बंगाल से पटना जा रहा परिवार रास्ते में हादसे का शिकार, रजौली में हुई दुर्घटना, तीन साल के मासूम की मौत

एनएच-20 पर स्वास्तिक होटल के समीप खड़े टैंकर में पीछे से घुसी कार, भीषण टक्कर में पांच लोग घायल; चार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किया गया रेफर
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार की अहले सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। रजौली थाना क्षेत्र के स्वास्तिक होटल के समीप पश्चिम बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तीन साल के मासूम अयांश शर्मा की मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मासूम की मौत, पांच लोग जख्मी
मृतक बच्चे की पहचान रामप्रवेश पांडेय के तीन वर्षीय पुत्र अयांश शर्मा के रूप में हुई है। वहीं घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी, अनिता कुमारी, प्रीति शर्मा और अंजली शर्मा शामिल हैं।

सभी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में प्रीति शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं अन्य घायलों को भी गंभीर चोटें आई हैं।

टक्कर के बाद कार के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े टैंकर में कार पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

कार में सवार लोग अंदर फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए घायलों को कार से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचे घायल, मासूम को मृत घोषित किया
सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल रजौली लाया गया।

वहां चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने जांच के बाद तीन वर्षीय अयांश को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एक घायल का इलाज रजौली में जारी रहा।

पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर एसआई जयप्रकाश चौधरी और एसआई सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की स्थिति की जानकारी ली।

इस संबंध में थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की है। मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


