने आरोप लगाया कि रेलवे में लगभग 6 वर्षों से कोई बहाली नहीं किया जा रहा है। वर्ष 2019 से रेलवे में बहाली को लेकर महज खानापूर्ति किया जा रहा है। लाखों अभ्यार्थी इस इंतजार में है कि बड़े पैमाने पर वैकेंसी निकलेगी, लेकिन रेलवे द्वारा मात्र 50596 सीटों की ही बहाली का वैकेंसी निकाली गयी है, जो ऊंट के मुंह में जीरा के फोरन की तरह है।
प्रजातंत्र चौक पर किया धरना-प्रदर्शन
जिला प्रशासन के समझाने के बाद सभी आंदोलनकारी अभ्यार्थी शहर का पैदल मार्च करते हुए नवादा समाहरणालय के समीप प्रजातंत्र चौक पर धरने पर बैठ गए और अपनी मांगों को लेकर नारा लगाते हुए अपनी-अपनी बातों को शांतिपूर्ण तरीके से रखा।
अभ्यार्थी दीपक कुमार ने कहा कि अविलंब बहाली नहीं निकाली जाती है, तो हमलोग पुरे बिहार में उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य हो जाएंगे। मौके पर नवादा सदर एसडीओ अखिलेश कुमार, डीएसपी अजय प्रसाद तथा नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित कई अधिकारी पहुंचे,
जहां अभ्यार्थियों को समझा-बुझाकर धरना को शांत कराने में जुटे रहे। इस दौरान अभ्यार्थियों ने अपनी मांगों का लिखित पत्र वहां मौजूद पदाधिकारियों को सौंपा। बता दें कि प्रदर्शनकारियों को नवादा स्टेशन पहुंचने से पूर्व इंदिरा चौक से ही वापस करा लिया गया, जिससे रेलवे को कोई क्षति नहीं हुई।