27 कट्ठा जमीन के लिए खूनी संघर्ष! लाठी-डंडों से हमला, एक युवक की मौत, पांच घायल

रोह के भांडजोर और गोड़ीहरी गांव के बीच पांच साल पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, 20-25 लोगों पर खेत में काम कर रहे परिवार पर हमले का आरोप; एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दो संदिग्ध हिरासत में
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र में 27 कट्ठा जमीन को लेकर पांच साल से चल रहा विवाद आखिरकार खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। भांडजोर और गोड़ीहरी गांव के बीच जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई।

आरोप है कि खेत में काम कर रहे एक परिवार पर 20 से 25 लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से की गई पिटाई में छह लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इनमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पांच घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान गोड़ीहरी गांव निवासी बूंदी यादव के करीब 36 वर्षीय पुत्र कमलेश यादव के रूप में हुई है। बताया जाता है कि खेत में काम करने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया।

इस दौरान हुई हिंसक मारपीट में कमलेश समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कमलेश यादव ने दम तोड़ दिया।

पांच साल से चल रहा था विवाद, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मृतक के भाई अखिलेश यादव ने बताया कि 27 कट्ठा जमीन को लेकर वर्ष 2021 से ही विवाद चल रहा था। इस मामले में वर्ष 2025 में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि शिकायत और मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की।

इतना ही नहीं, घटना से महज आठ दिन पहले भी हत्या की धमकी मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, दो संदिग्ध हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए नवादा एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए। सदर एसडीपीओ-वन हुलास कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अंचल स्तर पर भी गड़बड़ी के आरोप
घायलों ने जमीन विवाद के मामले में अंचल स्तर पर भी गड़बड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

इस घटना ने जमीन विवाद के पुराने मामलों के निपटारे और पुलिस की पूर्व कार्रवाई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

