जीविका दीदियों के उत्पादों को मिलेगा बाजार, बढ़ेगी आमदनी

डीडीसी ने उत्पादों की जानकारी जुटाने, स्थानीय मार्ट-हाट बाजार उपलब्ध कराने और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का दिया निर्देश
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। सोमवार को उप विकास आयुक्त शंभु शरण पांडेय की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में जीविका परियोजना के तहत संचालित गतिविधियों एवं प्रगति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीविका के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने नवादा जिले में जीविका द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की विषयवार समीक्षा की। उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की विस्तृत जानकारी संकलित कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

डीडीसी ने कहा कि जीविका दीदियों द्वारा किए जा रहे नवाचार आधारित कार्यों को प्रोत्साहित करने से अन्य महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा और वे व्यक्तिगत उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। इसके लिए उत्पादों और उनसे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी व्यवस्थित रूप से तैयार करने पर जोर दिया गया।

उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा उत्पादित विभिन्न सामग्रियों की बिक्री बढ़ाने और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ दिलाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर मार्ट एवं हाट बाजार की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इससे महिला समूहों के उत्पादों को बाजार मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

उप विकास आयुक्त ने विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जीविका दीदियों को अधिक से अधिक सरकारी योजनाओं से आच्छादित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी समन्वय और निरंतर निगरानी जरूरी है।

बैठक में जीविका की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

