होटल के अंदर छिपा था बीयर का ‘खजाना’! पुलिस ने मारा छापा, 224 लीटर से ज्यादा शराब बरामद

हिसुआ में राजगीर रोड स्थित ‘घर के रसोई होटल’ में छापेमारी से मची अफरातफरी, होटल संचालक समेत तीन गिरफ्तार, खाली देशी शराब की बोतलें भी हुई बरामद
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। हिसुआ थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजगीर रोड स्थित एक होटल से 224.680 लीटर बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से होटल संचालक पिंटू साहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बताया जाता है कि हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार को सूचना मिली थी कि राजगीर रोड के आसपास स्थित एक होटल में अवैध तरीके से बीयर का भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष ने तत्काल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम गठित की।

पुलिस टीम में एसआई परदेसी कुमार के साथ संजीव राय, उमेश राय और अभिमन्यु शामिल थे। टीम ने सूचना के आधार पर कहरिया गांव के समीप स्थित ‘घर के रसोई होटल’ में अचानक छापेमारी की। पुलिस के अचानक पहुंचते ही होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने होटल के विभिन्न हिस्सों की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में बीयर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, कुल 224.680 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा मौके से कुछ खाली देशी शराब की बोतलें भी मिली हैं।

पुलिस ने बरामद बीयर को जब्त करते हुए होटल संचालक पिंटू साहू समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस शराब के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। होटल में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


