पर्व-त्योहारों से पहले नवादा पुलिस अलर्ट, अश्रु गैस और वाटर कैनन का हुआ मॉक ड्रिल

भीड़ बेकाबू हुई तो तुरंत पुलिस संभालेगी कमान, संवेदनशील इलाकों पर रहेगी पैनी नजर, अफवाह फैलाने वालों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार
नवादा। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवादा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। किसी भी अप्रिय या विशेष परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए रविवार को पुलिस केंद्र, नवादा में अश्रु गैस एवं वाटर कैनन का मॉक ड्रिल कराया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को आपात स्थिति में भीड़ नियंत्रण, अश्रु गैस के इस्तेमाल तथा वाटर कैनन के संचालन का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य पर्व-त्योहारों के दौरान यदि कहीं भीड़ की स्थिति बिगड़ती है या कानून-व्यवस्था के समक्ष चुनौती उत्पन्न होती है, तो पुलिस बल द्वारा त्वरित, नियंत्रित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

पर्व-त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ असामाजिक तत्वों और उपद्रवी गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जाएगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

मॉक ड्रिल के जरिए पुलिसकर्मियों को यह भी अभ्यास कराया गया कि किसी आकस्मिक स्थिति में भीड़ को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था को किस तरह सामान्य बनाए रखा जाए। पुलिस की इस तैयारी से स्पष्ट है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न करने वालों से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

नवादा पुलिस ने आम लोगों से पर्व-त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग करने अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

