अंबेडकर छात्रावास में डॉ. अनुज सिंह का जनसंवाद, स्नातक मतदाताओं से साधा सीधा संपर्क

शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य पर हुई चर्चा, छात्रों ने अपनी समस्याएं रखीं और सहयोग का दिया आश्वासन
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज समर्थित प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह ने बुधवार को नवादा नगर के खुरी नदी के समीप स्थित अंबेडकर छात्रावास पहुंचकर स्नातक मतदाताओं एवं विद्यार्थियों से सीधा जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की शिक्षा, रोजगार, भविष्य और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को सामने रखा।

जनसंवाद के दौरान डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों और स्नातकों की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए शिक्षित वर्ग को संगठित होकर अपनी आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने शिक्षा को व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और अधिकारों की समझ का महत्वपूर्ण आधार बताया।

डॉ. अनुज सिंह ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए शिक्षा और संगठन को सामाजिक विकास का माध्यम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के प्रतिनिधि की भूमिका केवल चुनाव के समय तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। स्नातकों, युवाओं और विद्यार्थियों से लगातार संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना तथा उन्हें संबंधित मंचों तक पहुंचाना भी प्रतिनिधित्व का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने की बात कही।

इस दौरान छात्रावास में मौजूद विद्यार्थियों एवं स्नातक मतदाताओं ने भी डॉ. अनुज सिंह के समक्ष अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं रखीं। शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। संवाद के दौरान मौजूद छात्रों ने अपने स्तर से सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में आजाद पासवान, जोगी राजवंशी, सुधीर पासवान, पिंटू पासवान, दिनेश पासवान, नारायण जी और चंदू सहित बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता एवं छात्र मौजूद रहे।
डॉ. अनुज सिंह ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों को व्यापक मंच मिल सकता है। उन्होंने संवाद, जागरूकता और संगठन के माध्यम से आगे बढ़ने की बात कही।
गौरतलब है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर डॉ. अनुज सिंह नवादा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्नातक मतदाताओं, युवाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानने पर जोर दिया जा रहा है।

