प्रणय भारती हत्याकांड पर गरजे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, SP से फोन पर लिया पूरा अपडेट

“अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो, कानून से ऊपर कोई नहीं” — त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई का दिया निर्देश

Report by Nawada News Xpress/ नवादा / सूरज कुमार

नवादा। हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचू गढ़पर 22 वर्षीय प्रणय भारती चंद्रवंशी की गोली मारकर हत्या के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गंभीरता दिखाते हुए नवादा एसपी अभिनव धीमान से दूरभाष पर बात की और पूरे हत्याकांड की जानकारी ली।

डॉ. प्रेम कुमार ने एसपी को हत्याकांड में शामिल अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर एवं कानून सम्मत कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नवादा में कानून-व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले में तेजी से कार्रवाई करे और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने की दिशा में काम करे।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।

इधर, विधानसभा अध्यक्ष के सीधे हस्तक्षेप के बाद अब प्रणय भारती हत्याकांड में पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजरें टिक गई हैं। आखिर गोली मारकर युवक की हत्या के पीछे कौन थे और पुलिस कब तक हत्यारों तक पहुंचती है—यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

डॉ. प्रेम कुमार ने मृतक प्रणय भारती चंद्रवंशी की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति ईश्वर परिजनों को प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page